शनि के उपाय: 8 जनवरी 2022 को बनने वाले विशेष योग पर करें ये उपाय

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शनि देव को न्याय का देवता कहा जाता है, इसलिए लोग उनके क्रोध से डरते हैं। ऐसा नहीं है कि शनि देव हमेशा दंड ही देते हैं, यदि शनि आपके पक्ष में हैं तो वह आपको लाभ भी पहुंचाते हैं। मगर शनि दोष या शनि की टेढ़ी दृष्टि यदि किसी पर पड़ जाए तो उसका कठिन समय शुरू हो जाता है। हालांकि, इससे बचा नहीं जा सकता है क्योंकि ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक शनि की महादशा और शनि की ढैया तो हर राशि पर समय-समय पर लगती है। मगर आपके अच्छे या बुरे कर्मों के अनुसार ही आपको फल प्राप्त होता है।
इस स्थिति में आप शनि के उपाय करके अपने कठिन वक्त को थोड़ा सरल बना सकते हैं। शनि के उपाय करने के कई विशेष दिन होते हैं, मगर इस वर्ष 8 जनवरी को एक विशेष योग बन रहा है। इस विषय पर हमारी बात छिंदवाड़ा के ज्योतिषाचार्य एवं पंडित सौरभ त्रिपाठी से हुई। सौरभ जी कहते हैं, 'पंचांग के अनुसार 8 जनवरी को शनिवार है और पौष मास में शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि है। अंक ज्योतिष की दृष्टि से 8 को शनि का अंक माना जाता है। यह एक विशेष योग है। इस दिन शनि के उपाय किए जा सकते हैं। खासतौर पर जिन राशियों पर इस समय शनि की महादशा चल रही है या जिन्हें शनि के प्रकोप का सामना करना पड़ रहा है, वह जातक शनि के उपाय कर उन्हें प्रसन्न कर सकते हैं।'
पंडित जी कुछ विशेष उपायों के बारे में भी बताते हैं, जिन्हें आप आजमा सकते हैं-
इसे जरूर पढ़ें: Astro Tips: क्या होती है शनि की ढैय्या? किन राशियों पर है इसका सबसे अधिक प्रभाव

शनि के उपाय
- शनि देव को कठोर परिश्रम, अनुशासन और शांत स्वभाव पसंद है। ऐसे में आप यदि शनि की महादशा से गुजर रहे हैं, तो शांत रहें और इस विशेष योग पर किसी से विवाद न करें।
- आपको इस विशेष योग पर आर्थिक मामलों में किसी भी तरह का बड़ा फैसला नहीं लेना है। यदि आप ऐसा करते हैं तो हानि वहन करने के लिए तैयार रहें।
- आपको इस विशेष योग पर किसी काली वस्तु का दान करना चाहिए। यह काली वस्तु वस्त्र, तिल, छाता, चप्पल, गृहस्थी का कोई दूसरा जरूरी सामान कुछ भी हो सकती है।
- इस विशेष योग पर काले कुत्ते को रोटी खिलाएं। वैसे आप किसी भी जानवर को इस दिन रोटी खिला सकते हैं, जरूरी नहीं है कि उसका रंग काला हो।
इसे जरूर पढ़ें: शनि देव को करना है प्रसन्न तो करें शमी के पौधे की पूजा, जानें पूजा के सही नियम
- इस दिन और हर शनिवार के दिन आपको लोहा, तेल, काले कपड़े, चप्पल और छाता खरीदने से बचना चाहिए। मगर आप इन चीजों का दान कर सकते हैं।
- किसी बड़े का अपमान करना भी आपको शनि के प्रकोप का भागी बना सकता है। इस विशेष योग पर तो आपको इस बात का ध्यान रखना ही है और साथ ही जीवन भर इस बात को गांठ बांध लें कि किसी भी सूरत में आपको किसी बड़े का अपमान नहीं करना है और न ही किसी का दिल दुखाना है।
- मांसाहारी हैं तो कोशिश करें कि शनिवार के दिन और इस विशेष योग पर मांस का सेवन न करें। इससे शनिदेव नाराज हो सकते हैं।
- आप इस दिन बाल को कटवाने से बचें, साथ ही अपने पहने हुए पुराने कपड़ों का दान करें। साथ ही आपको हर शनिवार को शनिदेव को लाल रंग का फूल अर्पित करना चाहिए। आप इस दिन शनि चालीसा या शनि कथा का पाठ कर सकते हैं।
- अपने घर पर काम करने वालों या फिर कार्यस्थल पर काम करने वालों को भी आप शनिवार के दिन भोजन करा सकते हैं, उनके उपयोग की कोई वस्तु दान कर सकते हैं।
उम्मीद है कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस आर्टिकल को शेयर और लाइक करें, साथ ही ऐसे और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik, Shutterstock
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।