घर में सकारात्मक ऊर्जा का होगा प्रवेश, अपनाएं 'नमक के टोटके'

नमक का सेवन हर घर में किया जाता है। नमक के बिना जिस तरह खाना फीका लगता है, ठीक उसी तरह से नमक के बिना आपके जीवन में भी सूनापन रहता है। आपको बता दें कि नमक का प्रयोग केवल खाने में ही नहीं बल्कि दवाओं से लेकर सौंदर्य प्रसाधन की वस्तुओं में भी किया जाता है।
नमक के धार्मिक महत्व भी हैं। खासतौर पर वास्तु शास्त्र में नमक को बहुत ही महत्वपूर्ण माना गया है। नमक के कुछ ऐसे प्रयोग भी बताए गए हैं, जो आपके जीवन को खूबसूरत बनाने और परेशानियों को दूर भगाने के लिए बहुत ही मददगार साबित हो सकते हैं। यह उपाय हमें ज्योतिषाचार्य एवं पंडित विनोद सोनी ने बताए हैं।
इसे जरूर पढ़ें: राहु-केतु का राशि परिवर्तन, पंडित जी से जानें आप पर क्या होगा इसका प्रभाव
विरोधियों से बचाता है नमक
कार्यस्थल पर कई बार कुछ सहकर्मी हमारे विरोधी हो जाते हैं। ऐसे में न चाहते हुए भी कार्यस्थल में हमारे काम में बाधाएं आती हैं और हम जो काम अच्छे से संपन्न करना चाहते हैं, वह नहीं कर पाते हैं। जाहिर है, अगर आपके मन को ईर्ष्या और द्वेष की भावना नहीं है, तो आप अपने व्यवहार से ही अपने विरोधियों को परास्त कर सकते हैं। मगर इतना करने से भी यदि आप अपने विरोधियों को अपना मित्र नहीं बना पा रहे हैं, तो आपको अपने पास एक डिब्बी में थोड़ा सा नमक डाल कर रखना चाहिए। ऐसा करने से विरोधियों द्वारा आपके लिए फैलाई जा रही नकारात्मकता नष्ट हो जाती है।
आर्थिक स्थितियों को मजबूत बनाता है नमक
अगर आप बहुत समय से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं और हर उपाय अपनाने के बावजूद आपको कोई लाभ नहीं मिल रहा है तो आपको अपने घर की उत्तर-पूर्व दिशा में पानी में नमक घोल कर रख देना चाहिए। हर दिन आपको यह पानी बदलना चाहिए। ऐसा करने से आपको अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार महसूस होने लग जाएगा।
लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए नमक का उपाय
देवी लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए आप एक लाल कपड़े में सफेद नमक के कुछ टुकड़े रख कर, उसे तिजोरी के अंदर रख दें। नमक केवल पानी में ही नहीं बल्कि हवा में भी घुल जाता है। ऐसे में जब भी आपको महसूस हो कि लाल कपड़े में रखा नमक खत्म होने लग गया है, तो आप उसमें और नमक डाल लें।
इसे जरूर पढ़ें: एक गुलाब का फूल बदल सकता है आपका जीवन, जानिए कैसे
नमक से करें राहु-केतु का उपाय
राहु-केतु ऐसे ग्रह होते हैं, जो किसी भी दूसरे ग्रह के साथ बैठ कर आपके जीवन में मुसीबतों (मुसीबतों से छुटकारा दिलाएंगे गंगाजल के उपाय) का अंबार लगा सकते हैं। ऐसे में नमक के प्रयोग से आप उन्हें शांत कर सकते हैं। उपाय के तौर पर आप अपने बाथरूम की खिड़की पर एक कटोरी नमक भर कर रख दें। हर 15 से 20 दिन में पुराने नमक को बहते जल में प्रवाहित कर दें और नया नमक कटोरी में भर दें।
पारिवारिक झगड़े को कम करने के उपाय
नमक नकारात्मक ऊर्जा को नष्ट करने का बहुत ही अच्छा उपाय है। वास्तु शास्त्र में घर में नमक का नियमित पोछा लगाने की सलाह दी गई है। ऐसा करने से आप बीमारियों से दूर रहते हैं, घर भी साफ रहता है और नकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश नहीं करती है। इसके अलावा यदि आपके परिवार के लोगों के मध्य मतभेद हैं तो आपको नियमित अपने घर के नॉर्थ ईस्ट डायरेक्शन में नमक के पानी का छिड़काव करना चाहिए। आपको बता दें कि वास्तु में इस दिशा को रिश्तों को मधुर बनाने के लिए बहुत ही शुभ माना गया है।
नमक से दूर करें नजर दोष
धार्मिक शास्त्रों में नजर दोष का जिक्र आपको कई स्थानों पर मिल जाएगा। नजर दोष दूर करने के कई सारे उपाय भी बताए गए हैं। ऐसे में आप नमक के प्रयोग से भी नजर दोष को दूर कर सकते हैं। इसके लिए आपको एक मुट्ठी नमक से 7 बार नजर उतारनी है और फिर उस नमक को बहते जल में प्रवाहित कर देना है।
उम्मीद है कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें, इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।