36 साल की प्रियंका दुनिया की सबसे चर्चित एक्टर्स में से एक हैं। सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, हॉलीवुड में भी वह अपनी बेमिसाल एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं। प्रियंका की कामयाबी की सबसे बड़ी वजह यह है कि उन्होंने अपने किरदार हमेशा ही बहुत सोच-समझकर चुने हैं।
उनके किरदार इतने दमदार थे कि उनकी फिल्मों के मेल एक्टर्स के किरदार भी उसके आगे फीके से नजर आए। आज प्रियंका के बर्थडे के मौके पर आइए उनकी कुछ यादगार फिल्मों के बारे में बात करते हैं-
'ऐतराज' फिल्म में उनके सोनिया के रोल की बात करें, तो उन्होंने यह नेगेटिव किरदार इतना प्रभावशाली था कि दर्शक फिल्म देखने के बाद उनके अलावा और कुछ महसूस ही नहीं कर पाए, अक्षय कुमार और करीना कपूर जैसे कलाकारों ने भी इस फिल्म में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन प्रियंका के आगे उनकी एक्टिंग फीकी पड़ गई। इस किरदार का आकर्षण और महत्वाकांक्षा इसे बहुत हद तक रियलिस्टिक बना देती है। यह किरदार इतना महत्वाकांक्षी है कि वह अपनी चाह पूरी करने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। अब्बास मस्तान की यह फिल्म 14 साल पहले रिलीज हुई थी, लेकिन आज भी प्रियंका का किरदार अपने आकर्षण की वजह से चर्चा का विषय बना हुआ है।
बाजीराव मस्तानी एक मल्टी स्टारर फिल्म थी और इसमें लीड रोल में दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह थे। इस फिल्म में सपोर्टिंग रोल में होने के बावजूद प्रियंका चोपड़ा ने अपनी करिश्माई मौजूदगी से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्हें बाजीराव की पहली पत्नी के तौर पर दिखाया गया। इस किरदार के साथ प्रियंका चोपड़ा ने पूरी तरह से न्याय किया। अपने पति के लिए वह कितनी समर्पित थीं, यह उनके किरदार के हावभाव में बखूबी नजर आया। पति के दूसरी महिला की तरफ आकर्षित होने पर उनके दर्द को उनकी नम आंखों से समझा जा सकता है। अंदर से दुखी होने के बावजूद वह अपने पति को पूरा सम्मान देती हैं। वह अपना दर्द बयां करती हैं, वहीं दूसरी तरफ अपनी सौतन को भी परिवार के हिस्से के तौर पर सहर्ष स्वीकार कर लेती हैं।
यह विडियो भी देखें
अनुराग बासु की ह्यूमन इमोशन्स को खूबसूरती से दिखाने वाली इस फिल्म में मर्फी यानी रणबीर कपूर अहम किरदार में थे। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा ने एक ऑटिस्टिक लड़की झिलमिल के किरदार को इस कदर जीवंत बना दिया कि उससे दर्शकों को मुहब्बत हो गई। प्रियंका ने अपने स्क्रीन प्रसेंस से अपने किरदार को पूरी तरह रियलिस्टक और रिलेटेबल बना दिया। उनकी नेचुरल एक्टिंग देखकर यह फीलिंग आने लगती है कि सच्चा प्यार बेशकीमती है और किसी भी दुनियावी चीज से बढ़कर है। फिल्म की कामयाबी में प्रियंका के किरदार की इंपॉर्टेंस काफी ज्यादा है।
सुपररिच लोगों के लाइफस्टाइल पर आधारित जोया अख्तर की फिल्म 'धड़कने दो' भी एक मल्टी स्टारर फिल्म थी। इसमें प्रियंका ने रणवीर सिंह की बहन का किरदार निभाया था। उनके साथ इस फिल्म में अनुष्का शर्मा, अनिल कपूर और फरहान अख्तर भी थे, लेकिन उन्हें हटा देने पर आपको फिल्म अधूरी सी नजर आएगी। फिल्म में उन्होंने आयशा का किरदार निभाया, जो एक बिजनेसवुमन है। इस किरदार ने उन समस्याओं को बखूबी पर्दे पर दिखाया, जिनका सामना महिलाएं सामाजिक दबाव में करती हैं।
प्रियंका चोपड़ा की शख्सीयत की सबसे दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने कभी भी चुनौतियों से हार नहीं मानी, बल्कि इसी के सहारे उन्होंने नए मुकाम हासिल किए हैं। अपने लीड रोल्स के लिए उनकी चर्चा सालों-साल होती रहेगी, वहीं सपोर्टिंग रोल में भी वह इतनी सशक्त नजर आई हैं कि फिल्म की चर्चा पूरी तरह से उन पर ही शिफ्ट हो गई। उम्मीद है कि प्रियंका चोपड़ा अपने आने वाले समय में भी इसी तरह से कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ती रहेंगी। हमारी तरफ से प्रियंका को उनके बर्थडे पर ढेर सारी बधाइयां। बरेली जैसे छोटे से शहर से अमेरिका तक का सफर उन्होंने अपने कॉन्फिडेंस और 'नेवर से नेवर' वाले एटीट्यूड के बल पर पाया। अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स से उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ने और कभी हार ना मानने के लिए इंस्पायर किया है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।