घर पर कॉटन साड़ी में स्टार्च करने की आसान विधि जानें

गर्मियों के मौसम में सबसे ज्यादा आरामदायक फैब्रिक कॉटन का होता है। महिलाएं भी इस मौसम में राहत पाने के लिए कॉटन के सलवार सूट और साड़ी जरूर पहनती हैं। बेस्ट बात तो यह है कि कॉटन के कपड़ों में आराम के साथ स्टाइलिश लुक भी पाया जा सकता है। मगर कॉटन के कपड़ों को उचित देखभाल की जरूरत होती है। खासतौर पर अगर आप कॉटन की साड़ी पहनने की शौकीन हैं तो आपको उसे सही से साफ करने, उसकी हार्डनेस को मेनटेन करने और उसे वॉर्डरोब में रखने का सही तरीका जरूर पता होना चाहिए।
वैसे तो आप अपनी कॉटन साड़ी को बाहर से भी ड्राईक्लीन करवा सकती हैं, मगर हर बार ऐसा करवाने पर आपको अच्छी रकम भी चुकानी पड़ेगी। लेकिन आप चाहें तो अपनी महंगी कॉटन साड़ी को घर पर ही कलफ लगा सकी हैं , जिसे स्टार्च भी कहा जाता है।
आज हम आपको घर पर ही कॉटन की साड़ी में कलफ लगाने का तरीका बताएंगे। जिसके बाद आपकी कॉटन की साड़ी में नई जैसी चमक और कड़कपन आ जाएगा।
चावल के पानी का करें इस्तेमाल
सामग्री
- 1 कप चावल
- 2 कप पानी
विधि
- चावल को पका लें और उसके माढ़ को अलग निकाल लें।
- इस माढ़ को महीन छन्नी से छान लें।
- अब इस माढ़ को एक बाल्टि में डालें।
- माढ़ में 2 मग साधारण पानी मिक्स करें।
- अब इस पानी में अपनी साड़ी को डिप करें और 10 मिनट के लिए छोड़ दें।
- इसके बाद धूप में साड़ी को सुखा लें।
- अगर आपको साड़ी पर लाइट कलफ चाहिए तो चावल के पानी का इस्तेामल कर सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें: Hacks: कपड़ों से इंक या स्याही के दाग हटाने के 5 आसान घरेलू टिप्स
साबूदाने से कॉटन की साड़ी में करें चरक
सामग्री
- 1 कप साबूदाना
- 3 कप पानी
विधि
- साबूदाने को एक रात पहले पानी में भिगो लें।
- अब एक बड़े बर्तन में साबूदाना और पानी डालें।
- इसे अच्छी तरह से तब तक उबालें, जब तक साबूदान अच्छी तरह से घुल न जाए।
- जब तक साबूदाना घुल न जाए उसे करछी से चलाते रहें। इससे उसमें गुलठियां नहीं पड़ेंगी।
- इसके बाद आप साबूदाना के घोल को पतला करें।
- इस घोल के ठंडा होने पर कॉटन की साड़ी को इसमें डिप करें।
- 2 मिनट बाद साड़ी को अच्छी तरह से निचोड़ लें और धूप में सुखा लें।
- इस तरह का स्टार्च लाइट शेड की कॉटन की साड़ी में ही करें।
- डार्क कलर की कॉटन की साड़ी में साबूदाने का स्टर्च सफेद-सफेद नजर आता है।
कॉर्नफ्लार से करें स्टार्च
सामग्री
- 1 बड़ा चम्मच कॉर्नफ्लार
- 2 कप पानी
विधि
- धीमी आंच में एक बर्तन में पानी और कॉर्नफ्लार मिला कर डालें।
- 5 से 10 मिनट इस मिश्रण को पकने दें।
- फिर इसे छन्नी में कॉटन का कपड़ा डाल कर छान लें।
- इसके बाद आप इस मिश्रण में 2 मग पानी मिलाएं।
- अब इस पानी में एक कॉटन की साड़ी भिगो दें।
- 5 मिनट साड़ी को इस पानी में भीगा रहने दें।
- फिर इसे धूप में सुखा लें।
- कॉर्नफ्लार से कॉटन की साड़ी में चरक करने पर वह एक दम नई जैसी नजर आने लग जाती है।
इसे जरूर पढ़ें: Expert Tips: लंबा दिखने के लिए शॉर्ट हाइट वाली महिलाएं इस तरह पहने साड़ी
इस तरह भी कर सकते हैं कॉटन की साड़ी में स्टार्च
- आलू को छील कर पानी में उबाल लें। आलू को उबालने पर जो उसका पाउडर निकलेगा उससे भी आप कॉटन की साड़ी को कलफ कर सकती हैं। इससे बहुत ही लाइट कलफ होता है।
- आरारोट का इस्तेमाल कर भी आप कॉटन की साड़ी में चरक कर सकती हैं। आरारोट से कॉटन की साड़ी में हार्ड स्टार्च होता है। साड़ी ही नहीं आप कॉटन का कुर्ता, दुपट्टा या शर्ट में भी इससे माढ़ लगा सकती हैं।
- मैदे का घोल तैयार करके भी कॉटन की साड़ी में कलफ लगा सकती हैं। मगर मैदे से केवल सफेद रंग की साड़ी पर ही कलफ लगाएं।
इन बातों का ध्यान रखें
कॉटन की साड़ी में स्टार्च लगाते वक्त आपको इन बातों पर जरूर ध्यान रखना चाहिए। इससे आपकी साड़ी में सही तरह से स्टार्च लगेगा और वह खराब भी नहीं होगी।
1. स्टार्च में कॉटन की साड़ी को डिप करते वक्त इस बात का ध्यान रखें कि उसका हर हिस्सा बराबर स्टार्च में डूबा हुआ हो।
2. कॉटन फैब्रिक में कई तरह की वैरायटी आती हैं। आपको इस बात को सुनिश्चित करना होगा कि कॉटन के किस फैब्रिक पर लाइट और किस पर हार्ड स्टार्च की जरूरत है।
3. स्टार्च करने के बाद साड़ी को तेज धूप में ही सुखाएं और यह सुनिश्चित करें कि आपकी साड़ी में कहीं भी सिलवटें न हों। क्योंकि स्टार्च लगने के बाद जब साड़ी सूख जाती है तब उसमें से सिलवटों को हटाना कठिन होता है। यदि कपड़ा चिपक गया हो तो उसे गीला करके ही निकाले नहीं तो साड़ी फट भी सकती है।
4. घर में स्टार्च बनाते वक्त इस बात का ध्यान रखें कि उसमें गुलठियां न पड़ें। ऐसा होने पर वह कपड़े में चिपक जाती हैं और सफेद-सफेद नजर आती हैं। इससे आपके कपड़े का लुक बिगड़ जाता है।
5. स्टार्च की हुई साड़ी पर तेज गरम प्रेस का इस्तेमाल करें और साड़ी के बीच में कागज लगा कर उसे सूखे टॉवल के अंदर स्टोर करें। कोशिश करें कि स्टार्च की हुई साड़ी में कम से कम हवा लगे।
यह आर्टिकल आपको अच्छा लगा हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें और साथ ही इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik, iTokri
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।