Sat Sep 12, 2026 | Updated 03:43 AM IST

होम डेकोरेशन: फालतू लगने वाली चीजों से दें घर को नया लुक

इन सिंपल आइडियाज की मदद से अपनी क्रिएटिविटी का इस्तेमाल कर आप होम डेकोरेशन में अपना हुनर आजमा सकती हैं।
Updated:- 2022-03-28, 16:37 IST
image

कई बार घर में पड़ी कई चीजें कबाड़ लगने लगती हैं, ऐसे में उन्हें फेंकना या कबाड़ी को बेचना पड़ता है। लेकिन घर की साज-सज्जा में अच्छे खासे पैसे खर्च करने की जगह आप इन कबाड़ दिखने वाली चीजों का इस्तेमाल भी होम डेकोरेशन के लिए कर सकती हैं। कबाड़ से होम डेकोरेशन करने पर एक तो आपके इंटीरियर डिजाइन के अच्छे खासे पैसे बचेंगे साथ ही, लोग आपकी क्रिएटिविटी की तारीफ करते भी नहीं थकेंगे। खुद की क्रिएटिविटी का इस्तेमाल कर जब आप घर सजाएंगी तो आपका सेल्फ कॉन्फिडेंस बूस्ट होगा। साथ ही, आपको एक अजब सी खुशी और गर्व का एहसास होगा। ये भी हो सकता है कि आप अपने पड़ोसियों के लिए आइडियल बन जाएं और लोग आपसे आकर होम डेकोरेशन के टिप्स मांगें। इन कुछ बेहद आसान आइडियाज से आप अपनी क्रिएटिविटी का इस्तेमाल कर आप होम डेकोरेशन कर सकती हैं।

चूड़ियों से वॉल हैंगिंग

wall hanging

पुरानी हो चुकी चूड़ियों से आप बेहद खूबसूरत वॉल हैंगिंग बना सकती हैं। इसके लिए आप चूड़ियों पर रंग-बिरंगा ऊन लपेट दें। अब इन्हें एक के ऊपर एक करके चिपकाएं या अपनी कल्पना का इस्तेमाल करते हुए एक ख़ास आकार में एक के ऊपर एक लगाएं। अब इसे रंग-बिरंगे फुंदने और कलरफुल बीड्स से सजाएं। मोटे धागे को ऊपर की तरफ मोड़कर चिपकाएं ताकि वॉल हैंगिंग को टांगा जा सके।

इसे भी पढ़ें: अपने किचन को बनाएं थोड़ा और स्‍मार्ट, लगवाएं यूजफुल हैंगिंग शेल्फ

पतंग से सजाएं दीवार

kites

आप ड्राइंग रूम की प्लेन दीवार को पतंगों से सजा सकती हैं। इसके लिए 3 अलग-अलग आकार की चटख रंग की पतंगें लें। अब इसे ऊपर और फिर नीचे करके तिरछे लगाएं। ये आपकी सिंपल सी दीवार को काफी आकर्षक बना देगी। अगर आप चाहें तो अपनी क्रिएटिविटी का इस्तेमाल कर इन पतंगों को शीशे वाले सितारे, सलमा-सितारों और स्पार्कल से सजाकर भी दीवार पर चिपका सकती हैं।

इसे भी पढ़ें: घर पर बेकार पड़ी चीजों से सजाएं अपना घर और बचाएं इंटीरियर का पैसा

साड़ी से कुशन

cushion

अगर आपकी बनारसी या कोई सिल्क की साड़ी खराब हो गई है तो आप इससे सुंदर कुशन भी बना सकती हैं। अगर आपको सिलाई नहीं आती है तो आप बुटीक की मदद से भी इसे बनवा सकती हैं। एक साड़ी की मदद से 4 से 6 कुशन तक बन सकते हैं। आप कॉटन की साड़ियों की मदद से खूबसूरत और कलरफुल मैट्स भी बनवा सकती हैं। साड़ियों को मोड़ते हुए एक दूसरे में गूंथते जाएं और आखिर में किनारा मोड़कर सिल दें ताकि ये खुलें नहीं।

कार्ड बोर्ड से फोटो फ्रेम

photo frame

घर में थोड़ा इधर-उधर नजर दौड़ाएं आपको कार्ड बोर्ड मिल ही जाएंगे। A4 साइज के या इससे बड़े कार्ड बोर्ड पर एकदम सफेद पेपर चारों तरफ चिपकाएं। अब बीच में अपनी या फैमिली की फोटो लगाकर चारों तरफ से कार्ड बोर्ड की कतरन फ्रेम की तरह चिपकाएं। जब ये अच्छे से चिपक जाएं तो इसे रंग-बिरंगे रंगों से पेंट करें। आप इसपर सीप, कौड़ी या मोती चिपकाकर इसे यूनीक और एंटीक लुक भी दे सकती हैं।

कार्ड्स से सजाएं फ्रेम

कई बार ऐसा होता है जब घर में फ्रेम खाली और बेकार ही पड़े रहते हैं, ऐसे में इन्हें फेंकने से अच्छा है कि इन्हें यूज किया जाए। इसके लिए खाली पड़े फ्रेम को अच्छे से पोंछ लें। आप चमक लाने के लिए इसे नया पेंट भी कर सकती हैं। अब नेचुरल सीनरी, फ्लावर या कुछ ख़ास डिजाइन वाले पुराने ग्रीटिंग कार्ड्स इन फ्रेम्स में सेट करें। ड्राइंग रूम या अपने कमरे की दीवार पर इसे सजाएं।

 

 

पाइन कोन

कई बार घर पर चीड़ के पेड़ के कोन ऐसे ही पड़े रहते हैं। आप इन्हें साफ कर सिल्वर या गोल्डन कलर का पेंट कर, साथ ही जौ की कुछ बालियों को भी सेम रंग में कलर कर फ्लावर पॉट में डेकोरेटिव पीस की तरह डाल सकती हैं। ये काफी क्लासी लगेगा।

 

 

घर पर बेकार पड़ी चीजों से होम डेकोरेशन कर आप इंटीरियर के पैसे बचा सकती हैं और अपनी क्रिएटिविटी भी दिखा सकती हैं। यदि आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें, साथ ही इसी तरह की अन्य जानकारी पाने के लिए जुड़े रहें HerZindagi के साथ।

image credit: shutterstock/amazon

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।