Sat Sep 12, 2026 | Updated 02:40 AM IST

ऊनी कपड़ा साफ करने के बाद बचे हुए ईजी के घोल को न समझे बेकार, ऐसे करें दोबारा इस्तेमाल

इस लेख को पढ़ने के बाद ऊनी कपड़ा साफ करने के बाद बचे हुए घोल को फेंकना नहीं बल्कि, दोबारा उपयोग करना चाहेंगे आप।   
Updated:- 2022-02-07, 13:49 IST
image

सर्दियों के मौसम में ऊनी कपड़ों का अधिक गंदा और फिर उन्हें ईजी लिक्विड से साफ करना एक आम रूटीन का हिस्सा है। हर दिन हम और आप स्वेटर, जैकेट, वुलेन टोपी आदि कपड़े बदलते हैं और फिर उन्हें साफ करते हैं। ऊनी कपड़े साफ करने के दौरान पानी का तो इस्तेमाल होता ही है साथ में ईजी लिक्विड का भी खूब इस्तेमाल होता है। लेकिन, ऊनी कपड़ा साफ करने के बाद बचे हुए ईजी के घोल को अक्सर लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं। 

लेकिन, अगर एक अलग नज़र से देखा जाए तो ईजी के बचे हुए घोल से एक नहीं बल्कि घर के कई मुश्किल कामों में आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। जी हां, आज इस लेख में हम आपको बचे हुए ईजी के घोल के कुछ बेहतरीन उपयोग के बारे में बताने जा रहे हैं। इन टिप्स को अपनाकर आप भी अधिक पानी और अधिक पैसे भी खर्च होने से बचा सकती हैं, तो आइए जानते हैं।

बाथरूम टाइल्स की सफाई करें 

different reuse of waste ezee solution Inside

जी हां, ऊनी कपड़े साफ करने के बाद बचे हुए ईजी के घोल को फेंकने की जगह आप बाथरूम की टाइल्स की अच्छे से सफाई कर सकती हैं। इसके लिए आपको अधिक मेहनत भी करने की ज़रूरत नहीं है। अगर आप उस घोल से टाइल्स की सफाई करना चाहती हैं, तो सबसे पहले तीन से चार चम्मच सिरका या बेकिंग सोडा घोल में डालकर एक मिश्रण तैयार कर लें।

मिश्रण तैयार करने के बाद बाथरूम की टाइल्स पर अच्छे से छिड़काव करके लगभग 15 मिनट के लिए छोड़ दें। 15 मिनट बाद क्लीनिंग ब्रश से रगड़कर अच्छे से साफ कर लें। इससे पानी की बचत भी हो जाएगी और आपकी टाइल्स भी पहले के मुकाबले अधिक चमक उठेगी। शायद, इस टिप्स को पढ़ने के बाद अब आप बचे हुए ईजी के घोल को नाली में नहीं फेकेंगी।

इसे भी पढ़ें: सोडियम कार्बोनेट की मदद से घर के इन कामों को बनाएं आसान

कार या स्कूटी की सफाई करें

know different reuse of waste ezee solution Inside

शायद, आपको मालूम होगा अगर नहीं मालूम है तो आपकी जानकरी के लिए बता दें कि कार की सफाई के लिए कई लोग शैम्पू या फिर ईजी का ही इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में ऊनी कपड़े साफ करके के बाद अगर ईजी का घोल कुछ अधिक ही बच गया है, तो आप उसका इस्तेमाल कार की सफाई करने से लेकर साईकिल या अपनी स्कूटी की भी सफाई कर सकती हैं।

इसके लिए सबसे पहले घोल में एक पैकेट ईजी और एक से दो लीटर अतिरिक्त पानी डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। अब इस घोल में से एक-एक मग कार या स्कूटी पर गिराकर सॉफ्ट क्लीनिंग ब्रश से साफ कर लें। इस मिश्रण से साफ करने के बाद कार या स्कूटी को फ्रेश पानी से साफ कर लें। आप देखेंगे कि आपकी कार या स्कूटी चमक रही है। आप चाहें तो इस मिश्रण में एक से दो चम्मच सिरका भी डाल सकती हैं।

 

आभूषण की सफाई करें 

different reuse of waste ezee solution Inside

ऊनी कपड़ा साफ करने के बाद बचे हुए ईजी के घोल को फेंकने से पहले आप उससे आभूषण की भी सफाई कर सकती हैं। इसके लिए आप घोल में से एक से दो मग अलग निकाल लें और उस घोल में आभूषण को डालकर कुछ मिनट के लिए छोड़ दें। कुछ मिनट बाद आप सॉफ्ट ब्रश की मदद से एक-एक करके आभूषण की सफाई कर लें। हालांकि, कीमती आभूषण की सफाई करने पहले आपको एक से दो बार ज़रूर सोच लेना चाहिए। हर रोज इस्तेमाल होने वाले आभूषण की सफाई आप आसानी से कर सकती हैं।

गंदे जूते की सफाई करें 

reuse of waste ezee solution Inside

जी हां, ऊनी कपड़ा साफ करने के बाद अगर घोल बचा हुआ है तो उसे फेंकने की जगह आप सफ़ेद, ब्राउन, ब्लैक आदि रंग के गंदे से गंदे जूते की सफाई में इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए बचे हुए ईजी के घोल में एक से दो चम्मच बेकिंग सोडा या फिर हाइड्रोजन पेरॉक्साइड लिक्विड डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। अगर पानी कम है तो आप एक से दो मग अतिरिक्त पानी भी डाल सकती हैं।

अब इस घोल में जूते को डालकर लगभग 30 मिनट के ऐसे ही छोड़ दें। 30 मिनट बाद क्लीनिंग ब्रश से जूते को अच्छे से रगड़कर साफ कर लें और धूप में रख दें। आप देखेंगे कि जूता एकदम क्लीन हो चुका है। इससे पानी और पैसे दोनों की बचत है। इसके अलावा आप चप्पल की भी सफाई इस घोल से कर सकती हैं।

 

इसे भी पढ़ें: वेलवेट सोफा में लगे दाग के निशान को हटाने के आसान उपाय

इन चीजों के लिए भी करें इस्तेमाल 

different reuse of waste ezee solution tips Inside

आभूषण की सफाई, गंदे जूते की सफाई और कार या स्कूटी की सफाई के अलावा आप बचे हुए ईजी के घोल को कई अन्य कामों में इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके इस्तेमाल से पौधों के लिए कीटनाशक स्प्रे भी बना सकती हैं। इसके लिए ईजी के घोल में एक चम्मच सिरका, बेकिंग सोडा, नीम का तेल या फिर पुदीना का तेल डालकर कीटनाशक स्प्रे बना सकती हैं।

इसके अलावा बचे हुए ईजी के घोल से टॉयलेट सीट की भी सफाई आप कर सकती हैं। इसके अलावा ड्रेन फ्लाई की समस्या को दूर करने के लिए इस कीटनाशक स्प्रे का इस्तेमाल कर सकती हैं। 

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर जरूर शेयर करें और इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Image Credit(@heddels.com,cpshop.net)

 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।