लाखों में क्यों बिकती हैं पटोला और इकत्त साड़ियां? जानिए धागों की बनाई से जुड़ी अनसुनी बातें

पटोला और इकत साड़ियां दुनियाभर में मशहूर है। इन दोनों साड़ियों की कीमत बाकी साड़ियों से कई गुना ज्यादा होती है। आइए जानते हैं इन दोनों के बारे में विस्तार से।
Updated:- 2026-10-24, 17:20 IST
image

भारत देश में कई अलग-अलग तरह की साड़ियां मिलती हैं। इन्हीं में से दो ऐसी साड़ियां हैं जिनका काफी नाम सुनने को मिलता है, हम बात कर रहे हैं पटोला और इकत साड़ियों की। जब भी किसी शाही शादी, बड़े उत्सव या सेलिब्रिटी लुक की बात आती है, तो पटोला और इकत साड़ियों का नाम सबसे पहले आता है। इन साड़ियों की सबसे बड़ी पहचान है इनका चमकदार कपड़ा और दोनों तरफ एक जैसे दिखने वाले डिजाइन और रंग।

जब बाजार में इनकी कीमत की बारी आती है, तो असली पटोला या डबल इकत साड़ी की शुरुआती कीमत ही हजारों से शुरू होकर लाखों रुपये तक जाती है। जी हां, आपने सही सुना है, ये दोनों साड़ियां सबसे महंगी साड़ियों में से एक मानी जाती हैं। अक्सर लोग यह सोचकर हैरान हो जाते हैं कि बिना किसी सोने-चांदी के तारों के भी यह साड़ी इतनी महंगी क्यों होती है? आइए जानते हैं इसके पीछे की मुख्य वजह।

इकत साड़ियों को बनाने की खास तकनीक

साधारण साड़ियों में कपड़े पर प्रिंटिंग या एम्ब्रॉयडरी की जाती है, लेकिन इकत और पटोला साड़ियों को पूरी तरह अलग तरीके से बनाया जाता है -

  • इकत साड़ी में बुनाई से पहले धागों को बांधकर रंगा जाता है। जिस हिस्से पर रंग नहीं चढ़ाना होता, वहां धागे को कॉटन या प्लास्टिक की डोरी से कसकर बांध दिया जाता है। इसके बाद रंगों में डुबोने की यह प्रक्रिया एक के बाद एक कई बार दोहराई जाती है।
  • सिंगल इकत में केवल लंबाई वाले धागे या सिर्फ चौड़ाई वाले धागे में से किसी एक धागे को डिजाइन के हिसाब से रंगा जाता है।
  • यह दुनिया की सबसे मुश्किल बुनाई तकनीकों में से एक मानी जाती है। इसमें ताने और बाने दोनों ही रंगे हुए धागों का इस्तेमाल होता है। बुनाई के दौरान जब ये दोनों रंगे हुए धागे आपस में मिलते हैं, तब जाकर यह खास कपड़ा तैयार होता है।
  • डबल इकत की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस साड़ी का उल्टा या सीधा हिस्सा नहीं होता। यह दोनों तरफ से बिल्कुल एक जैसी दिखाई देती है। 

    यह भी पढ़ें- Saree For Women: हर तीज त्योहार पर पहनने के लिए बेस्ट हैं ये 5 साड़ी की नई डिजाइन, खूबसूरती में लगा देगी चार चांद

इकत और पटोला साड़ी के बीच का अंतर

अंतर का आधार इकत साड़ी (Ikat Saree) पटोला साड़ी (Patola Saree)
उत्पत्ति (कहां की है) यह मुख्य रूप से ओडिशा (पोचमपल्ली,तेलंगाना में भी) से जुड़ी है। यह गुजरात की विश्व प्रसिद्ध पारंपरिक साड़ी है।
डाई करने की तकनीक इसमें आमतौर पर सिंगल इकत तकनीक का ज्यादा इस्तेमाल होता है। यह डबल इकत तकनीक से बनती है, जो बेहद जटिल होती है।
डिजाइन और फिनिशिंग इसके पैटर्न के किनारे थोड़े धुंधले या हैजी नजर आते हैं। इसके डिजाइन के किनारे बहुत ही शार्प, सटीक और स्पष्ट होते हैं।
दोनों तरफ पहनने योग्य इसे आमतौर पर एक ही तरफ से सही माना जाता है। यह दोनों तरफ से एक जैसी दिखती है और इसे दोनों तरफ से पहना जा सकता है।
कीमत यह पटोला के मुकाबले किफायती और बजट-फ्रेंडली (₹2,000 से ₹15,000 और ज्यादा) होती है। यह बहुत महंगी और रॉयल (₹50,000 से कई लाख रुपये तक) होती है।

आखिर क्यों पटोला और इकत साड़ियां इतनी महंगी होती हैं?

गुजरात के पाटन में बनने वाली असली पाटन पटोला, तेलंगाना की पोचमपल्ली और ओडिशा की संबलपुरी इकत साड़ियां बाजार में बहुत ज्यादा कीमत रखती हैं। इनके महंगे होने के पीछे ये खास कारण हैं -

  • एक साधारण मशीन से तैयार होने वाली साड़ी कुछ ही घंटों में बनकर तैयार हो जाती है, लेकिन पटोला और इकत साड़ियों को हाथ से बनाने में कम से कम 4 महीने से लेकर 1 साल तक का समय लग जाता है।
  • इस बुनाई में धागे की जरा सी भी चूक या गलती पूरे डिजाइन को खराब कर सकती है। यही वजह है कि इसे बुनते वक्त एक-एक धागे को आपस में मिलाना बहुत ही सावधानी का काम होता है।
  • इनमें इस्तेमाल होने वाला सिल्क और रंग बहुत ही उच्च गुणवत्ता का होता है, जो सालों-साल खराब नहीं होता। 

यह भी पढ़ें- 300 साल तक नई रहती है पाटन पटोला साड़ी, दुर्गा पूजा में पहन सकती हैं मह‍िलाएं; जानें इसकी खास‍ियत

निष्कर्ष: असली पटोला और इकत साड़ियां सिर्फ 6 गज का कपड़ा नहीं हैं, बल्कि यह भारतीय कारीगरों की लगन और मेहनत से बनाई गई एक नायाब कलाकृति हैं। ये किसी मशीन से नहीं बल्कि एक-एक धागे को जोड़कर बनने वाली साड़ियां होती हैं। यही वजह है कि इनकी कीमत बाकी साधारण साड़ियों के मुकाबले थोड़ी महंगी होती है, लेकिन इनका रॉयल लुक और टिकाऊपन इसे हर महिला के लिए बेहद खास बना देता है। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से। 

Image credit: freepik

FAQ
असली पाटन पटोला साड़ी की शुरुआती कीमत क्या होती है?
एक असली हस्तनिर्मित पाटन पटोला (डबल इकत) साड़ी की शुरुआती कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये से शुरू होकर 5 से 7 लाख रुपये या उससे भी अधिक तक जाती है।
क्या बाजार में सस्ती पटोला साड़ियां भी उपलब्ध होती हैं?
जी हां, बाजार में प्रिंटेड या सिंगल इकत और पावरलूम से बनी राजकोट पटोला साड़ियां 3,000 से 10,000 रुपये के बजट में मिल जाती हैं, लेकिन वे हस्तनिर्मित डबल इकत पाटन पटोला नहीं होतीं।
असली और नकली इकत्त या पटोला साड़ी की पहचान कैसे करें?
असली डबल इकत साड़ी दोनों तरफ से देखने में बिल्कुल एक जैसी होती है। इसके अलावा, धागों की बुनाई में कोई प्रिंटिंग का निशान नहीं होता और कपड़ा छूने में बेहद मुलायम रेशम का महसूस होता है।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।