ऑफिस और किचन दोनों संभालना होगा आसान, वर्किंग वुमन के काम आएगा मील प्रेप

आज के समय में वर्किंग वर्किंग के लिए ऑफिस टारगेट की टेंशन और किचन को एक साथ संभालना मुश्किल हो जाता है। सुबह की भागमभाग में क्या पकाना है, यह सोचना और फिर सब्जी काटने से लेकर मसाला तैयार करने में ही आधा समय निकल जाता है। इस चक्कर में कई बार बिना लंच लिए काम के लिए निकल जाते हैं। इससे दिक्कत से छुटकारा पाने में मील प्रेप कमाल का साबित हो सकता है। अगर आप हफ्ते में सिर्फ एक या दो दिन थोड़ा सा समय निकालकर एडवांस प्लानिंग कर लें, तो आपका पूरा हफ्ता बेहद सुकून से गुजर सकता है। नीचे लेख में जानें मील प्रेप कैसे बना सकता है रोजाना के काम को आसान?
क्या है मील प्रेप और यह क्यों है जरूरी?
मील प्रेप का सीधा सा मतलब है भोजन की पहले से तैयारी। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप पूरे हफ्ते का खाना एक साथ बनाकर फ्रिज में भर लें। इसमें आप पूरे हफ्ते जरूरत लगने वाली सब्जियां, लहसुन, मिर्च, आलू, चना और अन्य छोटी-छोटी चीजों की तैयारी कर लें। इससे सुबह का नाश्ता और लंच बनाने का काम आधे समय में हो जाता है।
सब्जियों को पहले से काट कर स्टोर करें
वर्किंग वुमेन के लिए सुबह का सबसे थकाऊ काम होता है सब्जियां छीलना और काटना। इसके लिए आप वीकेंड को अपनी पूरे हफ्ते की सब्जियां जैसे- बीन्स, गोभी, गाजर को काटकर और मटर को छीलकर एयरटाइट कंटेनर में भरकर फ्रिज में रख सकती हैं। हरी मिर्च की डंठल तोड़कर रखने और लहसुन-अदरक को पहले से छीलकर रखने से सुबह के 15-20 मिनट आसानी से बच जाते हैं।

इसे भी पढ़ें- गर्मी में हरी सब्जियों को स्टोर कर रही हैं तो न करें ये बड़ी गलती, सड़कर बेकार हो सकती हैं Vegetables
बेस मसाला पेस्ट बनाकर रखें
खाने में सबसे ज्यादा समय मसाला भूनने और ग्रेवी तैयार करने में लगता है। इस काम से बचने के लिए मील प्रेप में इसे तैयार कर लें। मतलब प्याज, टमाटर, अदरक और लहसुन को भूनकर बेस मसाला बनाकर फ्रिज में रख लें। सुबह के समय आपको बस इस मसाले में उबली हुई सब्जी या पनीर मिलाना होगा और आपकी लाजवाब डिश मात्र 10 मिनट में टिफिन के लिए तैयार हो जाएगी।
दाल, छोले और राजमा को उबालें
छोले, राजमा या काले चने जैसी चीजों को पकने में काफी समय लगता है। आप इन्हें रात में भिगोकर, संडे को उबालकर फ्रीज कर सकती हैं। इसी तरह, सुबह इडली, डोसा या उत्तपम जैसे हेल्दी ब्रेकफास्ट के लिए आप दाल-चावल का बैटर वीकेंड पर ही पीसकर रख लें। सुबह उठकर बस तवे पर बैटर फैलाना होगा और आपका पौष्टिक नाश्ता मिनटों में तैयार हो जाएगा।

आटा गूंथने और भुने मसाले वाला काम करें
रोटी बनाने के लिए रोजाना सुबह आटा लगाना एक टास्क हो जाता है। इससे बचने के लिए दो-तीन दिन में थोड़ा सा समय निकालकर आटा गूंथ लें। इसके बाद आटे के ऊपर हल्का सा घी या तेल लगाकर डिब्बे में बंद करके फ्रिज में रख सकती हैं। इसके अलावा, रायता या सूखी सब्जियों के लिए जीरा, धनिया और सौंफ को पहले से भूनकर और पीसकर रख लें।
मील प्रेप किस तरह करता है हमारा काम आसान?
कुकिंग के दौरान रोजाना इस्तेमाल होने वाली चीजें अगर पहले से तैयार रहें, तो काम कम समय में होना तय है। इससे न केवल समय बचता है बल्कि थकान भी कम लगती है और सेहत भी सही रहती हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि भूख लगने पर हम सभी तुरंत जंक फूड ऑर्डर कर देते हैं।

इसे भी पढ़ें- कौन सी ऐसी सब्जियां हैं जो पानी में ज्यादा रखने से हो जाती हैं चिपचिपी? यहां
पूरे हफ्ते मेहनत से बचने के लिए इस वीकेंड से ही मील प्रेप का स्मार्ट फॉर्मूला अपनाएं और अपनी लाइफ को आसान बनाएं। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
Image Credit-Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।