Tue Oct 6, 2026 | Updated 06:06 PM IST

Kitchen Sink में गलती से भी न डालें ये चीजें, Pipe Block हुआ तो बढ़ सकता है खर्च

अगर आप भी किचन के सिंक में ये चीजें डाल देती हैं, तो सतर्क हो जाएं। इन चीजों से पाइप जाम हो सकता है और बैठे-बिठाए आपका खर्च बढ़ सकता है।
Updated:- 2026-10-06, 16:17 IST
Kitchen Sink Cleaning Tips

हर घर का सबसे जरूरी हिस्सा किचन माना जाता है, लेकिन अक्सर हमारी छोटी-छोटी गलतियों की वजह से किचन सिंक जाम हो जाता है। बहुत बार हम अनजाने में बहुत सी ऐसी चीजें सिंक में डाल देते हैं जो धीरे-धीरे पाइप में जम जाती हैं और एक दिन पूरा पाइप ब्लॉक कर देती हैं। फिर जब पानी निकलना बंद हो जाता है तब हमें प्लंबर को बुलाना पड़ता है और फालतू का खर्च बढ़ जाता है। अगर आप इस महंगे खर्चे से बचना चाहती हैं तो आज से ही इन 5 चीजों को गलती से भी सिंक में न डालें।

सिंक में न डालें ये चीजें

बार-बार किचन का सिंक जाम हो जा रहा है, तो आज से ही इन बातों का ध्यान रखें। गलती से भी ये चीजें सिंक में जमा न होने दें।

1. तेल और घी

बहुत से लोग खाना बनाने के बाद बचे हुए तेल को सिंक में बहा देते हैं। यह जब गर्म होता है तो लिक्विड जैसा दिखता है, लेकिन ठंडे होने के बाद यह सिंक पाइप में जाकर जम जाता है। यह पाइप के अंदर धीरे-धीरे एक मोटी परत बना लेता है। बाद में इसमें और कचरा फंसने लगता है और पाइप ब्लॉक हो जाता है। इसलिए बचे हुए तेल को किसी डब्बे में डालकर कूड़ेदान में फेंकना चाहिए।

2. चाय की पत्ती

चाय हर किसी के घर में पी जाती है और बची हुई चाय की पत्ती को लोग अक्सर सिंक में फेंक देते हैं। यह घुलती नहीं है और पाइप के घुमावदार हिस्से यानी यू-ट्रैप में जाकर जमा होने लगती है। धीरे-धीरे यह सड़ने लगती है और दूसरे कचरे को भी रोक लेती है, जिससे एक बड़ा ब्लॉकेज बन जाता है और काफी बदबू भी आने लगती है।

kitchen sink blockage

3. आटा और मैदा

आटा या मैदा गूंथते समय सिंक में चला जाता है। जब आटा पानी में मिलता है तो यह गोंद की तरह चिपकने लगता है। इसी का यह चिपचिपा घोल पाइप की दीवारों से बुरी तरह चिपक जाता है और पाइप का रास्ता छोटा कर देता है। इससे पानी धीरे निकलता है और फिर कुछ दिन बाद पाइप जाम हो जाता है।

यह भी पढ़ें- 20-20-20 Cleaning Method: क्या है यह जापानी क्लीनिंग फार्मूला, जिससे 1 घंटे में चमक जाता है बिखरा हुआ घर?

4. सब्जियों और फलों के छिलके

प्याज, आलू और केले के छिलके हमेशा कूड़ेदान में ही डालें। इनके छिलके और डंठल सिंक में जाकर फंस जाते हैं और फूल जाते हैं। खासतौर पर ऐसा आलू और केले के साथ होता है। इन दोनों में ही स्टार्च होता है जो पाइप को ब्लाक कर देता है।

sink blockage

5. कॉफी पाउडर

कॉफी पाउडर भी किसी से कम नहीं है। इसके छोटे कण किचन सिंक में जाकर फंस जाते हैं और ये घुलते भी नहीं है। ज्यादा मात्रा में होने के बाद ये पाइप के अंदर मिट्टी की तरह जम जाते हैं और पानी के रास्ते को रोक देते हैं। इसलिए गलती से कॉफी को भी सिंक में न डालें।

यह भी पढ़ें- उबलते पानी में मिनटों में तैयार होगी बिहार की स्पेशल लिट्टी, न तलने का झंझट और न आग सुलगाने की टेंशन

बचाव के आसान टिप्स

अगर आप चाहती हैं कि किचन का सिंक कभी ब्लॉक न हो, तो इसके लिए आपको इन बातों का ध्यान रखना होगा।

  • सिंक को ब्लॉकेज से बचाने के लिए हमेशा सिंक में एक जाली वाला स्ट्रेनर लगाकर रखें।
  • जो भी कूड़ा हो उसे जाली से निकालकर फेंक दें।
  • हफ्ते में एक बार सिंक में एक बाल्टी गर्म पानी डालें।
  • एक चम्मच बेकिंग सोडा डालकर फ्लश करें।

ऊपर दी गई इन बातों का ध्यान रखने से आपका किचन सिंक कभी ब्लॉक नहीं होगा और साथ ही फालतू का खर्च भी नहीं बढ़ेगा।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

FAQ
अगर किचन सिंक का पाइप जाम हो गया है तो घर पर कैसे खोलें?
आप एक कप बेकिंग सोडा सिंक में डालकर ऊपर से एक कप सिरका डालें और 15 मिनट बाद गर्म पानी से फ्लश कर दें, इससे हल्का ब्लॉकेज खुल जाता है।
क्या बचा हुआ खाना और दाल-चावल का पानी सिंक में डाल सकते हैं?
नहीं, खाने के टुकड़े और चावल-दाल का स्टार्च वाला पानी पाइप में फंसकर सड़ जाता है जिससे बदबू और ब्लॉकेज दोनों की समस्या होती है।
सिंक में जाली (Strainer) लगाना क्यों जरूरी है?
सिंक में जाली लगाने से चाय पत्ती, सब्जियों के छिलके और खाने के बारीक टुकड़े पाइप में नहीं जाते, जिससे पाइप जाम होने का खतरा 90% तक कम हो जाता है।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।