पौधों में लगे कीड़ों का रामबाण इलाज है यह सफेद पानी, घर की सिर्फ 3 चीजों से चुटकियों में करें तैयार

बगीचे में लगे पौधों में सफेद कीड़ों को हटाने के लिए अब केमिकल पेस्टिसाइड की जरूरत नहीं है। आप बेकिंग सोडा, डिशवॉश सोप और तेल की मदद से इनका रामबाण इलाज तैयार कर सकती हैं। जानें कैसे-
Updated:- 2026-11-10, 15:56 IST
how to make pest control spray at home

घर में लगे पौधे बालकनी और आंगन की खूबसूरती को बढ़ाने के साथ-साथ मन को भी सुकून देने का काम करते हैं। हालांकि, कई बार अच्छी देखभाल के बाद भी पौधों की पत्तियों, तनों और नई शाखाओं पर छोटे-छोटे सफेद कीड़े दिखाई देने लगते हैं। ये कीड़े धीरे-धीरे पौधों का रस चूसने लगते हैं, जिससे पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं और पौधे की ग्रोथ रुक सकती है। ऐसे में लोग बाजार से महंगे कीटनाशक खरीदते हैं। मगर आपको बता दें कि आप कुछ सामान्य घरेलू चीजों की मदद से इसका इलाज कर सकती हैं। आज के इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं कि पौधे में लगे सफेद कीड़ों से छुटकारा पाने के लिए क्या करें?

सफेद कीड़े क्या पौधों को नुकसान पहुंचाते हैं?

पौधों पर दिखने वाले सफेद कीड़े अक्सर मिलीबग होते हैं। ये देखने में छोटे, सफेद और रुई जैसे दिखाई देते हैं। ज्यादातर ये पत्तियों के नीचे, तनों के जोड़ और नई निकलने वाली शाखाओं पर छिपे रहते हैं।

images (66)

ये पौधों का रस चूसते हैं, जिससे पत्तियां कमजोर होने लगती हैं। कई बार इनके कारण पत्तियों पर चिपचिपापन भी दिखाई देता है। अगर समय रहते इनका इलाज न किया जाए, तो ये तेजी से बढ़कर दूसरे पौधों तक भी फैल सकते हैं।

इसे भी पढ़ें- गमले में गेंदे का पौधा बनेगा फूलों का गुलदस्ता, जानें बड़े और घने फूल पाने का तरीका

सफेद पानी बनाने के लिए चाहिए ये चीजें

इस घरेलू घोल को तैयार करने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं है। घर में मौजूद कुछ सामान्य चीजों से इसे बनाया जा सकता है।

2 - 2026-11-10T154550.380

  • 1 लीटर साफ पानी
  • आधा छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
  • आधा छोटा चम्मच हल्का लिक्विड डिशवॉश सोप
  • तेल की 3-4 बूंदें

ध्यान रखें कि डिशवॉश सोप की जगह तेज केमिकल वाला क्लीनर इस्तेमाल न करें। इसी तरह तेल की मात्रा भी बहुत कम रखें, ताकि पत्तियों पर जरूरत से ज्यादा चिकनाई न जमने पाए।

इस तरह तैयार करें सफेद कीड़ों का घोल

पौधों में लगे कीड़ों को दूर करने के लिए आप नीचे बताए गए तरीके से सफेद पानी वाला घोल बना सकती हैं। जानें-

  • सबसे पहले एक साफ बर्तन में एक लीटर पानी लें।
  • अब इसमें आधा छोटा चम्मच बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
  • इसके बाद इसमें हल्का डिशवॉश सोप और तेल की कुछ बूंदें डालें।
  • सभी चीजों को अच्छे से मिलाएं।
  • इसके बाद इसे साफ स्प्रे बोतल में भर लें।
  • सफेद घोल बनकर तैयार है। 

ध्यान रखें कि बेकिंग सोडा हर पौधे के लिए सुरक्षित नहीं होता है। इसकी ज्यादा मात्रा पत्तियों को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए इसे सीधे सभी पौधों पर इस्तेमाल करने से बचें।

पौधों पर सफेद पानी का इस्तेमाल कैसे करें?

इस घोल का इस्तेमाल करने से पहले पौधे की एक या दो पत्तियों पर थोड़ा सा स्प्रे करके 24-48 घंटे इंतजार करें। अगर पत्तियों पर जलने, पीलेपन या धब्बों के निशान नहीं दिखते हैं, तभी सीमित मात्रा में इस्तेमाल करें।

white-bugs-on-hibiscus-plant

स्प्रे करते समय पत्तियों के नीचे और उन जगहों पर ध्यान दें, जहां सफेद कीड़े दिखाई दे रहे हैं। तेज धूप में इसका छिड़काव न करें। सुबह या शाम का समय बेहतर रहता है। पूरे पौधे को घोल से भिगोने की जरूरत नहीं है। प्रभावित हिस्सों पर हल्का स्प्रे करें। अगर पौधे पर कीड़े ज्यादा हैं, तो पहले गीले कपड़े या कॉटन की मदद से उन्हें हटाएं।

इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

घरेलू घोल का इस्तेमाल करते समय कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है। जानें-

  • सबसे पहले पौधे की कुछ पत्तियों पर इसका परीक्षण करें।
  • तेज धूप और गर्म मौसम में स्प्रे न करें।
  • छोटे, नाजुक और नई पत्तियों वाले पौधों पर विशेष सावधानी बरतें।
  • बहुत ज्यादा मात्रा में बेकिंग सोडा न मिलाएं।
  • पौधे की मिट्टी में इस घोल को डालने से बचें।
  • कीड़े लगे हुए पौधे को कुछ समय के लिए दूसरे पौधों से अलग रखें।

इसे भी पढ़ें- अब बाजार से पालक लाने का झंझट खत्म,  गमले में इन तरीकों से फैलेगी हरी सब्‍जी

डिशवॉश सोप हर बार कीटनाशक की तरह काम नहीं करता। तेज डिटर्जेंट या खुशबू वाले प्रोडक्ट्स पत्तियों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में हल्के, बिना खुशबू वाले साबुन का इस्तेमाल करना बेहतर है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-magnific


Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।