बालकनी के गमले में आसानी से उगाएं शहतूत, बिगिनर्स के लिए पौधे लगाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

मीठे, रसीले और सॉफ्ट शहतूत खाने का अपना एक अलग ही मजा है। जब आप इन्हें सीधे पेड़ की टहनी से तोड़कर खाती हैं, तो इनका स्वाद और भी जबरदस्त लगता है। आमतौर पर आप बाहर से ही लाकर शहतूत खाती होंगी, लेकिन आप चाहें तो अपने घर पर भी इसे उगा सकती हैं। खास बात यह है कि घर पर शहतूत उगाने के लिए आपको गार्डनिंग का एक्सपर्ट होने की बिल्कुल जरूरत भी नहीं है।
दरअसल, शहतूत का पौधा बहुत आसानी से बढ़ता है, बस इसे अच्छी धूप मिलनी चाहिए। यह किसी भी मिट्टी में ढल जाता है और एक बार सेट होने के बाद इसे बहुत ज्यादा देखभाल की भी जरूरत नहीं पड़ती है। ऐसे में अगर आप बिगिनर्स हैं, तो हम आपको इसे गमले में उगाने का सबसे आसान तरीका बता रहे हैं। आइए जानते हैं-
image credit- magnific
कटिंग या बीज: शहतूत का पौधा लगाने का तरीका क्या है?
आप शहतूत को दो तरीकों से लगा सकते हैं। पहला तो टहनी यानी कटिंग से या फिर पके हुए फल के बीज से।
- कटिंग का तरीका: आपको एक अच्छी कटिंग लेनी होगी। टहनी थोड़ी सख्त होनी चाहिए। आप किसी सेहतमंद पौधे से 8 से 12 इंच लंबी टहनी लें और उसे तिरछा काट लें। नीचे की उसकी पत्तियों को हटा दें और ऊपर सिर्फ 2-3 पत्तियां ही रहने दें।
- बीज का तरीका: पके हुए शहतूत से बीज अलग करके गूदा धो लें। बस ध्यान रखें कि बीज से पौधा उगाने में थोड़ा ज्यादा टाइम लगता है। बीजों को उगाने से पहले 4 से 16 हफ्ते के लिए फ्रिज में रखें, इससे ये जल्दी अंकुरित हो जाते हैं। इसके बाद इन्हें थोड़ी सी नम मिट्टी में बो दें और ट्रे को ढक दें।
यह भी पढ़ें- सर्दियों में खिलेंगे रंग-बिरंगे फूल, जानिए पिटूनिया और कैलेंडुला उगाने की सही गाइड
टहनी से कैसे उगाएं शहतूत का पौधा?
बीज से ज्यादा आसान तरीका कटिंग से शहतूत का पौधा उगाने का है। ऐसे में अगर आप कटिंग से पौधा उगाना चाहती हैं तो इसके लिए कटिंग को थोड़ी गीली और अच्छे जल निकासी वाली मिट्टी में लगा दें। इसे सीधी और कड़क धूप से बचाकर रखें, वरना नई कलियां जल जाएंगी। ध्यान रखें कि कुछ कटिंग खराब भी हो सकती हैं, इसलिए एक साथ 3 से 4 टहनियां लगा दें ताकि अगर एक टहनी खराब हो तो बाकी सही रहें।
image credit- magnific
पौधे को बड़े गमले में शिफ्ट करने का तरीका?
जब कटिंग में जड़ें आ जाएं या बीज से पौधा थोड़ा बड़ा हो जाए, तो इसे बड़े गमले में लगा दें। गमला कम से कम 50 से 60 सेमी चौड़ा और गहरा होना चाहिए, जिसमें नीचे पानी निकलने के छेद हों। ध्यान रहे-
- गमले में बगीचे की मिट्टी, खाद और अच्छी ड्रेनेज वाली मिट्टी का मिक्स भरें।
- पौधे को बीच में लगाकर मिट्टी को दबा दें और अच्छी तरह पानी दें।
कैसे करें शहतूत के पौधे की देखभाल?
आपको बता दें कि शहतूत को धूप बहुत पसंद है, इसलिए गमले को ऐसी जगह रखें जहां रोजाना उसे 6 से 8 घंटे की धूप मिल सके। पौधा जब छोटा हो, तो मिट्टी में नमी बनाए रखें, लेकिन पानी रुकने न दें। मिट्टी जब सूख जाए तब थोड़ा सा पानी डालें।
शहतूत के पौधे की कटाई-छंटाई कब करें?
गमले में लगे पौधे को हर 15 दिन में लिक्विड खाद दें और 2-3 महीने में गोबर की खाद या कम्पोस्ट डालें। इसके अलावा पौधे को सही शेप में रखने और ज्यादा फल पाने के लिए इसकी सूखी, पतली और खराब डालियों को काटती रहें। छंटाई के लिए हमेशा साफ और अच्छी धार वाली कैंची का ही इस्तेमाल करें। इससे पौधे एकदम हेल्दी भी रहते हैं।
यह भी पढ़ें- घर की छोटी सी बालकनी में लग जाएंगे ये 5 औषधीय पौधे, माली ने बताया तरीका
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific
- गमले में लगे शहतूत के पौधे में फल कितने दिन में आते हैं?
- अगर आप टहनी (कटिंग) से पौधा लगाती हैं, तो 1 से 2 साल के अंदर फल आने लगते हैं। बीज से उगाए पौधे में थोड़ा ज्यादा समय लगता है।
- शहतूत के पौधे के लिए कौन सी खाद सबसे अच्छी होती है?
- वर्मीकंपोस्ट या पुरानी गोबर की खाद इसके लिए सबसे अच्छी मानी जाती है। हर 15 दिन में कोई भी लिक्विड ऑर्गेनिक खाद देना भी फायदेमंद रहता है।
- क्या शहतूत के पौधे को कीड़ों से बचाना जरूरी है?
- हां, पौधे पर कीड़े लगने से बचाने के लिए महीने में एक बार नीम के तेल में थोड़ा पानी और साबुन मिलाकर स्प्रे करना चाहिए।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।