ड्राई बालों में इस तरह इस्‍तेमाल करें 'ऑरेंज पील वॉटर'

ड्राई बालों की देखभाल में आप कैसे ऑरेंज पील वॉटर का इस्‍तेमाल कर सकती हैं, इस आर्टिकल को पढ़ कर जानें।  
Updated:- 2021-11-19, 08:00 IST
orange peel  for  the  hair

सर्दियों के मौसम में चलने वाली ठंडी हवाएं त्‍वचा और बालों दोनों को ही नुकसान पहुंचाती है। जहां इस मौसम में त्‍वचा ड्राई हो जाती है, वहीं बालों में भी रूखापन आ जाता है और वह फ्रीजि हो जाते हैं। जाहिर है, बालों की यह समस्‍या आपके लुक्‍स को भी खराब करती है।

हालांकि, बाजार में ड्राई बालों के ट्रीटमेंट के लिए बहुत सारे प्रोडक्‍ट्स आते हैं। मगर आप कुदरती तरीकों को आजमा कर भी बालों की इस समस्‍या को कम कर सकती हैं। बालों के रूखेपन को कम करने के घर की रसोई में ही आपको बहुत सारी सामग्रियां मिल जाएंगी। खासतौर पर इस मौसम में आने वाले फल भी बालों के लिए बहुत ही फायदेमंद होते हैं।

इस मौसम में बाजर में सबसे अधिक जो फल आता है वह है संतरा। संतरा बालों और त्‍वचा दोनों को लाभ पहुंचाता है। मगर हमने ब्‍यूटी एक्‍सपर्ट पूनम चुग से ड्राई बालों के लिए संतरे और उसके छिलके के इस्‍तेमाल के बारे में पूछा। इस विषय पर पूनम जी कहती हैं, 'संतरे की फांक तो आप खा सकती हैं या उसका जूस निकाल कर पी सकती हैं, मगर अधिकांश घरों में संतरे के छिलकों को बेकार समझ कर फेंक दिया जाता है। लेकिन आप चाहें तो बालों और त्‍वचा दोनों पर ही ऑरेंज पील का इस्‍तेमाल कर सकती हैं।'

पूनम जी ड्राई बालों पर ऑरेंज पील के प्रयोग के तरीके भी बताती हैं:

boiling  orange  peels  for  hair

संतरे के छिलके का पानी और ऑलिव ऑयल

सामग्री

  • 1 मग ऑरेंज पील वॉटर
  • 1 बड़ा चम्‍मच ऑलिव ऑयल

विधि

  • सबसे पहले रातभर के लिए संतरे के छिलकों को पानी में भिगो कर रखें। इसके लिए आप ताजे या सूखे दोनों तरह के संतरे के छिलके का इस्‍तेमाल कर सकती हैं।
  • सुबह इस पानी को छान लें। और भी अच्‍छा रहेगा कि अगर आप इस पानी को उबाल लें और फिर ठंडा करने के बाद बालों में इसका इस्‍तेमाल करें।
  • जब संतरे के छिलके का पानी ठंडा हो जाएं, तो आप इसमें 1 बड़ा चम्‍मच ऑलिव ऑयल डालें।
  • अब इस मिश्रण से बालों को भिगो लें। अगर आपके बाल अधिक लंबे हैं, तो उसके हिसाब से मिश्रण को तैयार करें।
  • बालों को इस मिश्रण से भिगो लेनें के बाद आप बालों को हॉट टॉवल मसाज दें।
  • 5 मिनट बाद बालों को ओपन करें। अब आप चाहें तो बालों को शैंपू वॉश भी कर सकती हैं या फिर उन्‍हें 1 दिन के लिए ऐसे ही छोड़ सकती हैं।

टिप- पूनम जी कहती हैं, 'जिस दिन आप बालों को कोई नेचुरल ट्रीटमेंट दे रही हैं, उस दिन कोशिश करें कि बालों में शैंपू न करें क्‍योंकि ऐसा करने पर बालों से ट्रीटमेंट इफेक्‍ट खत्‍म हो जाता है।'

orange peel water benefits bt expert

संतरे के छिलके का पानी और दूध

सामग्री

  • 1/2 ग्‍लास संतरे के छिलके का पानी
  • 1/2 ग्‍लास रॉ मिल्‍क

विधि

  • सबसे पहले उपर बताई गई विधि से संतरे का पानी तैयार कर लें।
  • अब इस पानी में कच्‍चा दूध मिक्‍स करें।
  • इस मिश्रण को स्‍कैल्‍प की मसाज करते हुए लगाएं और फिर बालों की लेंथ पर भी इसे लगाएं।
  • आप इस मिश्रण को बालों में 30 मिनट तक रखें और फिर बालों को साधारण पानी से वॉश कर लें।

फायदा- इस घरेलू नुस्‍खे से आप बालों को घर पर ही प्रोटीन ट्रीटमेंट दे सकती हैं।

orange  peel  for  hair  benefits

संतरे के छिलके का पानी और गुलाब जल

सामग्री

  • 1 कप संतरे के छिलके का पानी
  • 3 बड़ा चम्‍मच गुलाब जल
  • 1 छोटा चम्‍मच ग्लिसरीन

विधि

  • एक स्‍प्रे बॉटल में तीनों ही सामग्रियों को डालें और मिक्‍स कर लें।
  • फिर इस मिश्रण को होममेड हेयर स्‍प्रे की तरह इस्‍तेमाल करें।
  • आप इस मिश्रण को बालों में लगा कर ओवरनाइट छोड़ सकती हैं।

फायदा- इस घरेलू नुस्‍खे का प्रयोग करने पर बालों में रूखेपन की समस्‍या कम होने के साथ-साथ बालों में थोड़ी बहुत चमक भी आ जाती है।

यह जानकारी आपको अच्‍छी लगी हो, तो इस आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल्‍स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।