गर्मी में मेकअप ज्यादा देर नहीं टिकता? No Makeup Look से पाएं नेचुरल ग्लो और फ्रेश लुक

नो मेकअप लुक का मतलब यह नहीं होता है कि चेहरे पर बिल्कुल मेकअप नहीं होगा। यह ऐसा मेकअप है, जो चेहरे को बदलने के बजाय उसकी प्राकृतिक सुंदरता को उभारता है। इस लुक में बहुत ज्यादा ब्यूटी उत्पादों का इस्तेमाल नहीं किया जाता है बल्कि हल्के और कम मेकअप के जरिए नेचुरल ग्लो लाया जाता है। यह एक ऐसा मेकअप लुक है, जिसमें आप मेकअप तो करते हैं, लेकिन वह इतना हल्का होता है कि आसानी से नजर नहीं आता है। ब्यूटी एक्सपर्ट भारती तनेजा बताती हैं कि गर्मी के मौसम में मेकअप आपके चेहरे पर टिका रहे, यह एक बड़ी चुनौती है। इस दौरान पसीना, चिपचिपापन, धूप आदि से मेकअप पूरा खराब हो जाता है। इसलिए इन दिनों मेकअप से ज्यादा जरूरी है स्किन को तैयार करना। गर्मी के मौसम में मेकअप की सारी चीजें हल्की लगाएं। आइए जानें आप गर्मी में कैसे नो मेकअप लुक आजमाकर स्किन को ग्लोइंग बना सकती हैं।
नो मेकअप के लिए चेहरे को करें तैयार
नो मेकअप लुक के लिए क्लींजर, माइश्चराइजर, फाउंडेशन, कंसीलर, ब्लश, मस्कारा, काजल और लिप ग्लास जैसे जरूरी मेकअप उत्पादों की आवश्यकता होती है। सबसे पहले चेहरे को माइल्ड फेस वॉश से अच्छी तरह साफ कर लें, जिससे धूल और गंदगी पूरी तरह से हट जाए। इसके साथ ही, अगर मेकअप से पहले दो से तीन मिनट तक चेहरे पर आइस क्यूब लगाई जाए, तो स्किन के रोमछिद्र सिकुड़ जाते हैं और पसीना भी कम आता है।
यह भी पढ़ें- No Makeup Look में दिखेंगी खूबसूरत, बस ट्राई करें ये तरीके
बेस को हल्का रखें
चेहरे को साफ करने के बाद आप हल्का सा माइश्चराइजर लगा सकती हैं, लेकिन उसके साथ सनस्क्रीन लगाना न भूलें। इससे त्वचा को धूप से सुरक्षा मिलती है। इसके बाद बारी आती है फाउंडेशन की। नो मेकअप लुक में भारी फाउंडेशन की जगह टिंटेड फाउंडेशन लगाने की सलाह दी जाती है। कई लोग फाउंडेशन की जगह बीबी या सीसी क्रीम का इस्तेमाल भी करते हैं। इससे चेहरे का बेस आसानी से तैयार हो जाता है।

चेहरे पर कंसीलर लगाएं
चेहरे के जिन हिस्सों पर दाग-धब्बे या निशान दिखाई देते हैं, केवल वहीं त्वचा से मेल खाता हुआ कंसीलर लगाना चाहिए। कंसीलर को हमेशा हल्के हाथों से थपथपाकर लगाएं, जिससे वह त्वचा में अच्छी तरह घुल-मिल जाए।
यह भी पढ़ें- फाउंडेशन और कंसीलर लगाते समय आप भी करती हैं ये गलतियां? एक्सपर्ट से जानें अप्लाई का सही तरीका
आंखों को संवारें
अब बारी आती है आंखों की, जो चेहरे की खूबसूरती में चार चांद लगाती हैं। आप चाहें तो आंखों में काजल लगा सकती हैं या केवल एक कोट मस्कारा भी लगा सकती हैं। इससे आंखें अधिक खुली-खुली और ताजा नजर आती हैं।
आईब्रो
आईब्रो को बनावटी नहीं दिखाना चाहिए। वे जितनी नेचुरल दिखेंगी, उतनी ही सुंदर लगेंगी। इसलिए जहां खाली जगह दिखाई दे, केवल वहीं पेंसिल से हल्का सा भरें। इससे आईब्रो ज्यादा गाढ़ी या आर्टिफिशियल नहीं लगेंगी।

नेचुरल होंठ
आई मेकअप के बाद होंठों पर न्यूड लिपस्टिक लगाई जा सकती है। आप चाहें तो होंठों पर लिप ग्लास भी लगा सकती हैं। आजकल दोनों ऑप्शन में कई तरह के हल्के और नेचुरल कलर उपलब्ध हैं।
मेकअप टिकाने के लिए टिप्स
ब्यूटी एक्सपर्ट भारती तनेजा बताती हैं कि भारी मेकअप चेहरे पर परतें ले आता है। एसपीएफ युक्त माइश्चराइजर मेकअप का आधार होता है, इसके बाद हल्का सा प्राइमर या कोई बीबी क्रीम लगा सकते हैं। एक बात और ध्यान रखें, ऐसे मौसम में जो भी प्रोडक्ट इस्तेमाल करें वे वाटरप्रूफ होने चाहिए। इससे पसीने के कारण मेकअप पिघलेगा नहीं। हां, आप चाहें तो हल्का सा पाउडर लगा सकते हैं, लेकिन उसके बाद पूरे फेस पर गीले स्पंज से थपथपा लें, जिससे चेहरा नेचुरल लगे। इसके अलावा सांवले रंग वालों को गाढ़े रंग का कम इस्तेमाल करना चाहिए, वे चाहें तो व्हाइट गोल्ड का हाइलाइटर लगा सकते हैं।
अगर आप भी गर्मी के मौसम में मेकअप लुक को परफेक्ट बनाना चाहती हैं तो यहां बताई बातों का ध्यान रखें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक: सुमन अग्रवाल
Images: Magnipik.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।