दिल्ली सिर्फ भारत की राजधानी नहीं है बल्कि यह एक ऐसी जगह है जहां हर कुछ दूरी पर शहर का रंग बदला हुआ नजर आता है। कहीं सैकड़ों साल पुरानी इमारतें आपको इतिहास से रूबरू कराती हैं, तो कहीं चौड़ी सड़कें, बड़े-बड़े बाजार, कैफे और मॉडर्न लाइफस्टाइल की झलक नई दिल्ली में देखने को मिलती है। ऐसे में अगर आप दो दिन के लिए दिल्ली आ रही हैं और सोच रही हैं कि इतने कम समय में कैसे घूमें, तो थोड़ी सी प्लानिंग आपके काम आ सकती हैं।
दो दिन में आप पुरानी दिल्ली की तंग गलियों, यहां के फेमस फूड्स और ऐतिहासिक इमारतों से लेकर नई दिल्ली में फेमस कैफे और बाजारों में घूम सकती हैं। इस प्लान में आपको इतिहास, स्वाद, शॉपिंग, हरियाली और नाइटलाइफ का पूरा मजा मिलेगा। आइए इस ट्रैवल प्लान के बारे में जानते हैं-
दिल्ली पहुंचते ही होटल में करें चेक-इन
दिल्ली में आप सुबह-सुबह पहुंच जाएं और होटल में चेक-इन करें। हर बजट के हिसाब से रहने की फैसिलिटी आपको मिल जाएगी। अगर आप लग्जरी होटल में रुकना चाहती हैं तो कई बड़े होटल हैं। वहीं, कम बजट वाले यात्रियों के लिए भी अच्छे होटल और गेस्ट हाउस आसानी से मिल जाते हैं। आप सुबह-सुबह होटल में चेकइन करें। बस आपको बुकिंंग करते समय अर्ली चेकइन करने के लिए बात करना होगा।
यह भी पढ़ें- क्यों दिल्ली की सबसे पसंदीदा जगह है Gurudwara Bangla Sahib? सिर्फ आस्था नहीं, इतिहास भी है बेहद खास
पहला दिन: इतिहास, स्वाद और शॉपिंग का पूरा मजा
सुबह जल्दी निकलें
चेकइन करने के बाद आप फ्रेश हो जाएं। अब नई दिल्ली घूमना चाहती हैं तो सुबह जल्दी निकलकर राष्ट्रपति भवन घूमने जा सकती हैं। इस समय ट्रैफिक कम रहता है और तस्वीरें भी अच्छी आती हैं। राष्ट्रपति भवन और उसके आसपास का इलाका नई दिल्ली की पहचान है। यह जगहें बहुत ही खूबसूरत भी हैं।
सुबह 8 बजे: चांदनी चौक में करें दिल्ली के स्वाद की शुरुआत
दिल्ली घूमना हो और चांदनी चौक का खाना न खाया जाए, ऐसा हो ही नहीं सकता है। यहां आपको छोले भटूरे, पराठे, चाट, आलू कचौड़ी जैसी कई चीजें खाने को मिल जाएंगी। सुबह का नाश्ता यहीं करने का प्लान बना सकती हैं।
सुबह 10 बजे: पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतें देखें
चांदनी चौक में जायका लेने के बाद आप जामा मस्जिद और पुराना किला जैसी ऐतिहासिक जगहों का रुख कर सकती हैं। ये दोनों दिल्ली के इतिहास की पहचान हैं। आसपास के बाजारों में आप खरीदारी भी कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली से 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए कैसे और कहां से शुरू करें पावन यात्रा? नोट करें यह ट्रैवल प्लान
दोपहर: लाल किला जरूर देखें
दिल्ली की ट्रिप में अगर कोई रेड फोर्ट यानी लाल किला न देखे, तो आपकी ट्रिप अधूरी है। मुगल बादशाह शाहजहां ने इसे अपनी राजधानी शाहजहानाबाद के किले के रूप में बनवाया था। यह यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट की लिस्ट में भी शामिल है। अगर आपके पास समय हो तो शाम को यहां होने वाला साउंड एंड लाइट शो भी देख सकती हैं। करीब एक घंटे के इस शो में मुगल काल के इतिहास को रोशनी, संगीत और आवाज के जरिए दिखाया जाता है। इसकी आवाज एक्टर अमिताभ बच्चन ने दी है।
दोपहर 2 बजे: कनॉट प्लेस में करें शॉपिंग और लंच
लाल किले से करीब 15 मिनट की दूरी पर कनॉट प्लेस यानी सीपी है। यहां आपको इंडियन और विदेशी खाने के कई ऑप्शन मिल जाएंगे। अगर ब्रांडेड सामान खरीदना चाहती हैं तो सीपी में कई बड़े स्टोर हैं। वहीं, कम बजट में खरीदारी करनी हो तो जनपथ और पालिका बाजार जा सकती हैं।
शाम 4 बजे: जंतर-मंतर देखें
इतना सब करने के बाद आप जंतर-मंतर जा सकती हैं। इसे जयपुर के महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय ने बनवाया था। यहां 13 खगोलीय यंत्र हैं, जिनका इस्तेमाल कभी सूरज, चंद्रमा और ग्रहों की स्थिति का पता लगाने के लिए किया जाता था। यहां का सम्राट यंत्र, मिश्र यंत्र और जयप्रकाश यंत्र सबसे ज्यादा फेमस है। फिलहाल अभी जंतर-मंतर के हालात ठीक नहीं हैं, इसलिए यहां जाने से पहले स्थिति के बारे में जान जरूर लें।
शाम: लोधी गार्डन में बिताएं सुकून के पल
दिनभर घूमने के बाद आप कुछ समय के लिए लोधी गार्डन जा सकती हैं। यहां ग्रीनरी के साथ-साथ बड़ा गुंबद, शीशा गुंबद, मोहम्मद शाह और सिकंदर लोदी के मकबरे जैसी ऐतिहासिक इमारतें भी देखने को मिलेंगी।
रात 8 बजे: साउथ दिल्ली के बाजारों में करें स्ट्रीट शॉपिंग
दिल्ली आईं हैं तो स्ट्रीट शॉपिंग जरूर करें। इसके लिए आप लाजपत नगर, सरोजिनी नगर और साउथ एक्स जैसी जगहों पर जा सकती हैं। ब्रांडेड शॉपिंग के लिए साउथ एक्स से बेहतरीन ऑप्शन कोई है ही नहीं। वहीं, ट्रेंडी कपड़े और कम बजट में खरीदारी के लिए सरोजिनी नगर काफी फेमस है। इन बाजारों में स्ट्रीट फूड का भी भरपूर मजा लिया जा सकता है।
रात 10 बजे: खान मार्केट की नाइटलाइफ देखें
अगर रात में थोड़ा समय बचा है तो आप खान मार्केट भी जा सकती हैं। यहां कई कैफे, रेस्टोरेंट, लाउंज और पब हैं, जहां लोग देर रात तक समय बिताते हैं।
दूसरा दिन: दिल्ली की कुछ और खास जगहें भी करें एक्सप्लोर
अगर आपके 48 घंटे का सफर अगले दिन की सुबह और दोपहर तक बढ़ता है, तो इन जगहों को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें।
सुबह: कुतुब मीनार से करें शुरुआत
कुतुब मीनार दुनिया की सबसे ऊंची ईंटों से बनी मीनार है और यह भी यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट की लिस्ट में शामिल है। यहां पास में कुव्वत-उल-इस्लाम मस्जिद है, जिसे कुतुबुद्दीन ऐबक ने बनवाया था। यहीं पर फेमस लौह स्तंभ भी है, जिसे चौथी शताब्दी का माना जाता है। करीब 24 फीट ऊंचा और छह टन से ज्यादा वजन वाला यह स्तंभ जंग न लगने की अपनी खासियत के लिए जाना जाता है।
सुबह 8 बजे: अलाई दरवाजा और अलाई मीनार देखें
आपको बता दें कि कुतुब परिसर में अलाई दरवाजा भी है, जिसे लाल बलुआ पत्थर और सफेद संगमरमर से बनाया गया था। इसे अलाउद्दीन खिलजी ने बनवाया था। पास में अलाई मीनार भी है। खिलजी इसे कुतुब मीनार से दोगुना ऊंचा बनवाना चाहते थे, लेकिन 1316 में उनकी मौत हो गई जिससे इसका निर्माण पूरा नहीं हो सका।
सुबह 10 बजे: मेहरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क जाएं
इसके बाद मेहरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क जा सकती हैं। यहां दिल्ली सल्तनत के शासक गयासुद्दीन बलबन का मकबरा है। यहीं पर जमाली-कमाली मस्जिद और सूफी संत की दरगाह भी है।
दोपहर: हौज खास की सैर करें
हौज खास अपने इतिहास और मॉडर्न माहौल, दोनों के लिए जाना जाता है। यहां हौज खास लेक, लोदी काल की मस्जिद, मकबरा और कई ऐतिहासिक इमारतें हैं। वहीं, हौज खास विलेज अपने कैफे, रेस्टोरेंट और एक अलग माहौल के लिए यंगस्टर्स में काफी फेमस है।
दोपहर 2 बजे: लोटस टेंपल देखें
इसके बाद लोटस टेंपल जाएं, जो कमल के फूल के डिजाइन में बना हुआ है। यह बहाई धर्म का उपासना स्थल है। इस मंदिर में किसी भी धर्म का व्यक्ति जा सकता है। यहां सभी लोग अपने-अपने तरीके से प्रार्थना कर सकते हैं। इसमें सफेद संगमरमर की 27 पंखुड़ियां हैं। लोटस टेंपल में नौ एंट्री गेट हैं, जो करीब 40 मीटर ऊंचे हॉल तक जाते हैं। बताया जाता है कि इस हॉल में एक साथ लगभग 2,500 लोग बैठ सकते हैं।
शाम 4 बजे: हुमायूं का मकबरा देखकर पूरी करें ट्रिप
अब आप हुमायूं का मकबरा जा सकती हैं। बताया जाता है कि मुगल सम्राट हुमायूं की याद में उनकी पत्नी हाजी बेगम ने इसका निर्माण करवाया था। यहां हुमायूं और हाजी बेगम दोनों की कब्रें हैं।
अब जाएं दिल्ली हाट
अगर एक ही जगह पर भारत के अलग-अलग राज्यों की झलक देखनी है, तो दिल्ली हाट जरूर जाएं। यहां देश के कई राज्यों के हस्तशिल्प, कपड़े, डेकोरेटिव आइटम्स और दूसरी ट्रेडिशनल चीजें मिल जाएंगी। खरीदारी के साथ-साथ अलग-अलग राज्यों का खाना भी चख सकती हैं। कई बार यहां लोक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं।
रात 10 बजे: इंडिया गेट की खूबसूरती देखें
दिल्ली हाट से कुछ ही दूरी पर इंडिया गेट है। रात के समय रोशनी में जगमगाता हुआ इंडिया गेट बहुत ही खूबसूरत दिखाई देता है। यहां कुछ देर टहलना, फोटोज क्लिक कराना आपको पसंद आएगा। इसी के बाद आप वापसी कर सकती ह
दो दिन की यात्रा के लिए कुछ जरूरी टिप्स
- सुबह जल्दी निकलेंगी तो ट्रैफिक से बच जाएंगी।
- मेट्रो का इस्तेमाल करने से समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
- कंफर्टेबल फुटवियर पहनें क्योंकि आपको काफी पैदल चलना पड़ सकता है।
- गर्मियों में पानी की बॉटल साथ रखें।
- किसी भी ऐतिहासिक जगह पर जाएं तो वहां के नियमों का पालन जरूर करें।
- भीड़भाड़ वाले बाजारों में अपने सामान का ध्यान रखें।
दिल्ली कैसे पहुंचें?
दिल्ली पहुंचने के लिए आपको कई ऑप्शन मिल जाएंगे। सभी राज्यों से फ्लाइटें उपलब्ध रहती हैं। इसके अलावा आप ट्रेन, बस और प्राइवेट कार से भी आ सकती हैं।
तो अगर आप भी दो दिन के लिए दिल्ली आ रही हैं तो यह ट्रैवल गाइड आपके काम आ सकता है। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Source-
https://www.incredibleindia.gov.in/en/trips/trip-listing/48-hours-in-delhi
Image Credit- Freepik
