हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर स्कूल और कॉलेज में भाषण, कविता, निबंध और कई तरह के प्रोग्राम होते हैं। अगर आपको भी हिंदी दिवस पर स्पीच देनी है और समझ नहीं आ रहा कि क्या बोलें, तो ज्यादा मुश्किल भाषा या लंबे-लंबे शब्दों को रटने की जरूरत नहीं है।
दरअसल, एक अच्छी स्पीच वही होती है जो सुनने वालों को आसानी से समझ आए और बात सीधे दिल तक पहुंचे। इसलिए हम आपके लिए हिंदी दिवस पर 2 मिनट की 3 ऐसी स्पीच लेकर आए हैं, जिन्हें स्कूल या कॉलेज में आसानी से बोला जा सकता है। आइए जानते हैं-
हिंदी दिवस पर स्पीच देने से पहले करें ये काम
आप चाहें स्कूल में हों या कॉलेज में, जब भी स्पीच देना शुरू करेंख, तो कुछ बाताें का ध्यान रखें। जैसे-
- शुरुआत में सभी को नमस्कार जरूर करें।
- बहुत तेज बोलने के बजाय आराम से बोलें।
- कठिन शब्दों की जगह आसान शब्दों का इस्तेमाल करें।
- स्पीच को रटने के बजाय उसका मतलब समझकर बोलें।
- आखिर में धन्यवाद कहना न भूलें।
यह भी पढ़ें- Hindi Diwas 2026: शादी से लेकर चायवाला तक, ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में शामिल हैं हिंदी के ये शब्द
स्पीच 1: स्कूल के लिए स्पीच
आदरणीय प्रधानाचार्य जी, सभी शिक्षकगण और मेरे प्यारे दोस्तों, आप सभी को नमस्कार। आज मैं हिंदी दिवस के मौके पर आप सभी के सामने हिंदी भाषा के बारे में कुछ बातें कहना चाहती हूं। हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। 14 सितंबर 1949 को हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया गया था। इसी वजह से इस दिन को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
Image Credit- AI
हिंदी हमारे लिए सिर्फ एक भाषा नहीं है। यह हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा है। हम अपने परिवार से बात करते हैं, अपनी भावनाओं को बताते हैं और अपने दोस्तों के साथ बातें करते हैं, इनमें हिंदी का ही इस्तेमाल होता है। आज के समय में हम कई भाषाएं सीखते हैं और सीखनी भी चाहिए। अंग्रेजी और दूसरी भाषाओं के बारे में जानकारी होना हमारे लिए अच्छा है, लेकिन दूसरी भाषा सीखने का मतलब यह नहीं है कि हम अपनी भाषा को भूल जाएं।
यह भी पढ़ें- Hindi Diwas Poem 2026: हिंदी दिवस के मौके पर स्टूडेंट्स के लिए बेस्ट हैं ये कविता और दोहे
हिंदी को आगे बढ़ाने के लिए हमें सिर्फ हिंदी दिवस पर ही हिंदी नहीं बोलनी चाहिए। हमें रोजमर्रा की जिंदगी में भी अपनी भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए और इसे सम्मान देना चाहिए। आइए, आज हिंदी दिवस पर हम यह कोशिश करें कि हिंदी को सिर्फ एक विषय न समझें बल्कि अपनी भाषा की तरह अपनाएं। इन्हीं शब्दों के साथ मैं अपनी बात खत्म करती हूं। आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। जय हिंद।
स्पीच 2: स्कूल और कॉलेज दोनों के लिए
आदरणीय प्रधानाचार्य जी, शिक्षकगण और मेरे सभी दोस्तों, आप सभी को मेरा नमस्कार। आज हम यहां हिंदी दिवस मनाने के लिए यहां पर इकट्ठा हुए हैं। हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। यह दिन हमें हिंदी भाषा की याद दिलाने के साथ-साथ अपनी भाषा को सम्मान देने का मौका भी देता है। हिंदी हमारे देश में बड़े लेवल पर बोली और समझी जाती है। हम अपने घर में, दोस्तों के बीच और रोज के काम में हिंदी का इस्तेमाल करते हैं।
यहां तक कि हमारी फिल्में, गाने, कहानियां और बातचीत भी हिंदी से ही जुड़ी है, लेकिन आज के समय में कई लोग हिंदी बोलते हुए भी इसे कम महत्व देने लगे हैं। हमें लगता है कि हिंदी से हमारा भविष्य उजागर नहीं हो सकता है। बस हमें यही सोच बदलने की जरूरत है। अंग्रेजी या कोई दूसरी भाषा सीखना गलत नहीं है बल्कि ज्यादा भाषाएं आना अच्छी बात है, लेकिन अपनी भाषा को पीछे छोड़ देना सही नहीं है।
Image Credit- Shutterstock
हमें हिंदी को लेकर झिझकने की जरूरत नहीं है। अगर हम हिंदी में अपनी बात अच्छे से कह सकते हैं, तो हमें उसी कॉन्फिडेंस के साथ बोलना चाहिए। हिंदी दिवस हमें यही याद दिलाता है कि भाषा कोई छोटी या बड़ी नहीं होती है। हर भाषा की अपनी खासियत होती है। हमें दूसरी भाषाओं का सम्मान करते हुए अपनी भाषा को भी पूरा सम्मान देना चाहिए। तो आइए आज सिर्फ एक दिन के लिए नहीं बल्कि हमेशा अपनी भाषा पर गर्व करें और हिंदी को अपने रोज के जीवन में जगह दें। धन्यवाद। जय हिंद।
स्पीच 3: कॉलेज के लिए दमदार स्पीच
आदरणीय शिक्षकगण और मेरे सभी साथियों, आप सभी को मेरा नमस्कार। आज हिंदी दिवस के मौके पर मैं आपसे एक छोटा सा सवाल पूछना चाहती हूं- क्या हिंदी बोलना हमें कभी छोटा महसूस करवा सकता है? मेरे हिसाब से इसका जवाब है- बिल्कुल नहीं। हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। 14 सितंबर 1949 को हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया गया था। यह दिन हमें अपनी भाषा के महत्व को समझने का मौका देता है।
आज हम पढ़ाई, नौकरी और करियर के लिए कई तरह की भाषाएं सीखते हैं। यह हमारे लिए जरूरी भी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम अपनी भाषा को भूल जाएं। हिंदी में बात करना, हिंदी में लिखना या हिंदी में अपनी बातें रखना हमारी कमजोरी नहीं है। असली बात यह है कि हम जिस भाषा में अपनी बात सबसे अच्छी तरह समझा सकते हैं, उसे लेकर हमारे अंदर आत्मविश्वास होना चाहिए।
भाषा सिर्फ शब्दों का इस्तेमाल नहीं है। भाषा के जरिए हम अपनी बात, अपनी सोच और अपनी भावनाएं दूसरों तक पहुंचाते हैं। इसलिए हिंदी दिवस पर हमें सिर्फ कार्यक्रम करके या भाषण देकर इसे खत्म नहीं होने देना चाहिए। हमें अपनी रोज की जिंदगी में भी हिंदी को जगह देनी चाहिए। हम अंग्रेजी सीखें, दूसरी भाषाएं सीखें, दुनिया के साथ आगे बढ़ें, लेकिन अपनी भाषा को पीछे न छोड़ें। इन्हीं शब्दों के साथ मैं अपनी बात समाप्त करती हूं। आप सभी का धन्यवाद। जय हिंद।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Cover Image Credit- AI
