Teachers' Day Speech 2026 in Hindi: 5 सिंतबर को देना है स्कूल में भाषण, यहां से ले सकती हैं आइडिया

Teachers' Day Speech Ideas: एक छात्र की जिंदगी में गुरु का बहुत ही महत्त्वपूर्ण स्थान होता है। शिक्षक देश के भविष्य यानी छात्रों के साथ-साथ राष्ट्र के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। अध्यापकों के इसी योगदान को सम्मान देने के लिए हर साल 05 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। हालांकि, इस दिन को मनाने का मुख्य कारण देश के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती है। इस अवसर पर स्कूलों में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
अगर आप भी इस मौके पर अपने अध्यापकों के लिए कोई शानदार भाषण तैयार कर रही हैं, तो यह लेख आपके बहुत काम आएगा। यहां आपके लिए 3 बेहतरीन भाषण के आइडिया दिए गए हैं।
शिक्षक दिवस 2026 के लिए Speech Ideas
स्कूल में जब भी कोई प्रोग्राम होता है, तो हम उसमें अपनी पूरी मेहनत लगा देते हैं। अगर आप विद्यालय के भाषण कार्यक्रम के लिए स्पीच आइडिया खोज रही हैं, तो नीचे बताए गए टॉपिक चुन सकती हैं।
1. पहला आइडिया- डॉ. राधाकृष्णन और गुरु-शिष्य से जुड़ा हुआ
आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय, शिक्षकगण और मेरे प्यारे साथियों, आप सभी को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज 5 सितंबर है और हम सब अपने जीवन को गढ़ने वाले गुरुओं के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए यहां एकत्र हुए हैं। यह दिन हमारे महान शिक्षाविद् और देश के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। जब एक बार उनके छात्रों ने उनका जन्मदिन मनाने की इच्छा जताई, तो उन्होंने कहा कि मेरा जन्मदिन मनाने के बजाय अगर इसे शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाए, तो मुझे अधिक गर्व महसूस होगा। तब से यह दिन शिक्षकों को समर्पित हो गया। शिक्षक केवल हमें किताबी ज्ञान नहीं देते बल्कि हमें एक बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं। हमें हमेशा अपने गुरुओं का आदर करना चाहिए और उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- Teachers' Day 2026 Greeting Card Ideas: अपने पसंदीदा टीचर के लिए ऐसे बनाएं खूबसूरत ग्रीटिंग कार्ड्स

2. दूसरा आइडिया- राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका से जुड़ा भाषण
सुप्रभात, यहां उपस्थित सभी गुरुजनों और मित्रों, आज का दिन हम सभी के लिए बेहद खास है। हम अपने माता-पिता के बाद सबसे पहले अपने शिक्षकों से जीवन के शुरुआती सबक सीखते हैं। एक कहावत है कि मोमबत्ती खुद जलकर दूसरों के रास्ते को रोशन करती है और हमारे शिक्षक भी ठीक उसी मोमबत्ती की तरह हैं। वे अपने ज्ञान के प्रकाश से हमारे अंधकारमय जीवन को रोशन करते हैं। चाणक्य ने कहा था कि प्रलय और निर्माण दोनों शिक्षक की गोद में खेलते हैं। इसका अर्थ यह है कि एक देश का भविष्य सीमाओं पर लड़ने वाले सैनिकों के साथ-साथ कक्षाओं में पढ़ाने वाले शिक्षकों द्वारा भी गढ़ा जाता है। आज के इस पावन अवसर पर आइए हम संकल्प लें कि हम अपने शिक्षकों की मेहनत को कभी व्यर्थ नहीं जाने देंगे और अपनी कड़ी मेहनत से देश का नाम रोशन करेंगे।

3. तीसरा आइडिया- स्टूडेंट्स की भावना से जुड़ा हुआ
आदरणीय गुरुजनों और मेरे प्यारे साथियों, नमस्कार... आज 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस के इस पावन अवसर पर मुझे अपने शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करने का जो अवसर मिला है, उसके लिए मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हूं। अक्सर हम अपनी सफलता का श्रेय खुद को या अपनी किस्मत को देते हैं, लेकिन हमारी हर छोटी-बड़ी सफलता के पीछे हमारे शिक्षकों की अनगिनत रातें, उनका धैर्य और उनका मार्गदर्शन छिपा होता है। जब हम गलतियां करते हैं तो वे हमें डांटते भी हैं और जब हम घबराते हैं तो वे हमारा हौसला भी बढ़ाते हैं। उनके इसी प्यार और समर्पण को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। आज के दिन हम अपने सभी अध्यापकों को उनके अमूल्य योगदान के लिए दिल से धन्यवाद देते हैं।
भाषण की शुरुआत कैसे करें? नोट कर लें ये 10 लाइनें (Teachers Day Speech Lines in Hindi)
शिक्षक दिवस भाषण को जोरदार बनाने के लिए आप भाषण की शुरूआत करते समय नीचे दी गई लाइनों को जोड़ सकती हैं।

- अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाले और जीवन को सही दिशा दिखाने वाले सभी गुरुओं को मेरा नमन।
- आदरणीय गुरुजनों और मेरे प्यारे साथियों, आज का यह दिन हम सबके लिए बेहद खास और भावनाओं से भरा हुआ है।
- कबीर दास जी ने कहा था- गुरु गोविंद दोउ खड़े, काके लागूपूरन बलिहारी गुरु आपने, गोविंद दियो बताय। ऐसे महान गुरुओं को मेरा शत-शत नमन।
- एक मूर्तिकार पत्थर को तराश कर भगवान की मूर्ति बना देता है, ठीक वैसे ही एक शिक्षक कच्चे बच्चे को एक जिम्मेदार नागरिक बनाता है।
- जिंदगी के हर इम्तिहान में जो हमें संभालते हैं, वे हमारे शिक्षक ही होते हैं, जो हमें कभी हारना नहीं सिखाते।
- आज 5 सितंबर है और यह दिन भारत के दूसरे राष्ट्रपति और महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की पावन स्मृति को समर्पित है।
- माता-पिता हमें इस खूबसूरत दुनिया में लाते हैं, लेकिन उस दुनिया में जीना और आगे बढ़ना हमारे शिक्षक हमें सिखाते हैं।
- शिक्षक वह रोशनी है जो खुद जलकर हमारे भविष्य के रास्ते को रोशन कर देती है।
- किताबों से ज्ञान तो कोई भी दे सकता है, लेकिन जीवन जीने का असली हुनर सिर्फ एक अच्छा गुरु ही सिखा सकता है।
- आइए, आज इस शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर हम सब मिलकर अपने गुरुओं के चरणों में अपनी कृतज्ञता व्यक्त करें।
इसे भी पढ़ें-Teachers Day DIY Gifts: टीचर्स के लिए 3 आसान और बजट-फ्रेंडली हैंडमेड गिफ्ट्स
इन आसान स्पीच आइडियाज को आप अपने स्कूल के प्रोग्राम में शामिल कर सकती हैं। अगर आपको यह लेख पसंद आया है, तो इसे शेयर करें। साथ ही ऐसे आर्टिकल को पढ़ने के लिए जुड़े रहे हरजिंदगी के साथ।
Image Credit- Maginific
- भारत में हर साल 5 सितंबर को ही शिक्षक दिवस क्यों मनाया जाता है?
- भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस को सम्मान देने के लिए 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
- डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म कब और कहां हुआ था?
- डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर 1888 को तमिलनाडु के तिरुत्तणी नामक स्थान पर हुआ था।
- डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन भारत के कौन से राष्ट्रपति थे?
- डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन भारत के पहले उपराष्ट्रपति और दूसरे राष्ट्रपति थे।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।