सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स के तमाम दावों से भरे पड़े हैं। यहां पर खूबसूरत और बेदाग त्वचा पाने के लिए तरह-तरह के स्किनकेयर प्रोडक्ट्स प्रमोट किए जाते हैं। कहीं पिंपल्स हटाने का दावा किया जाता है, तो कहीं काले धब्बों और पिगमेंटेशन से छुटकारा दिलाने का। इन विज्ञापनों की सच्‍चाई जाने बिना ही यहां लड़कियां ऑनलाइन क्रीम और ब्यूटी प्रोडक्ट्स ऑर्डर कर लेती हैं। बस यही गलती भारी पड़ती है। बेदाग त्‍वचा पाने की चाहत स्किन के साथ सेहत पर असर डालती है। इन सब बातों से परे हमारे समाज की युवा लड़कियों को यह समझना बहुत जरूरी है कि सुंदरता का पैमाना काला या गोरा होना नहीं होता। आपके अंदर मौजूद आत्‍मविश्‍वास से ही आपकी सही पर्सनैलिटी सामने आती है।

इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर के भ्रामक दावों ने किया नुकसान

हाल ही में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। पीटीआई के अनुसार, केरल में एक 17 साल की एक लड़की ने इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर के प्रमोशनल वीडियो से प्रभावित होकर ऑनलाइन एक फेयरनेस क्रीम खरीदी। दावा किया गया था कि इस क्रीम के इस्तेमाल से पिंपल्स, काले धब्बे और पिगमेंटेशन जैसी त्वचा संबंधी समस्याएं दूर हो सकती हैं। करीब 1 साल तक इस क्रीम का इस्तेमाल करने के बाद लड़की की हेल्‍थ खराब हो गई। मेडिकल जांच में पता चला कि जिस क्रीम का इस्‍तेमाल लड़की ने किया, उसमें मर्करी का लेवल करीब 12,500 पार्ट्स पर मिलियन था।

यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई लोग इन्फ्लुएंसर्स के भ्रामक दावों में यकीन कर अपना नुकसान करवा चुके हैं। ऐसा ही एक मामला विदेश का भी है। जहां एक लड़की ने नाक के बाल हटाने के लिए वैक्‍स स्टिक का इस्‍तेमाल किया। इसके बाद जैसे ही स्टिक खींची दर्द से छटपटाने लगी। शरीर की प्राकृतिक रक्षा प्रणाली से छेड़छाड़ करना कभी-कभी गंभीर परिणाम दे सकता है।

सवाल यही उठता है कि ऑनलाइन कॉस्‍मेटिक प्रोडक्‍ट पर भरोसा करना सेफ है या नहीं? कैसे हम ऐसे दावों से बचें? इसका जवाब देते हुए द क्लियर स्‍कीन की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉक्‍टर याशना सिंह ने कहा कि हर किसी की स्किन टाइप अलग होती है। ऐसे में किसी भी स्किन प्रोडक्‍ट पर भरोसा न करें।

Image Credit: magnific.com

स्किन को गोरा बनाने के दावों से रहें कोसों दूर

आजकल सोशल मीडिया पर कई ब्यूटी और स्किनकेयर प्रोडक्ट्स का प्रचार किया जाता है। यहां हर वायरल या प्रमोट किया गया प्रोडक्ट सुरक्षित हो, यह जरूरी नहीं है। किसी इन्फ्लुएंसर का प्रोडक्ट इस्तेमाल करने का सुझाव उसकी सुरक्षा या गुणवत्ता की गारंटी नहीं होता।

बिना सामग्री की जानकारी और जरूरी जांच के इस्तेमाल किए जाने वाले स्किनकेयर प्रोडक्ट्स के इस्‍तेमाल से बचें। महिलाओं को ऐसे विज्ञापनों से बचने की सख्‍त जरूरत है जिनमें फेयरनेस क्रीम के जरिए तुरंत नतीजे या त्वचा के रंग में तेजी से बदलाव का दावा किया जाता है। त्वचा से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए खुद से क्रीम चुनने के बजाय डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेनी चाहिए।

ऑनलाइन ब्यूटी प्रोडक्ट खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप भी इंस्टाग्राम या दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन देखकर स्किनकेयर प्रोडक्ट्स खरीदती हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।

  • इन्फ्लुएंसर के प्रमोशन पर आंख बंद करके भरोसा न करें।
  • सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के प्रोडक्ट प्रमोट करने का मतलब यह नहीं है कि वह हर व्यक्ति की त्वचा के लिए सुरक्षित और असरदार होगा।
  • प्रोडक्ट के इंग्रीडिएंट्स जरूर पढ़ें।
  • क्रीम या किसी अन्य ब्यूटी प्रोडक्ट को खरीदने से पहले उसके सभी इंग्रीडिएंट्स और निर्माता से जुड़ी जानकारी चेक करें।
  • संदिग्ध या अधूरी जानकारी वाले प्रोडक्ट्स कतई न लें।
  • प्रोडक्‍ट के निर्माण और समाप्ति की डेट जरूर चेक करें।
  • जल्‍द गोरा बनाने वाले दावों से बचें।
  • हर किसी की त्वचा अलग होती है। इसलिए पिंपल्स, पिगमेंटेशन और दाग-धब्बों के लिए अपनी मर्जी से क्रीम इस्तेमाल करने के बजाय त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें।
  • किसी प्रोडक्ट के इस्तेमाल के बाद त्वचा या सेहत से जुड़ी परेशानी महसूस हो, तो उसे नजरअंदाज न करें। डॉक्टर से संपर्क करें।

Image Credit: magnific.com

गोरा या सांवला होना नहीं है सुंदरता का पैमाना

सौंदर्य ही सब कुछ नहीं है, बल्कि यह कई गुणों में से एक है। कुछ लोग स्वाभाविक रूप से सुंदर होते हैं, तो कुछ अपनी मेहनत और देखभाल से खुद को आकर्षक बनाते हैं। सवाल यह है कि आखिर सुंदरता को मापने का पैमाना क्या है?

एक समय था जब गोरे रंग को खूबसूरती का पैमाना माना जाता था। समाज में गोरी रंगत वाली लड़कियों को सांवली लड़कियों की तुलना में अधिक सुंदर समझा जाता था, लेकिन आज की लड़कियों को यह समझने की जरूरत है कि समय बदल चुका है और सुंदरता को देखने का नजरिया भी। गोरा या सांवला रंग किसी की खूबसूरती तय नहीं करता। लड़कियों की पहचान उनके गुणों, आत्मविश्वास और उपलब्धियों से होनी चाहिए। इसलिए, फेयरनेस क्रीम के पीछे भागने के बजाय अपने गुणों और व्यक्तित्व को निखारने पर ध्यान दें।

देश की युवा लड़कियां हमारे समाज का आईना हैं। गोरे और सांवले रंग के भेदभाव में उलझने के बजाय अपनी सेहत का ध्यान रखें, संतुलित दिनचर्या अपनाएं और अपनी सोच को सकारात्मक बनाएं। याद रखें, आपकी पहचान आपकी रंगत से नहीं, बल्कि आपके गुणों और उपलब्धियों से होती है।अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: magnific.com.AI