दिनभर काम, घर की टेंशन और कई तरह की बातें हमारे दिमाग में चलती रहती हैं। कई बार रात को बेड पर जाने के बाद भी दिमाग को आराम नहीं मिल पाता है। दिनभर हुई छोटी-छोटी बातों को हम बार-बार सोचने लगते हैं। वहीं आने वाले दिनों को लेकर भी टेंशन बनी रहती है। ऐसे में हम कितना भी क्यों न थके हों, मन शांत नहीं हो पाता है। वहीं स्ट्रेस और ओवरथिंकिंग से हमारा पूरा रूटीन बिगड़ जाता है।
ऐसे में क्यों न सोने से ठीक पहले कुछ मिनट अपने शरीर और सांस पर ध्यान दें, जिससे हमें नींद भी अच्छी आए और दिमाग भी शांत हो। दरअसल, जब हमारी नींद अच्छे से पूरी हो जाती है, तो आधा स्ट्रेस तो अपने आप ही कम हो जाता है। अगर आपको भी रात में स्ट्रेस और ओवरथिंकिंग की वजह से मन शांत करने में परेशानी होती है, तो हम आपको सोने से कुछ देर पहले करने वाले प्राणायाम या आसान के बारे में बता रहे हैं जिसे आप अपनी रूटीन में शामिल कर सकती हैं।
Image Credit- Magnific
सोने से पहले योग करने का सही समय क्या है?
क्लीवलैंड क्लीनिक के मुताबिक, दिमाग को शांत करना है और नींद भी अच्छी चाहिए तो रात को सोने से ठीक पहले ये प्राणायाम किए जा सकते हैं। अगर इसे बहुत पहले कर लिया जाए तो बाद में कोई दूसरी चीज आपका दिमाग फिर से एक्टिव कर सकती है। इसलिए कमरे की लाइट कम कर लें और ऐसी जगह चुनें जहां आराम से लेटने की जगह हो। आप ये 3 आसन और प्राणायाम ट्राई कर सकती हैं-
यह भी पढ़ें- ओवरथिंकिंग कब बन जाती है एंग्जायटी? एक्सपर्ट से समझें
1. माउंटेन पोज
माउंटेन पोज करने के लिए सीधे खड़ी हो जाएं और पैरों के बीच थोड़ा गैप रखें। अब दोनों पैर आगे की तरफ रखें और शरीर का वजन दोनों पैरों पर बराबर रखें। हाथों को शरीर के पास आराम से रखें। ध्यान रहे कि आपकी पीठ सीधी होनी चाहिए। कंधो में फ्लेक्सिबिलिटी बनी रहे। इस पोज में आपको कम से कम 3 से 5 बार गहरी सांस लेनी होगी। यह आपको अपने शरीर और इस समय पर ध्यान लगाने में मदद करेगा। इससे धीरे-धीरे दिनभर की बातों से ध्यान हटेगा और आपका दिमाग भी शांत होगा।
यह भी पढ़ें- मन में चलते रहते हैं अनगिनत विचार? जानें Overthinking रोकने के असरदार तरीके
2. हाथ ऊपर करके करें स्ट्रेच
आप दूसरा तरीका यह भी अपना सकती है कि दोनों हाथों को ऊपर की तरफ ले जाएं और हथेलियों को आपस में मिला लें। अब हाथों को ऊपर की ओर खींचते हुए शरीर को स्ट्रेच करें। इस दौरान कम से कम 3 बार आपको गहरी सांस लेनी होगी। यह प्रक्रिया आप तीन से पांच बार दोहरा सकती हैं। इससे शारीरिक और दिमागी थकान तो दूर होती ही है, साथ ही नींद भी अच्छी आती है।
यह भी पढ़ें- रात को 2 बजे तक दिमाग में चलते रहते हैं हजारों विचार? सोने से पहले करें यह मुद्रा, मिलेगा सुकून
3. बेली ब्रीदिंग
अब सबसे आखिरी में आपको बेली ब्रीदिंग करनी होगी। इसके लिए पैरों को सीधा करके आराम से लेट जाएं। अब दोनों हाथ पेट पर रखें और आंखें बंद कर लें। अब धीरे-धीरे गहरी सांस लें और महसूस करें कि सांस के साथ पेट ऊपर-नीचे हो रहा है। अपना ध्यान सिर्फ सांस पर ही रखें। इसे आपको कम से कम 5 मिनट तक करना होगा। इस दौरान शरीर को जितना हो सके उतना आराम दें।
Image Credit- Magnific
सोने से पहले इस बात का रखें ध्यान
अगर आप स्ट्रेस-ओवरथिंकिंग और रात में नींद न आने की वजह से परेशान रहती हैं, तो सोने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। जैसे-
- रूटीन शुरू करने से पहले कमरे की लाइट थोड़ी धीमी कर लें।
- ऐसी जगह चुनें जहां आराम से स्ट्रेच कर सकें और लेट सकें।
- हर पोज अपनी सुविधा के हिसाब से करें।
- सांस को रोकने के बजाय आराम से गहरी सांस लें।
- रूटीन को बहुत पहले करने के बजाय सोने के कुछ समय पहले ही करें।
यह भी पढ़ें- ओवरथिंकिंग की आदत बन सकती है आपकी सेहत की दुश्मन, जानिए हार्मोन को किस तरह करती है इफेक्ट
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
All Image Credit- magnific
Source- https://health.clevelandclinic.org/bedtime-yoga-for-sleep-and-mind-calm
