नारियल तेल का इस्तेमाल लगभग सभी घरों में होता है। कोई बालों में लगाता है, कोई स्किन केयर में इसका इस्तेमाल करता है, तो वहीं कुछ लोग खाना बनाने में भी कोकोनट ऑयल का यूज करते हैं। इसी वजह से मार्केट में इसकी डिमांड ज्यादा रहती है, लेकिन दिक्कत यह है कि बाजार में मिलने वाला यह नारियल तेल पूरी तरह से शुद्ध हो, इसकी कोई गारंटी नहीं होती है। कई बार तो ये मिलावटी भी हो सकते हैं।

ऐसे में अगर आप भी मिलावटी तेल का इस्तेमाल करने से बचना चाहती हैं तो घर पर आसानी से शुद्ध नारियल का तेल निकाल सकती हैं। खास बात तो यह है कि इसके लिए आपको किसी मशीन की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। आइए जानते हैं इसके बारे में-

सबसे पहले सूखे नारियल को तैयार करें

हम सभी के घर में किसी न किसी काम के लिए सूखे हुए नारियल आते ही हैं। इन्हीं नारियलों से आप तेल बना सकती हैं। सबसे पहले नारियल को फोड़कर उसके छोटे-छोटे टुकड़े कर लें। अब इन टुकड़ों को एक बड़े बर्तन में पानी डालकर करीब 2 घंटे के लिए भिगो दें। इससे सूखा नारियल थोड़ा सॉफ्ट हो जाएगा। इससे इसका दूध निकालना आसान हो जाएगा।

Image Credit- Youtube/Amma Chethi Vanta

मिक्सर में पीसकर निकालें नारियल का दूध

अब भीगे हुए नारियल को मिक्सर जार में डालें। जरूरत हो तो थोड़ा सा पानी भी डाल सकती हैं और फिर अच्छी तरह पीस लें। कोशिश करें कि बिल्कुल मुलायम पेस्ट तैयार हो जाए। अब एक साफ मलमल का कपड़ा लें और उसमें यह पेस्ट डालकर अच्छी तरह निचोड़ लें। जो सफेद और गाढ़ा लिक्विड निकलेगा, वही नारियल का दूध है। इसी दूध से तेल निकलेगा।

यह भी पढ़ें- कहीं आप भी तो नहीं लगातीं गलत समय पर नारियल तेल? जानें सही नियम

बचे हुए बुरादे को फेंकें नहीं

अब दूध निकालने के बाद जो नारियल का बुरादा बचेगा, उसे आपको फेंकना नहीं है। इसे धूप में अच्छी तरह सूखाकर आप बाद में चटनी, मिठाई, ग्रेवी या दूसरी रेसिपी में डेसिकेटेड कोकोनट की तरह इस्तेमाल कर सकती हैं। यानी एक ही नारियल से दो काम हो जाएंगे।

फ्रिज में रखें ताकि मलाई अलग हो जाए

अब निकाले गए नारियल के दूध को किसी बर्तन में डालकर ढक दें और 12 से 15 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। जब यह ठंडा हो जाएगा तो नारियल का फैट ऊपर जम जाएगा और नीचे पानी रह जाएगा। अगले दिन चम्मच की मदद से ऊपर जमी सफेद मोटी लेयर को धीरे-धीरे निकाल लें।

यह भी पढ़ें- क्या है मलाई को स्टोर करने का सही तरीका? महीनों तक नहीं होगी खराब और निकलेगा दोगुना घी

अब तैयार होगा शुद्ध नारियल तेल

आपने जो मोटी सी मलाई निकाली है तो कड़ाही में डालें और मीडियम फ्लेम पर गर्म करें। इसे बीच-बीच में चलाते रहें ताकि यह नीचे चिपके नहीं। धीरे-धीरे मलाई पिघलने लगेगी। करीब 45 से 60 मिनट बाद दूध का हिस्सा भूरा होने लगेगा और ऊपर साफ और खुशबूदार तेल दिखाई देने लगेगा। जब तेल पूरी तरह अलग हो जाए, तब गैस बंद कर दें। ये वही प्रॉसेस है जैसे आप नॉर्मल मलाई से घी निकालती हैं।

Image Credit- Freepik

ऐसे छानें और स्टोर करें

तेल थोड़ा ठंडा होने पर इसे आप छान लें। अब इसे पूरी तरह सूखे हुए कांच की बॉटल में भरकर रख लें। आपका घर का बना शुद्ध नारियल तेल तैयार है। बस ध्यान रखें कि इसमें पानी की एक बूंद भी न रहे, वरना यह जल्दी खराब हो जाएगा। इसे निकालने के लिए हमेशा सूखी चम्मच का ही इस्‍तेमाल करें, क्योंकि इसमें कोई प्रिजर्वेटिव या केमिकल नहीं होता, इसलिए इसे साफ तरीके से स्टोर करना जरूरी है।

यह भी पढ़ें- Real vs Fake Ghee: कहीं आप भी तो नहीं खा रही हैं मिलावटी घी? ऐसे करें असली और नकली की पहचान

इन बातों का रखें ध्यान

  • हमेशा एयरटाइट बॉटल में ही स्टोर करें।
  • सूखी जगह ही रखें।
  • एक महीने में इस्तेमाल कर लें।

तो अगर आपके घर में भी सूखे नारियल हैं, तो अब इस आसान तरीके से शुद्ध नारियल तेल निकाल सकती हैं। हां थोड़ी मेहनत जरूर लगेगी, लेकिन आपको घर का बना शुद्ध नारियल तेल मिल जाएगा। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik