How To Reuse Sour Curd: घर में रखा हुआ दही अगर अचानक खट्टा हो जाए, तो अक्सर हम उसे खराब समझकर फेंक देते हैं। मौसम बदलने के साथ दही का खट्टा होना बहुत आम बात है, लेकिन क्या आप जानती हैं कि पुराना और खट्टा दही स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ कई अन्य घरेलू कामों में भी बेहद उपयोगी साबित हो सकता है? इसे फेंकने के बजाय आप इसे खाने में एक खास ट्विस्ट देने से लेकर घर की सफाई तक में आसानी से इस्तेमाल कर सकती हैं। नीचे लेख में जानें खट्टे दही को इस्तेमाल करने के ऐसे ही 5 बेहतरीन और आसान तरीके।

खट्टे दही को फेंकने के बजाय क्या कर सकते हैं?

आमतौर पर हम सभी कई दिनों तक रखे दही को फेंक देते हैं क्योंकि इसका स्वाद इतना खट्टा हो जाता है कि चखा भी नहीं जाता है। मगर क्या आपको पता है कि आप बेकार समझे जानें वाले दही को फेंकने के बजाय घर के कई कामों में इस्तेमाल कर सकती हैं। नीचे जानें-

1. कढ़ी, ढोकला और बैटर फर्मेंट करने में करें इस्तेमाल

खट्टे दही का सबसे बेहतरीन उपयोग स्वादिष्ट कढ़ी बनाने में किया जाता है। जितना खट्टा दही होता है, बेसन के साथ मिलकर कढ़ी का स्वाद उतना ही लाजवाब और चटपटा बनता है। इसके अलावा, अगर आप घर पर इडली, डोसा, ढोकला या उत्तापम बना रहे हैं, तो बैटर को जल्दी और अच्छी तरह फर्मेंट करने के लिए खट्टे दही का इस्तेमाल करें। यह बैटर में खमीर उठाने का काम करता है जिससे चीजें बहुत ही स्पंजी और स्वादिष्ट बनती हैं।

2. पनीर, मैरिनेशन और ग्रेवी का स्वाद बढ़ाएं

अगर आप घर में पनीर टिक्का, सोया चाप या चिकन-मटन बना रही हैं, तो मसालों के मैरिनेशन में खट्टे दही का उपयोग कर सकती हैं। खट्टा दही मांस या पनीर के टुकड़ों को अंदर तक सॉफ्ट और जूसी बना देता है। साथ ही, जब आप किसी शाही या मलाईदार सब्जी की ग्रेवी बनाती हैं, तो टमाटर की जगह फेंटा हुआ खट्टा दही मिलाने से ग्रेवी का स्वाद और टेक्सचर दोनों ही बहुत रिच हो जाते हैं।

3. बालों के लिए बेहतरीन नेचुरल कंडीशनर

खट्टा दही सिर्फ खाने में ही नहीं, बल्कि बालों की सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है। अगर आपके बाल रूखे और बेजान हो गए हैं, तो खट्टे दही में थोड़ा सा शहद या नींबू का रस मिलाकर अपने बालों की जड़ों और सिरों पर लगाएं। करीब आधे घंटे बाद बालों को सादे पानी और शैंपू से धो लें। यह स्कैल्प से डैंड्रफ को दूर करता है और बालों को अंदर से पोषण देकर उन्हें चमकदार और मुलायम बनाता है।

4. चेहरे की चमक बढ़ाने के लिए फेस पैक

त्वचा की रंगत निखारने और टैनिंग हटाने के लिए खट्टा दही प्राकृतिक उपाय है। इसके लिए खट्टे दही में थोड़ा सा बेसन, चुटकी भर हल्दी और शहद मिलाकर एक स्मूथ पेस्ट तैयार कर लें। इस फेस पैक को अपने चेहरे और गर्दन पर लगाएं और सूखने के बाद हल्के हाथों से मसाज करते हुए धो लें। दही में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा की डेड स्किन सेल्स को साफ करता है और चेहरे पर एक नेचुरल ग्लो लेकर आता है। अगर आपको दही से एलर्जी है, तो इसका इस्तेमाल न करें।

5. तांबे और पीतल के बर्तनों की चमक लौटाएं

क्या आपके घर में रखे तांबे या पीतल के पूजा के बर्तन और मूर्तियां पुरानी और काली पड़ गई हैं? अगर हां, तो खट्टा दही इस समस्या को चुटकियों में हल कर सकता है।

इसके लिए खट्टे दही में थोड़ा सा नमक या आटा मिला लें और इस पेस्ट को तांबे-पीतल के बर्तनों पर अच्छी तरह रगड़कर कुछ देर के लिए छोड़ दें। इसके बाद साफ पानी से धो लें। दही का एसिड बर्तनों के कालेपन को आसानी से काट देता है और वे बिल्कुल नए जैसे चमकने लगते हैं।

अब जब भी आप लंबे समय से रखे दही को फेंकने की सोचें, तो एक बार यह लेख जरूर पढ़ लें। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific