लहसुन की बढ़ती डिमांड और ऊंची कीमतों की वजह से इसे बाजार से लेना कई बार महंगा पड़ता है। इसकी गुणवत्ता और उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले रसायनों की वजह से अक्सर लहसुन की शुद्धता को लेकर सवाल उठते हैं। अगर आप ताजा लहसुन खाना चाहते हैं, तो अपनी बालकनी या छत पर रखे गमले में आसानी से इसे उगा सकते हैं। आइए जानते हैं गमले में लहसुन उगाने के आसान तरीके।
लहसुन के लिए कैसी मिट्टी होनी चाहिए?
अगर आप गमले में लहसुन उगाने जा रहे हैं, तो ऐसी मिट्टी का चुनाव करें, जिसमें पानी आसानी से निकल सके और जड़ों तक पर्याप्त हवा पहुंचती रहे। फरीदाबाद नगर निगम बागवानी विभाग में कार्यरत रीमा सिंह के अनुसार, बहुत ज्यादा चिकनी या सख्त मिट्टी पौधों के विकास में बाधा बन सकती है। अच्छी गुणवत्ता वाली पॉटिंग मिक्स का इस्तेमाल करें। इसमें सामान्य गमले की मिट्टी के साथ कोकोपीट, कंपोस्ट और थोड़ी मात्रा में परलाइट या वर्मीक्यूलाइट को मिक्स करें। इससे मिट्टी हल्की रहती है और जल निकासी बेहतर होती है।
Image Credit: Shutterstock
गमले का सही से करें चुनाव
लहसुन रोपने से पहले गमले का चुनाव ध्यान से करें। उसकी गहराई और चौड़ाई दोनों का ध्यान रखना जरूरी है। क्योंकि इसकी गांठों को विकसित होने के लिए पर्याप्त जगह चाहिए। इसलिए कम से कम 6 से 8 इंच गहरा गमला लें। अगर ज्यादा पौधे लगाने हैं, तो चौड़े कंटेनर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- इन बातों का रखें ध्यान- घर में लहसुन को बोने से पहले आपको कुछ जरूरी बातों को हर हाल में ध्यान में रखना होगा, ताकि समय पर बेहतर पैदावार के साथ आपको कोई दिक्कत भी नहीं हो।
- अच्छी कलियों का चुनाव-सबसे पहले ताजा, स्वस्थ और बड़ी लहसुन की गांठ लें।उसमें से मोटी और बिना किसी बीमारी या सड़न वाली कलियां अलग कर लें।
- गमला तैयार करें- इसके बाद करीब 6 से 8 इंच गहरा और पर्याप्त चौड़ा गमला लें।उसमें अच्छी जल निकासी वाली पॉटिंग मिक्स भरें।
- कलियों की रोपाई करें- इसके बाद लहसुन की कलियों को अलग-अलग करें। अब बहुत ध्यान से उनकी नुकीली सतह को ऊपर की तरफ रखते हुए लगभग 1 से 1.5 इंच गहराई में मिट्टी के अंदर दबाकर छोड़ दें।
- हर कली के बीच उचित दूरी होनी जरूरी- प्रत्येक कली के बीच लगभग 3 से 4 इंच की दूरी रखें, ताकि पौधों को विकसित होने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके।
- रोपाई के बाद हल्की सिंचाई करें- रोपाई के बाद मिट्टी में हल्का पानी का छिड़काव करें। यहां इस बात का ध्यान रखें कि मिट्टी में नमी बनी रहे, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी डालने से बचें।
- पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था- गमले को ऐसी जगह रखें, जहां पौधों को रोजाना पर्याप्त धूप मिल सके। समय-समय पर पौधों की पत्तियों और मिट्टी की स्थिति भी जांचते रहें।
लहसुन खाने के क्या हैं फायदे?
लहसुन खाना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि इसमें एलिसिन नामक यौगिक और पोषक तत्व (जैसे विटामिन C, B6, मैंगनीज और सल्फर) पाए जाते हैं। लहसुन बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने, एचडीएल को बढ़ाने और हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है। यह खून को प्राकृतिक रूप से पतला रखने में भी सहायक है।
यह भी पढ़ें- बालकनी के गमले में आसानी से उगाएं शहतूत, बिगिनर्स के लिए पौधे लगाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
घर पर लहसुन उगाने के आसान तरीके हमने आपको बताने की कोशिश की। लहसुन को बोने से पहले इस बातों को जरूर पढ़ें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Shutterstock
