बच्चे की हाइट को लेकर माता-पिता अक्सर परेशान रहते हैं। खासकर जब बच्चा अपने हमउम्र बच्चों से छोटा दिखे तो सबसे पहले सवाल यही आता है कि कहीं उसकी डाइट में कोई कमी तो नहीं है। कई बार माता-पिता बच्चे को दूध, कैल्शियम, प्रोटीन और तरह-तरह के हेल्दी फूड देने लगते हैं, फिर भी हाइट उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ती है। ऐसे में सिर्फ डाइट को जिम्मेदार मानना सही नहीं है। बच्चे की लंबाई बढ़ने के पीछे कई चीजें एक साथ काम करती हैं।
ध्यान देने वाली बात तो यह है कि बड़े होने के बाद भी उनकी हाइट नहीं बढ़ पाती है। यह समस्या लड़के और लड़कियों दोनों में ही देखने को मिलती है। इस बारे में डॉ. मीनाक्षी अग्रवाल (क्लीनिकल डाइटिशियन, MAIINS, मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल गुरुग्राम) से बात की। उन्होंने बताया कि पोषण के साथ बच्चे की आनुवंशिक क्षमता, हार्मोन, लंबे समय से चली आ रही बीमारी और बार-बार होने वाले इंफेक्शन भी उसकी ग्रोथ पर असर डाल सकते हैं। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं-
सिर्फ सही डाइट लेने से क्यों नहीं बढ़ती बच्चे की हाइट?
डॉ. मीनाक्षी ने बताया कि भारत में आज भी बच्चों में पोषण की कमी एक बड़ी समस्या है। कई बच्चों को खाने से जरूरी पोषक तत्व ठीक से नहीं मिल पाते। प्रोटीन, आयरन, जिंक, विटामिन डी, कैल्शियम और विटामिन ए जैसी चीजों की कमी से बच्चे की ग्रोथ रुक सकती है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि कम हाइट वाले हर बच्चे की वजह सिर्फ खान-पान की कमी ही हो। डॉक्टर का कहना है कि बच्चे की लंबाई पर इन बातों का भी असर पड़ता है-
- माता-पिता से मिलने वाले जीन यानी आनुवंशिक क्षमता
- शरीर में हार्मोन की कोई दिक्कत
- बच्चे को लंबे समय से कोई बीमारी होना
- बार-बार बीमार पड़ना या इंफेक्शन होना
- बच्चे की ओवरऑल हेल्थ और पोषण की स्थिति
सिर्फ दूध और कैल्शियम से नहीं बढ़ेगी हाइट
पेरेंट्स को अक्सर लगता है कि रोजाना सिर्फ दूध पिलाने से बच्चे की हाइट बढ़ जाएगी, लेकिन डॉक्टर इसे सही नहीं मानतीं हैं। डॉक्टर मीनाक्षी ने कहा कि हड्डियों के लिए कैल्शियम जरूरी है, पर लंबाई बढ़ाने के लिए प्रोटीन, विटामिन और दूसरे पोषक तत्वों की भी जरूरत होती है। इसलिए सिर्फ दूध या एक ही चीज पर जोर देने के बजाय, बच्चे की डाइट में दालें, फल, हरी सब्जियां, अनाज और मेवे जैसी सभी चीजें शामिल करके उसे हेल्दी और बैलेंस बनाएं।
हाइट न बढ़ने में प्रोटीन की कमी भी बन सकती है वजह
बच्चे की ग्रोथ के लिए प्रोटीन बहुत जरूरी है, क्योंकि यह हड्डियां और मांसपेशियां बनाने में मदद करता है। उम्र के हिसाब से बच्चों को अलग-अलग मात्रा में प्रोटीन चाहिए होता है (जैसे छोटे बच्चों को कम और किशोरों को ज्यादा)। अगर बच्चे को लंबे समय तक पूरा पोषण और प्रोटीन नहीं मिलेगा, तो उसका वजन, मसल्स ग्रोथ और हाइट तीनों रुक सकते हैं।
क्या ज्यादा जंक फूड से रुक जाती है हाइट?
डॉक्टर ने कहा कि सिर्फ जंक फूड खाने से बच्चे की हाइट रुक जाती है, ऐसा कहना सही नहीं होगा। असली दिक्कत तो तब होती है जब बच्चा चिप्स, बिस्कुट या फास्ट फूड ज्यादा खाने लगता है और घर का पौष्टिक खाना छोड़ देता है। इसलिए कभी-कभार जंक फूड खाना नुकसानदायक नहीं है, लेकिन अगर पैकेट वाला खाना ही रोज की आदत बन जाए तो इससे बच्चे की ग्राेथ रुक जाती है।
बच्चे की ग्रोथ के लिए किन चीजों का ध्यान रखें?
डॉक्टर ने बताया कि बच्चे की डाइट में किसी एक खास 'हाइट बढ़ाने वाले' पोषक तत्व पर ध्यान देने के बजाय पूरी डाइट को अच्छा रखना जरूरी है। इन चीजों को डाइट में शामिल करें-
- प्रोटीन
- कैल्शियम
- विटामिन डी
- आयरन
- जिंक
- आयोडीन
- विटामिन ए
- हेल्दी फैट
इसके लिए दालें, फल, दूध और दूध से बनी चीजें, अंडे, सोया, ड्राई फ्रूट्स और सीड्स, हरी सब्जियां और साबुत अनाज जैसी चीजें बच्चों को जरूर खिलाएं।
image credit- magnific
गर्भावस्था से ही शुरू हो जाती है ग्रोथ की कहानी
डॉक्टर ने यह भी बताया कि बच्चे की ग्रोथ सिर्फ जन्म के बाद ही नहीं बल्कि मां के गर्भ से ही शुरू हो जाती है, इसलिए प्रेगनेंसी के दौरान मां का खानपान भी बहुत मायने रखता है। गर्भ से लेकर बच्चे के 2 साल की उम्र तक का समय उसकी सेहत और लंबाई के लिए सबसे ज्यादा जरूरी होता है। हालांकि, बच्चे की बड़े होने की हाइट सिर्फ मां के खाने पर निर्भर नहीं करती बल्कि इसके लिए जीन, बचपन का पोषण, बार-बार होने वाली बीमारियां और ओवरऑल हेल्थ भी जिम्मेदार होती है।
माता-पिता इन गलतियों से बचें
अगर आप चाहती हैं बच्चों की हाइट सही तरीके से बढ़े, तो कुछ गलतियों से बचना होगा। जैसे-
- सिर्फ एक बार की हाइट देखकर तुरंत परेशान न हों।
- बिना टेस्ट के कैल्शियम या दूसरे सप्लीमेंट न दें।
- प्रोटीन का मतलब सिर्फ प्रोटीन पाउडर न समझें।
- बच्चे की पूरी डाइट को सिर्फ दूध पर निर्भर न रखें।
- बच्चा सब्जी नहीं खाता तो उसे हमेशा के लिए डाइट से बाहर न कर दें।
- पैकेट वाले स्नैक्स को रोज खाने के लिए न दें।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- magnific
