अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोगों को सफर पर जाने का तो मन करता है, लेकिन सफर के दौरान उल्टी, चक्कर आना, जी मचलाने जैसी परेशानियों की वजह से वे यात्रा से दूर भागते हैं। कई लोगों को लगता है कि सफर से पहले तला भुना, तीखा और हेवी खाने की वजह से उल्टी होती है, लेकिन एक्सपर्ट के मुताबिक यह स्थिति शरीर के नर्वस सिस्टम में असंतुलन खोने की वजह से होती है। इसे वैज्ञानिक भाषा में मोशन सिकनेस कहते हैं। उल्टी के साथ इसमें चक्कर आना, माइग्रेन, बेहोश हो जाना जैसे लक्षण भी शामिल हैं।

क्या है मोशन सिकनेस

मोशन सिकनेस तब होती है जब आपके मस्तिष्क को शरीर के उन हिस्सों से परस्पर विरोधी संदेश मिलते हैं जो गति का अनुभव करते हैं, जैसे आंखें, कान, मांसपेशियां और जोड़। कई बार यात्रा के दौरान आपका शरीर नियंत्रण खोने लगता है और उस समय दिमाग को भीतरी कान, आंख और त्वचा से अलग-अलग सिग्नल मिलने लगते हैं, जिससे नर्वस सिस्टम दुविधा में पड़ जाता है, तब यह स्थिति पैदा होती है और लोगों को उल्टी, चक्कर आने जैसी समस्याएं होने लगती हैं।

मोशन सिकनेस से बचने के लिए क्या करें

मोशन सिकनेस से बचने के लिए आप कुछ आसान घरेलू उपाय आजमा सकती हैं। इससे आप भले ही उल्टी या चक्कर आने को पूरी तरह से रोक न पाएं, लेकिन इसे काफी हद तक कम कर सकती हैं। आइए जानें कौन से हैं वो घरेलू उपाय।

यह भी पढ़ें- क्‍या आपको भी होती है 'Motion Sickness', जानें लक्षण और घरेलू उपचार

अदरक खाएं

अगर आपको भी ट्रेवलिंग में उल्टी या जी मचलाने जैसी समस्याएं हैं तो आप ट्रेवलिंग के समय अदरक खाएं। अदरक एसिडिटी, जी मचलाना, पेट दर्द जैसी समस्याओं से राहत देती है। यात्रा के दौरान आप अदरक वाली चाय भी पी सकती हैं। इसके अलावा आप अदरक कैंडी या फिर कच्ची अदरक नमक के साथ खा सकती हैं जिससे उल्टी रुक जाती है। आप चाहें तो यात्रा शुरू करने के साथ ही एक टुकड़ा अदरक मुंह में रख लें। इसके अलावा पुदीना या काली मिर्च भी खा सकती हैं।

केले से मिलती ताजगी

केले में भरपूर मात्रा में इलेक्ट्रोलाइट मौजूद होते हैं, जिसे खाने से शरीर में पौटेशियम की कमी नहीं होती है। सफर से पहले केला खाने से शरीर को ज्यादा एनर्जी मिलती है और शरीर में ताजगी आती है।

हाइड्रेटेड रहें

कई लोग ट्रेवलिंग के बीच वॉशरूम जाने के डर से पानी कम पीते हैं, लेकिन सफर के दौरान ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए, ताकि शरीर में पानी की कमी ना हो। अगर एक बार में नहीं पी सकते तो थोड़ा थोड़ा करके जरूर पीएं। पानी में नींबू या ग्लुकोज डालकर पीने से राहत मिलती है।

ताजे पानी वाले फल खाएं

सफर के दौरान रास्ते में अगर कहीं खीरा या अमरूद मिले तो नमक डालकर उसे जरूर खाएं, इससे मन अच्छा होगा और उल्टी में राहत मिलेगी। इसके साथ ही पानी वाले फल खाने से मुंह और पेट दोनों तरोताजा हो जाते हैं।

मीठा या शुगर

कई लोगों को मीठी चीजों से परेशानी नहीं होती, लेकिन अधिकांश लोगों को यात्रा में मीठा खाने से जी मचलाता है। इसलिए इससे परहेज करने की कोशिश करें।

शराब या कैफीन से दूरी

यात्रा के दौरान या उससे पहले शराब या कैफीन लेने से परहेज करें। इन दोनों चीजों से शरीर डिहाइड्रेटेड होता है और जी मचलाने की समस्या ज्यादा बढ़ जाती है।

यह भी पढ़ें- ट्रैवल के दौरान उल्टी और चक्कर से हैं परेशान तो फॉलों करें ये टिप्स

तला-भुना या तीखा न खाएं

ये सबसे जरूरी है कि सफर शुरू करने से पहले या उसके दौरान कोई भी तली चीजें या कोई हेवी खाना न खाएं। तला भुना, तीखा खाना से पेट की हालत और खराब हो सकती है। जितना हो सके हल्के खाने पर ही ध्यान दें।

ब्रेक लेकर ठंडी हवा में सांस लें

जब जी ज्यादा मचलने लगे तो ठंडी हवा में सांस लें। यात्रा के दौरान बीच-बीच में खिड़की खोलकर ब्रेक लें और बाहर की प्राकृतिक हवा को अंदर आने दें।
ससे आपकी उल्टी बंद हो जाएगी।

सफर के दौरान बरतें सावधानी

अगर आपको मोशन सिकनेस की समस्या है तो यात्रा के दौरान कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए, जैसे किताबें पढ़ना या मोबाइल देखना। इससे उल्टी होने की संभावनाएं कम हो जाती हैं। हमेशा कोशिश करें कि आप गाड़ी की सामने वाली सीट पर बैठें, जिससे आपको झटके कम लगते हैं। यात्रा के दौरान सामने देखें आस-पास नहीं देखें, इससे आपको मोशन सिकनेस की समस्या बढ़ सकती है।

अगर आपको भी मोशन सिकनेस की समस्या है तो यहां बताए उपायों को आजमाएं। इससे ये समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल