गर्मियों में पसीने के जरिए शरीर से कई पोषक तत्व बाहर निकल जाते हैं, जिससे थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है और दिनभर नींद आने जैसा महसूस हो सकता है। क्‍या गर्मियों में आपको भी हर समय सुस्‍ती महसूस होती है और एनर्जी के लिए आप बार-बार चाय या कॉफी पीती हैं? इस समस्‍या से बचने के लिए आप अपनी डाइट में इस आर्टिकल में बताए हेल्‍दी देसी स्नैक को शामिल कर सकती हैं। जी हां, भुना चना और गुड़ के कॉम्बिनेशन से बना यह स्‍नैक शरीर को नेचुरल एनर्जी देने का बेस्‍ट विकल्‍प हो सकता है। इसके बारे में हमें मुंबई की सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट और Eatfit 24/7 की फाउंडर श्वेता शाह बता रही हैं।

भुना चना और गुड़ क्यों हैं फायदेमंद?

भुना चना प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्‍वों से भरपूर होता है और गुड़ में आयरन और नेचुरल शुगर होती है, जिससे शरीर को तुरंत एनर्जी मिलती है। दोनों को एक साथ खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ रहता है और बार-बार भूख लगने की समस्या भी कम हो सकती है।

कैसे करें सेवन?

मिड-मॉर्निंग या शाम के समय एक मुट्ठी भुना चना और गुड़ का छोटा टुकड़ा खाया जा सकता है। यह स्नैक न सिर्फ टेस्‍टी होता है, बल्कि शरीर को एनर्जी देने में भी मदद कर सकता है।

मिल सकते हैं ये फायदे

  • शरीर को नेचुरल एनर्जी मिलती है। इसमें मौजूद पोषक तत्‍व धीरे-धीरे एनर्जी देते हैं, जिससे आप दिनभर एक्टिव रहती है।
  • प्‍लांट-बेस्‍ड प्रोटीन का अच्‍छा स्रोत है। यह मसल्‍स की मजबूती और शरीर की नॉर्मल रिकवरी के लिए जरूरी प्रोटीन देता है।
  • आयरन शरीर में रेड ब्‍लड सेल्‍स के निर्माण और ऑक्‍सीजन के सही संचार के लिए जरूरी पोषक तत्‍व है। यह हेल्‍दी स्नैक आयरन की पूर्ति में मदद करता है। 
  • डाइजेशन की हेल्‍थ के लिए फायदेमंद हो सकता है। इसमें मौजूद फाइबर भूख को कंट्रोल करता है और बार-बार खाने की इच्‍छा को कम करता है।
  • अचानक होने वाली एनर्जी क्रैश की समस्या को कम कर सकता है। यह शरीर को धीरे-धीरे एनर्जी देता है, जिससे एनर्जी का लेवल लंबे समय तक बैलेंस रह सकता है।
  • प्रोसेस्ड और अनहेल्दी स्नैक्स का पौष्टिक विकल्प है। स्वाद के साथ-साथ विटामिन और मिनरल्स का अच्छा कॉम्बिनेशन होने के कारण शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी देता है।

अगर आपको डायबिटीज है या आप इंसुलिन रेजिस्‍टेंस से परेशान हैं तो गुड़ का सेवन सीमित मात्रा में ही करें। इसे अपनी डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्‍टर या हेल्‍थ एक्‍सपर्ट की सलाह जरूर लें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: magnific.com