पीरियड्स के दौरान होने वाले पेट दर्द की वजह से अधिकतर महिलाएं परेशान रहती हैं। यह पेट दर्द इतना ज्यादा होता है कि कई बार महिलाएं पूरा दिन बेड से नीचे नहीं उतर पाती हैं। इस पेट दर्द से बचने के लिए महिलाएं कई बार गर्म पानी की थैली, अदरक की चाय या अजवाइन का पानी जैसी चीजों का सहारा लेती हैं, लेकिन आजकल सोशल मीडिया पर डार्क चॉकलेट खाने का भी बहुत ज्यादा चलन बढ़ गया है।
डार्क चॉकलेट पीरियड पेन में कैसे असर करती हैं?
अधिकतर महिलाओं का मानना है कि डार्क चॉकलेट खाने से पीरियड के दर्द में राहत मिलती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि डार्क चॉकलेट सही में पीरियड दर्द को कम करती है? अगर आपके मन में भी यही सवाल है, तो इस लेख को अंत तक जरूर पढ़ें। आइए जानते हैं डार्क चॉकलेट का पीरियड पेन से क्या संबंध है।
डार्क चॉकलेट में होता है मैग्नीशियम
अमेरिका के नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के रिसर्च आर्काइव के अनुसार कोको और डार्क चॉकलेट में मैग्नीशियम पाया जाता है, जो मांसपेशियों के तनाव को कम करता है और नसों को राहत देने में मदद करता है। पीरियड्स की ऐंठन गर्भाशय की मांसपेशियों के सिकुड़ने से जुड़ी होती है, इसलिए मैग्नीशियम से हल्का आराम मिल सकता है। हालांकि यह हर महिला पर एक जैसा असर करे, ऐसा होना थोड़ा मुश्किल है।
सेरोटोनिन और एंडोर्फिन केमिकल
डार्क चॉकलेट खाने से दिमाग में सेरोटोनिन और एंडोर्फिन जैसे केमिकल रिलीज होते हैं, जो मूड को बेहतर बना देते हैं। पीरियड्स के दिनों में अक्सर लड़कियों और महिलाओं का मूड खराब हो जाता है और वे चिड़चिड़ी हो जाती हैं। इस चिड़चिड़ेपन को कम करने के लिए भी डार्क चॉकलेट एक अच्छा विकल्प हो सकती है।
फिलहाल ऐसी कोई ठोस क्लिनिकल स्टडी सामने नहीं आई है, जो यह पक्के तौर पर साबित कर पाए कि डार्क चॉकलेट से तेज पीरियड पेन में पूरी तरह राहत मिलती है। ऐसे में अगर दर्द बहुत ज्यादा है, तो सिर्फ डार्क चॉकलेट का सहारा लेने की बजाय किसी अच्छे डॉक्टर को जरूर दिखाएं।
डार्क चॉकलेट खाते समय किन बातों का ध्यान रखें
अगर आप पीरियड्स के दौरान डार्क चॉकलेट खा रही हैं, तो कुछ खास बातों का ध्यान जरूर रखें। जैसे -
- डार्क चॉकलेट खाते समय ध्यान रहे कि इसमें कम से कम 70% या उससे ज्यादा कोको होना चाहिए। ऐसी चॉकलेट बेहतर मानी जाती है।
- चॉकलेट में थोड़ा कैफीन और शुगर भी होता है, जो कुछ लोगों में ब्लोटिंग, बेचैनी या सिरदर्द बढ़ा सकता है। ऐसे में पहले थोड़ा सा खाकर देखें, अगर आपको सूट करे और अच्छा लगे तो ही खाएं।
- डार्क चॉकलेट के अलावा आप गर्म पानी से सिकाई, हल्की स्ट्रेचिंग, व्यायाम या पर्याप्त पानी पीने जैसी आदतें भी अपना सकती हैं।
निष्कर्ष: डार्क चॉकलेट खाने से पीरियड का दर्द पूरी तरह बंद नहीं हो सकता है। ऐसे में सिर्फ इसी पर निर्भर रहना एक गलती हो सकती है। अगर आपका फिर भी डार्क चॉकलेट खाने का मन है, तो आप सीमित मात्रा में इसका सेवन करें और खाने से पहले एक बार थोड़ा सा खाकर जरूर देखें कि आपको इससे कोई परेशानी तो नहीं हो रही है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।
IMAGE CREDIT: MAGNIFIC
