आजकल लोग Gut Health यानी पेट और पाचन की सेहत को लेकर काफी जागरूक हो गए हैं। पेट में गैस, कब्ज, एसिडिटी या पेट फूलने जैसी समस्याएं होते ही कई लोग प्रोबायोटिक्स, फाइबर सप्लीमेंट, डिटॉक्स ड्रिंक या घरेलू नुस्खे अपनाने लगते हैं। क्‍या आप जानती हैं कि कई बार पेट की सेहत को सुधारने की कोशिश में की गई कुछ गलतियां परेशानी को ज्‍यादा बढ़ा सकती हैं।

Gut Health बिगाड़ने वाली आदतें

अगर आप भी अपनी गट की हेल्‍थ को बेहतर बनाने के लिए कुछ खास आदतें अपना रही हैं, तो यह आर्टिकल आपके लिए बेहद जरूरी है। सही खान-पान के साथ यह समझना भी जरूरी है कि किन आदतों से बचना चाहिए और किन चीजों को अपने रूटीन का हिस्‍सा बनाना चाहिए। पेट की सेहत को खराब करने वाली ऐसी आम गलतियों के बारे में हमें डॉक्‍टर चेतन म्हस्के, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट एवं फाउंडर, MIDAS हीलिंग बता रहे हैं।

फाइबर

फाइबर पेट को स्वस्थ रखने और कब्ज से बचाने में मदद करता है, लेकिन अचानक बहुत ज्यादा फाइबर खाना भी नुकसान पहुंचा सकता है। एकदम से ज्यादा कच्ची सब्जियां, बीज, चोकर या फाइबर सप्लीमेंट लेने से पेट में गैस, सूजन और दर्द हो सकता है। फाइबर की मात्रा धीरे-धीरे बढ़ानी चाहिए और साथ में पर्याप्त पानी भी पीना चाहिए।

प्रोबायोटिक्स लेना

कई लोग सोचते हैं कि प्रोबायोटिक्स लेने से हर तरह की पेट की समस्या ठीक हो जाएगी, जबकि ऐसा जरूरी नहीं है। गैस, कब्ज या एसिडिटी के कारण हर व्यक्ति में अलग हो सकते हैं। इसलिए, बिना डॉक्टर की सलाह के प्रोबायोटिक्स लेना हमेशा सही नहीं होता।

कब्‍ज पर ध्‍यान न देना

कब्ज होने पर कई लोग बार-बार दवा या घरेलू उपायों का सहारा लेते हैं, लेकिन कब्ज के पीछे कम पानी पीना, शारीरिक गतिविधि की कमी या गलत खान-पान जैसी वजहें भी हो सकती हैं। अगर कब्ज लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

डिटॉक्‍स ड्रिंक

आजकल डिटॉक्स ड्रिंक का चलन भी बढ़ गया है, लेकिन शरीर को बार-बार डिटॉक्स करने की जरूरत नहीं होती। पेट को हेल्‍दी रखने के लिए फल, सब्जियां, साबुत अनाज, पर्याप्त पानी, रेगुलर एक्‍सरसाइज और अच्छी नींद ज्यादा जरूरी हैं।

साथ ही, मल में खून आना, बिना वजह वजन कम होना, लगातार पेट दर्द रहना, बार-बार उल्टी होना, एनीमिया होना या लंबे समय तक मल त्याग की आदतों में बदलाव होना जैसे लक्षणों को केवल खराब गट हेल्‍थ समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे मामलों में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।