व‍िदेश घूमने का सपना तो हर क‍िसी का हाेता है। जब भी फॉरेन जाने की बात आती है तो सबसे पहले लोगों के मन में अमेर‍िका का ही ख्‍याल आता है। यहां ऐसी कई जगहें हैं जो लोगों की ट्रैवल ल‍िस्‍ट में जरूर होती हैं। उन्‍हीं में से एक बॉस्‍टन भी है। बॉस्‍टन की ग‍िनती उन शहरों में होती है जहां इत‍िहास, एजुकेशन, आर्ट, स्‍पोर्ट और मॉडर्न लाइफ, सबकुछ एक साथ देखने को म‍िलेगा। यही वजह है क‍ि दुन‍ियाभर से हजारों लाखों लोग यहां घूमने के ल‍िए आते हैं।

इंड‍ियन ट्रैवलर्स को यह जगह खूब पसंद आती है क्‍योंक‍ि यहां उन्‍हें कई तरह के एक्‍सपीर‍ियंस म‍िलते हैं। कहीं आपको पुराने दौर की झलक द‍िखाई देगी, तो दुन‍िया के मशहूर व‍िश्वव‍िद्यालय और म्‍यूज‍ियम देखने को म‍िलेंगे। आइए जानते हैं क‍ि अगर आप इंड‍िया से बॉस्‍टन जा रही हैं तो कौन-कौन सी जगहें एक्‍सप्‍लोर कर सकती हैं।

बॉस्टन की ऐतिहासिक जगहें जरूर देखें

बॉस्टन अमेरिका के सबसे पुराने और ऐतिहासिक शहरों में से एक है। आपको बता दें क‍ि यहां की कई जगहें अमेरिका के शुरुआती इतिहास से जुड़ी हुई हैं। अगर आप यहां घूमना चाहती हैं, तो फ्रीडम ट्रेल (Freedom Trail) जरूर जाएं। यह एक रास्ता है जो शहर की कई ऐतिहासिक इमारतों और खास जगहों से होकर गुजरता है। इसके अलावा फेनवे पार्क, फैन्यूल हॉल और क्विंसी मार्केट जैसी जगहें भी आप एक्‍सप्‍लोर कर सकती हैं।

हार्वर्ड और दूसरी मशहूर पढ़ाई-लिखाई की जगहें

ये तो हम सभी जानते हैं क‍ि बॉस्टन दुनिया के सबसे फेमस पढ़ाई-लिखाई वाले शहरों में से एक है। यहां की हार्वर्ड यूनिवर्सिटी का नाम तो लगभग हर किसी ने सुना होगा। ऐसे में आप हार्वर्ड स्क्वायर और हार्वर्ड यार्ड में घूम सकती हैं। यहां पर किताबों की दुकानें, कैफे और खूबसूरत इमारतें देखने लायक हैं। इसके अलावा बॉस्टन पब्लिक लाइब्रेरी भी आप एक्‍सप्‍लोर कर सकती हैं। इसे अमेरिका की पहली पब्लिक लाइब्रेरी माना जाता है। वहीं बॉस्टन एथेनियम भी यहां की खास जगहों में से एक है, जहां पुरानी किताबों और कला-संस्कृति का बहुत बड़ा कलेक्शन है।

म्यूजियम पसंद हैं तो ये जगहें न छोड़ें

अगर आपको आर्ट, ह‍िस्ट्री और कल्‍चर के बारे में जानना पसंद है, तो बॉस्‍टन के म्‍यूज‍ियम आपको जरूर पसंद आएंगे। म्‍यूज‍ियम ऑफ फाइन आर्ट्स तो शहर की सबसे बड़ी और पॉपुलर म्‍यूज‍ियम में से एक है। यहां पर आपको दुनि‍याभर की कला से जुड़ी चीजें देखने काे मि‍लेंगी। इसके अलावा आप इजाबेला स्टीवर्ट गार्डनर म्यूजियम भी व‍िज‍िट कर सकती हैं। हार्वर्ड आर्ट म्यूजियम और जॉन एफ कैनेडी प्रेसिडेंशियल लाइब्रेरी एंड म्यूजियम भी देखने लायक हैं।

बॉस्टन के अलग-अलग इलाकों का भी लें मजा

बॉस्‍टन की सबसे खास बात तो यह है क‍ि यहां के हर एर‍िया की अपनी अलग पहचान है। बैक बे, बीकन ह‍िल, चाइना टाउन, सीपोर्ट ड‍िस्‍ट्र‍िक्‍ट और ल‍िट‍िल इटली जैसी जगहें लोगों को खूब पसंद आती हैं। यहां पर आपको घूमते हुए अलग-अलग देशों के जायके को चखने को म‍ौका मि‍लेगा। यहां की खूबसूरत सड़कें, स्‍ट्रीट आर्ट और लोकल कल्‍चर को आप पैदल घूमते हुए देख सकती हैं।

फूड लवर्स के लिए भी बेस्‍ट है बॉस्टन

बॉस्टन का फूड सीन काफी फेमस है। यहां आपको अलग-अलग देशों के व्यंजन आसानी से मिल जाएंगे। शहर के कई इलाकों में एशियन, इटैलियन और दूसरे जायकों का मजा लिया जा सकता है। यहां पर नॉर्थ एंड का इलाका अपने इटैलियन खाने के लिए जाना जाता है, जबकि कुछ इलाकों में वियतनामी फूड भी काफी पॉपुलर हैं। अगर आप नया स्‍वाद लेना पसंद करती हैं, तो बॉस्टन जाकर आपको मजा ही आ जाएगा।

हरियाली भी देखें

यहां पर बड़ी-बड़ी ब‍िल्‍डि‍ंग्‍स के बीच कई खूबसूरत पार्क और ग्रीन स्पेस भी हैं। रोज कैनेडी ग्रीनवे घूमने के ल‍िए बेस्‍ट है। इसके अलावा एमराल्ड नेकलेस भी यहां बहुत पॉपुलर हैं। चार्ल्स रिवर के किनारे आप इवन‍िंग एंजॉय कर सकती हैं। यहां से सनसेट का नजारा बहुत सुंदर दिखाई देता है।

कैसे जाएं इंड‍िया से बॉस्‍टन?

बॉस्टन पहुंचना बहुत ही आसान है। यहां के लोगन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 130 से भी ज्‍यादा जगहों के लिए नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स मिलती हैं। आपको द‍िल्‍ली, मुंबई, बंगलुरु जैसे बड़े शहरों से बॉस्‍टन के ल‍िए फ्लाइटें म‍िल जाएंगी। एक बार यहां पहुंचने के बाद आप पैदल चलकर ही टूरिस्ट प्लेसेज घूम सकती हैं और रेस्टोरेंट में फूड एंजॉय कर सकती हैं।

तो अगर आप भी भारत से बॉस्‍टन जाने का सोच रही हैं तो हमने आपको यहां के टूर‍िस्‍ट प्‍लेसेज के बारे में पूरी जानकारी दी है। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

All Image Credit- Meet Boston