दिवाली का त्योहार हो और घर में मिठाई न बने, ऐसा तो हो ही नहीं सकता है। इस दिन हर कोई कुछ मीठा खाना और खिलाना चाहता है, लेकिन अगर घर में किसी को डायबिटीज है, तो मिठाई खाते समय थोड़ी सावधानी भी रखनी पड़ती है। वैसे तो मिठाइयों में चीनी और दूसरी मीठी चीजें होती ही हैं, इसलिए डायबिटीज के मरीजों को इन्हें खाने से पहले सोचना पड़ता है।
ऐसे में आप चाहें तो दिवाली पर उनके लिए अलग से कुछ मीठा बना सकती हैं। अच्छी बात यह है कि घर पर कुछ ऐसी मिठाइयां तैयार करना मुश्किल नहीं है, जिनमें अलग से चीनी न डाली जाए।
दिवाली पर बनाएं ये शुगर फ्री मिठाइयां
हम आपको ऐसी ही शुगर फ्री मिठाइयों के बारे में बता रहे हैं जिन्हें आप इस दिवाली घर पर बना सकती हैं।
1. बादाम और अखरोट की बर्फी
अगर घर में बादाम और अखरोट रखे हैं, तो इनसे बर्फी बना लें। इसके लिए बादाम और अखरोट को पीस लें। अब एक पैन में इन्हें थोड़ा सा भूनें और जरूरत के हिसाब से थोड़ा घी मिलाएं। मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर एक प्लेट में फैला दें। जब यह ठंडे हो जाएं ताे इसे मनचाहे शेप में काट लें। इसमें अलग से चीनी न डालें। ध्यान रखें कि बादाम और अखरोट में भी कैलोरी होती है, इसलिए इसे कम मात्रा में ही खाएं।
image credit- magnific
2. नारियल की बर्फी
नारियल से बनी मिठाई दिवाली के लिए अच्छी रहेगी। इसे बनाने के लिए कद्दूकस किया हुआ नारियल लें। इसमें बिना चीनी वाला दूध या अपनी पसंद के हिसाब से कोई दूसरी सामग्री मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं। जब यह थोड़ा गाढ़ा हो जाए तो इसे प्लेट में फैलाकर ठंडा होने दें। इसके बाद छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। ध्यान रखें कि इसमें चीनी या मीठा कंडेंस्ड मिल्क न डालें। नारियल में भी फैट और कैलोरी होती है, इसलिए इसे ज्यादा मात्रा में न खाएं।
यह भी पढ़ें- त्योहारी सीजन में घर पर बनाएं ये 2 लो कैलोरी मिठाइयां, वजन नहीं बढ़ेगा और दिल रहेगा स्वस्थ
3. भुने हुए मखाने की मिठाई
मखाने से भी स्वीट डिश तैयार की जा सकती है। इसके लिए मखानों को थोड़ा सा भून लें और फिर मिक्सी में पीस लें। अब इसमें थोड़े कटे हुए बादाम, दो चम्मच दूध और इलायची पाउडर मिलाएं। थोड़ी मात्रा में घी इस्तेमाल कर सकती हैं। अब इसे छोटे लड्डू या बर्फी का शेप दे दें। आपको बता दें कि इस रेसिपी में अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं है। मखाने और मेवों की मात्रा का ध्यान रखें और इसे भी सीमित मात्रा में ही खाएं।
image credit- magnific
डायबिटीज के मरीज इन बातों का भी रखें ध्यान
शुगर-फ्री मिठाई खाने से पहले कुछ जरूरी बातें समझना भी जरूरी है। जैसे-
- मिठाई में चीनी न होने का मतलब यह नहीं है कि उसमें कार्बोहाइड्रेट नहीं हैं।
- शहद, गुड़ और खजूर भी ब्लड शुगर बढ़ा सकते हैं।
- मिठाई की मात्रा कम रखें और एक बार में ज्यादा न खाएं।
- मिठाई में इस्तेमाल होने वाले फल, मेवे और दूसरी चीजों की मात्रा का भी ध्यान रखें।
- अगर आप डायबिटीज की दवा या इंसुलिन लेती हैं, तो अपनी डाइट के हिसाब से डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह जरूर लें।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- AI
