भारत में सुबह की शुरुआत सिर्फ गर्म चाय से ही नहीं, बल्कि गलियों और चौराहों पर मिलने वाले लजीज स्ट्रीट फूड से भी होती है। हर शहर और राज्य का अपना एक अनोखा खान-पान है, जो उस शहर की खास पहचान बन चुका है। बात चाहे इंदौर के पोहा-जलेबी की हो या फिर गुजरात के लोचो की, ये सभी व्यंजन न सिर्फ लोगों का पेट भरते हैं, बल्कि उनके दिन की एक बेहतरीन शुरुआत भी करते हैं। अगर आप भी भारत के अलग-अलग शहरों के इस मशहूर नाश्ते के बारे में जानना चाहती हैं, तो इस लेख को अंत तक जरूर पढ़ें।
भारत के 5 शहरों का फेमस नाश्ता
सुबह की शुरुआत चाय नाश्ते से होती है। ऐसे में आज हम आपको भारत के 5 ऐसे शहर के बारे में बताएंगे, जहां के नाश्ते पुरे भारत में मशहूर है। आइए जानते हैं इन डिशेज के बारे में।
1. इंदौर और भोपाल का पोहा और जलेबी
इंदौर और भोपाल की खास पहचान 'पोहा-जलेबी' सिर्फ एक नाश्ता नहीं, बल्कि वहां के लोगों की जीवनशैली का एक अहम हिस्सा बन चुका है। बारीक सेव, खट्टा-मीठा जीरावन मसाला और कटे हुए प्याज के साथ मिलने वाला पोहा लोगों के दिन की शुरुआत को ताजगी से भर देता है। इसके साथ सर्व की जाने वाली गरमा-गरम और कुरकुरी जलेबी पोहे के स्वाद को दोगुना कर देती है। यह नाश्ता इंदौर और भोपाल वासियों का सबसे पसंदीदा माना जाता है।
2. अमृतसर का कुलचा
पंजाब के अमृतसर शहर में अमृतसरी कुलचा बहुत पसंद की जाने वाली डिश है। यहां लोगों की सुबह अमृतसरी कुलचा के साथ होती है। यह लोकप्रिय होने के साथ ही खाने में कुरकुरा और टेस्टी लगता है। अमृतसरी कुलचा पूरी दुनिया में अपनी खासियत के लिए जाना जाता है।
3. बनारस और लखनऊ की खस्ता कचौरी और आलू की सब्जी
बनारस और लखनऊ की गलियों में मिलने वाली खस्ता कचौरी और पूरी-सब्जी के बिना वहां के लोगों का दिन शुरू होना थोड़ा मुश्किल सा लगता है। उड़द या मूंग दाल की पिठ्ठी भरकर बनाई गई खस्ता कचौरी के साथ मिलने वाली तीखी-चटपटी आलू की सब्जी इसके स्वाद में चार चांद लगा देती है। ऐसे में अगर आप कभी भी बनारस, लखनऊ या मथुरा जाएं, तो वहां की यह प्रसिद्ध खस्ता कचौरी जरूर ट्राई करें।
4. दक्षिण भारत का इडली, डोसा और मेदु वड़ा
दक्षिण भारत का इडली, डोसा और मेदु वड़ा एक ऐसा सेहतमंद और लजीज नाश्ता है, जो आजकल भारत के लगभग हर शहर में सुबह-सुबह मिलने लगता है। चावल और उड़द दाल के घोल को खमीर उठाकर बनाई जाने वाली इडली, डोसा और मेंदू वड़ा आपको दक्षिण भारत की हर गली-चौराहे पर आसानी से मिल जाएगा। इसके साथ मिलने वाली नारियल की ताजी चटनी और मसालेदार सांभर इसके स्वाद को और भी ज्यादा बढ़ा देता है।
5. सूरत का मशहूर सुरती लोचो
बात करें गुजरात के सूरत शहर की, तो वहां का 'सुरती लोचो' हर किसी का पसंदीदा नाश्ता है, जो आपको शहर के हर नुक्कड़ और चौराहे पर आसानी से मिल जाएगा। सुबह-सुबह लोग इसे बड़े चाव के साथ खाते हैं। चने की दाल को पीसकर और भाप में पकाकर बनाई जाने वाली यह डिश हल्की लिक्विड टेक्सचर वाली होती है। इसके ऊपर मक्खन या मूंगफली का तेल और स्पेशल लोचो मसाला छिड़का जाता है। इसे हरी चटनी और बारीक नायलॉन सेव डालकर परोसा जाता है।
यह भी पढ़ें- Most Expensive Dosa: हैदराबाद में मिलता है भारत का सबसे महंगा 'गोल्डन डोसा', 24 कैरेट सोने की चढ़ी होती है परत
निष्कर्ष: अगर आप भी भारत के पारंपरिक मॉर्निंग स्ट्रीट फूड के बारे में विस्तार से जानना चाहती थीं, तो यह लेख आपके बेहद काम आएगा। इस लेख में हमने भारत के कुछ ऐसे शहरों के नाश्तों के बारे में बताया है, जो वहां की खास पहचान बन चुके हैं। ऐसे में अगर आप भी कभी इन शहरों में घुमने जाएंगी, तो वहां के इन प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड का स्वाद एक बार जरूर लें। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।
(image credit: MAGNIFIC)
-1790079826828_m.webp)