हमारे यहां भारतीय घरों में टमाटर का इस्तेमाल सब्जी, सलाद, चटनी या तहरी-खिचड़ी बनाने में ही करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इसी टमाटर से स्वादिष्ट हलवा भी बनाया जा सकता है? अगर घर में कुछ मीठा खाने का मन है और आप हर बार गाजर या सूजी का हलवा बनाकर बोर हो चुकी हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई करें।
टमाटर और पेठे से बनने वाला केसरिया हलवा स्वाद में काफी रिच होता है। इसमें घी, मावा और ड्राई फ्रूट्स मिलाया जाता है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती है। आप इसे 15 से 20 मिनट में बना सकती हैं। ऐसे में हम आपको इसकी सबसे आसान रेसिपी बता रहे हैं। आइए जानते हैं-
image credit- shutterstock
टमाटर का केसरिया हलवा बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
इस हलवे को बनाने के लिए आपको टमाटर के साथ पेठा और कुछ दूसरी चीजों की जरूरत होगी। इसकी सभी सामग्री पहले से निकालकर रख लें, ताकि हलवा बनाते समय परेशानी न हो।
- चार बड़े टमाटर
- आधा किलो पेठा
- दो बड़े चम्मच शुद्ध घी
- 15 से 20 बादाम
- 15 से 20 काजू
- इलायची पाउडर
- एक कप मावा
- चीनी स्वादानुसार
- केसर
- दो से तीन बड़े चम्मच गर्म दूध केसर भिगोने के लिए
कैसे बनाएं टमाटर का शाही केसरिया हलवा?
हलवा बनाने के लिए सबसे पहले एक नॉन-स्टिक कड़ाही लें। इसमें दो बड़े चम्मच घी डालकर मीडियम फ्लेम पर कटे हुए बादाम और काजू डालकर भूनकर निकाल लें। अब उसी कड़ाही में टमाटर का पेस्ट डालें। इसे मीडियम फ्लेम पर लगातार चलाते हुए करीब 5 से 7 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में चलाती रहें, ताकि टमाटर कड़ाही में चिपके नहीं। जब टमाटर का पेस्ट थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तो इसमें एक चुटकी इलायची पाउडर मिला दें। इससे हलवे में अच्छी खुशबू आएगी।
जब तक टमाटर का पेस्ट पक रहा है, तब तक पेठे को कद्दूकस करके तैयार कर लें। जब टमाटर का पेस्ट थोड़ा पक जाए, तो इसमें कद्दूकस किया हुआ पेठा और मावा डाल दें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। अब स्वादानुसार चीनी मिला दें। जब चीनी घुल जाए, तो इसके बाद धीमी आंच पर केसर वाला दूध मिलाकर करीब 4 से 5 मिनट तक लगातार चलाते हुए पकाएं। जब टमाटर, पेठा और मावा अच्छी तरह मिल जाएं और घी अलग दिखने लगे, तो गैस बंद कर दें।
गार्निश करके सर्व करें टमाटर-पेठे का हलवा
अब आपका टमाटर का स्वादिष्ट केसरिया हलवा तैयार है। इसे एक सर्विंग बाउल में निकालें और ऊपर से पहले भुने हुए काजू-बादाम डालकर गार्निश करें। आप इसे अपनी पसंद के हिसाब से गर्मागर्म सर्व कर सकती हैं।
image credit- shutterstock
हलवा बनाते समय इन छोटी बातों का रखें ध्यान
अगर आप घर में टमाटर का हलवा बना रही हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। जैसे-
- टमाटर का पेस्ट बनाते समय उसे अच्छी तरह पका लें।
- काजू और बादाम को अलग से भूनकर रखें, ताकि सर्व करते समय उनका स्वाद और कुरकुरापन बना रहे।
- पेठे को अच्छी तरह कद्दूकस करें, ताकि वह मावा और टमाटर के साथ आसानी से मिल जाए।
- हलवे को धीमी आंच पर पकाते समय लगातार चलाती रहें।
- जब मिश्रण कड़ाही में घी छोड़ने लगे, तब समझ जाएं कि हलवा तैयार है।
तो अगली बार घर में टमाटर हों, तो सिर्फ उनकी सब्जी या चटनी बनाने के बजाय यह नया हलवा जरूर ट्राई करें। इसका अलग स्वाद हर किसी को पसंद आएगा। जो भी इसे खाएगा, वो इसकी रेसिपी जरूर पूछेगा।
यह भी पढ़ें- मिनटों में तैयार करें शाही स्वाद वाली केसर खीर
आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- shutterstock
