आजकल भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल, बढ़ता स्ट्रेस और गलत स्किनकेयर रूटीन का असर त्वचा पर सबसे पहले दिखाई देने लगता है। इन्हीं समस्याओं में से एक ओपन पोर्स है, जो खासकर ऑयली और कॉम्बिनेशन स्किन वाली महिलाओं को ज्यादा परेशान करते हैं। इससे त्वचा की स्मूथनेस कम हो जाती है, चेहरा अनइवन दिखने लगता है और मेकअप भी ठीक से सेट नहीं हो पाता।

ओपन पोर्स त्वचा के नेचुरल पोर्स होते हैं, जो सीबम और पसीने को बाहर निकालने का काम करते हैं। लेकिन जब त्वचा में ऑयल, डेड स्किन सेल्स और गंदगी जमा होने लगती है, तब ये पोर्स ज्यादा दिखने लगते हैं। हालांकि इन्हें पूरी तरह बंद नहीं किया जा सकता, लेकिन सही केयर और रेगुलर रूटीन से कम किया जा सकता है।

अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो एक आसान और असरदार 3-स्टेप स्किनकेयर रूटीन आपकी मदद कर सकता है। इसे हफ्ते में 3-4 बार फॉलो करने से त्वचा साफ, टाइट और हेल्दी बनी रहती है। इस रूटीन के बारे में हमें मुंबई की Eatfit24/7 की फाउंडर श्वेता शाह बता रही हैं।

स्‍टेप 1: लोध्र और चावल का फेस पैक

यह फेस पैक त्‍वचा के पोर्स को टाइट करता है। एक्‍सट्रा ऑयल को कंट्रोल करता है और स्किन टेक्‍सचर को स्‍मूथ बनाता है।

सामग्री

  • लोध्र पाउडर- 1 छोटा चम्मच
  • चावल का आटा- 1 छोटा चम्मच
  • गुलाब जल- आवश्यकतानुसार

विधि

  • एक साफ बाउल में लोध्र पाउडर और चावल का आटा मिलाएं।
  • अब इसमें धीरे-धीरे गुलाब जल डालते हुए गाढ़ा पेस्ट तैयार करें।
  • चेहरे को अच्छी तरह साफ करके इस पैक की एक पतली परत लगाएं।
  • इसे लगभग 8-10 मिनट तक सूखने दें।
  • फिर सादे पानी से धो लें।

स्‍टेप-2 बर्फ की मसाज

बर्फ से मसाज करने से पोर्स तुरंत टाइट होते हैं। त्‍वचा की सूजन और रेडनेस कम होती है और ब्‍लड सर्कुलेशन अच्‍छी तरह से होता है।

सामग्री

  • आइस क्‍यूब- 1
  • कॉटन का कपड़ा-1

विधि

  • एक आइस क्यूब को कॉटन या मलमल के साफ कपड़े में लपेट लें
  • पूरे चेहरे पर हल्के हाथों से 30-40 सेकंड तक मसाज करें।
  • खासकर नाक, गाल और चिन पर ध्यान दें।

स्‍टेप-3: एलोवेरा जेल लगाएं

त्‍वचा को गहराई से हाइड्रेट करता है, स्किन को सॉफ्ट बनाता है और रेगुलर इस्‍तेमाल से पोर्स कम दिखाई देते हैं।

सामग्री

  • एलोवेरा जेल- 1 चम्‍मच

विधि 

  • मटर के दाने जितनी मात्रा में शुद्ध एलोवेरा जेल लें।
  • इसे चेहरे पर हल्की परत के रूप में लगाएं।
  • इसे लगाने के बाद धोएं नहीं, ऐसे ही छोड़ दें।

इस 3-स्टेप रूटीन को आप हफ्ते में 3-4 बार फॉलो करें। रेगुलर इस्‍तेमाल से त्वचा ज्यादा स्मूथ, फ्रेश और टाइट महसूस होने लगती है।

यह भी पढ़ें- Open Pores Home Remedy: चेहरे के ओपन पोर्स से हैं परेशान? आजमाएं ये एक घरेलू नुस्खा

हर स्किन टाइप अलग होती है, इसलिए किसी भी नए उपाय को अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: magnific.com