अगर लंबे समय से आपके बालों का लुक एक जैसा ही है, तो इस बार नया हेयर कट लेने के बजाय नए ट्रेंडिंग हेयर कलर अपनाकर देख सकती हैं। इन दिनों बाजार में ऐसे कलर उपलब्ध हो रहे हैं, जो बालों को नेचुरली खूबसूरत रखते हैं। साथ ही आपकी स्किन टोन के साथ मेल भी खाते हैं। सही हेयर कलर के चुनाव में आपकी मदद कर सकती हैं हेयर एक्सपर्ट...
इन दिनों महिलाओं के बीच डार्क ब्राउन और हल्के गोल्डन कलर सबसे ज्यादा फेमस होते नजर आ रहे हैं। आजकल महिलाएं हाइलाइट्स और बालों पर एक ही कलर करवाने के बजाय डार्क और एम्बर कलर के शेड्स ज्यादा पसंद कर रही हैं। जेट ब्लैक, बरगंडी, चॉकलेट या काफी ब्राउन ये सारे कलर एवरग्रीन होते हैं, लेकिन एलिगेंट लुक पाने के लिए मोचा ब्राउन, क्रीमी व्हाइट, महोगनी ट्राई कर सकती हैं।
आज की महिलाओं को क्यों पसंद आ रहे हैं ये कलर?
आज की महिलाओं को ऐसे कलर पसंद आ रहे हैं जो भले ही बहुत लंबे समय तक टिके ना रहें, लेकिन बाल बढ़ने के बाद ये लुक खराब न कर दे, साथ ही जिनकी देखभाल करना ज्यादा मुश्किल न हो। इसलिए इन दिनों ग्लास, कैरेमल और वार्म ब्राउन जैसे कम रखरखाव वाले शेड्स, डार्क ब्राउन, जेट ब्लैक जैसे क्लासिक रंगों के नरम रूप ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। इन्हें लगातार टच-अप की आवश्यकता नहीं होती, ये साफ-सुथरे ढंग से बढ़ते हैं और सौम्य भी लगते हैं।
स्किन टोन के साथ मैच करें
बालों पर हेयर कलर के लिए केवल टेक्सचर नहीं, स्किन टोन भी मायने रखती है। जैसे वार्म ब्राउन और कैरेमल ऐसे कलर हैं जो अधिकांश भारतीयों की त्वचा पर अच्छे लगते हैं। वहीं, अर्बन कलर मीडियम रंगत वाली त्वचा पर विशेष रूप से अच्छे लगते हैं। बरगंडी गहरी त्वचा टोन वालों पर अच्छा लगता है और साफ त्वचा वालों पर जेट ब्लैक-डार्क ब्राउन निखरकर आता है।
ट्रेंडिंग है वार्म ब्राउन
वार्म ब्राउन रंग आज की पीढ़ी की पहली और सुरक्षित पसंद है। इसमें चॉकलेट, चेस्टनट, ऐश और सिनेमन ब्राउन शामिल है। ये सभी ब्राउन रंग अलग-अलग प्रभाव डालते हैं। चॉकलेट ब्राउन बालों में गहराई और समृद्धि लाता है, जबकि चेस्टनट और सिनेमन ब्राउन रेड कलर में गर्माहट और जीवंतता लाते हैं। ये उन कुछ चुनिंदा कलर में से एक हैं, जो वास्तव में सभी इंडियन स्किन टोन पर बहुत खूबसूरत लगते हैं। अगर आप नेचुरल बालों में बिना कोई बड़ा बदलाव किए गहराई और समृद्धि लाना चाहते हैं, तो यह कलर आपके लिए परफेक्ट है।
सौम्य कलर है कारमेल
हल्का भूरा रंग आपके बालों को बिना किसी झंझट के एक कोमल, प्राकृतिक गर्माहट देता है। यह रंग आफिस या फिर वीकेंड पर छुट्टियां मनाने, दोनों के लिए बेहतरीन विकल्प है। जो लोग पहली बार बालों में रंग करवा रहे हैं उनके लिए यह रंग एक बेहतरीन विकल्प है, क्योंकि यह बालों में ज्यादा बदलाव नहीं लाता।
एम्बर हेयर कलर
यह कॉपर, महोगनी और गोल्डन अंडरटोन का एक खूबसूरत कॉम्बिनेशन है, जो बालों को धूप जैसा निखार देता है। यह शेड विशेष रूप से गर्म और मीडियम टोन पर बहुत आकर्षक लगता है। यह नेचुरल ब्राउन या हल्के बालों पर गहराई और शाइन दोनों लाने में मदद करता है।
मोचा ब्राउन
मोचा चॉकलेटी ब्राउन, काफी या क्रीमी रंग का मिश्रण है। कम रखरखाव के कारण यह कलर आजकल काफी लोकप्रिय माना जा रहा है। यह कलर नेचुरल शेड देता है, इसलिए इसे ज्यादा लोग पसंद करते हैं। यह एक ऐसा हेयर कलर है, जो सभी तरह के मौसम के लिए सही है।
हेयर स्टाइलिस्ट कनिका टंडन बताती हैं कि आजकल बाजार में हेयर कलर में कई नई तकनीकें आ गईं हैं, जिससे कलर करने में समय भी कम लगता है और बालों को नुकसान भी कम पहुंचता है। साथ ही कई अच्छे ब्रांड्स के कलर ट्यूब्स भी आने लगे हैं जिन्हें सीधा बालों पर लगाया जा सकता है, बहुत झंझट नहीं लगता। हां, कोई भी हेयर कलर करवाने से पहले बालों के टेक्सचर के बारे में एक्सपर्ट की राय जरूर लेनी चाहिए। साथ ही बालों पर कौन सा कलर सूट करेगा, उसका कोई नुकसान तो नहीं है, इसके लिए पहले पैच टेस्ट करवाना जरूरी होता है। इसके अलावा कोई भी प्रोडक्ट्स खरीदने या इस्तेमाल करने से पहले यह जांच जरूर कर लेनी चाहिए कि वह अमोनिया, पीपीडी और हाइड्रोजन पेरोक्साइड जैसे केमिकल से पूरी तरह फ्री है या नहीं।
यह भी पढ़ें- DIY Copper Hair Colour: पार्लर जैसा कॉपर हेयर कलर अब घर पर पाएं, ट्राई करें ये आसान DIY तरीका
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक- सुमन अग्रवाल
