गर्मी के मौसम में धूप, पसीना और धूल सभी त्वचा को नुकसान पहुंचाते हैं। घर से बाहर निकलने से पहले आप त्वचा की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखती हैं, लेकिन घर लौटने के बाद यानी रात में त्वचा की देखभाल को नजरअंदाज कर देते हैं। इससे त्वचा में खिंचाव, रूखापन, कालापन, टैन जैसी समस्याएं पैदा होने लगती है। रात में त्वचा का ब्यूटी रूटीन क्‍या होना चाहिए? आइए इस बारे में ब्यूटी एक्सपर्ट डा.ब्लासम कोचर से जानते हैं।

स्किन केयर बेड टाइम रूटीन

स्किन केयर में माना जाता है कि रात का समय त्वचा के लिए सबसे अहम होता है। दिनभर की धूप, धूल, पसीना और मेकअप की परतों की वजह से त्वचा अपनी प्राकृतिक चमक खो देती है। इसलिए रात को स्किन खुद को रिपेयर करती है। अगर सोने से पहले त्वचा की सही देखभाल की जाए तो अगले दिन सुबह त्वचा तरो ताजा और निखरी हुई नजर आती है। हालांकि, गर्मी के मौसम में स्किन केयर रूटीन वातावरण और मौसम के हिसाब से तय की जाती है। मौसम उमस भरा है या फिर शुष्क उसके हिसाब से स्किन केयर रूटीन अपनाई जाती है।

क्लीजिंग

रात को घर वापस आने के बाद बार-बार पानी से मुंह धोने से चेहरा और खराब हो जाता है। ऐसे में पानी से मुंह धोने के बाद किसी हल्के क्लींजर से चेहरे को साफ करें ताकि त्वचा साफ भी रहे और ड्राई भी न लगे।

टोनिंग

कई महिलाएं टोनिंग को नॉर्मल समझती हैं, लेकिन रात के समय टोनर इस्तेमाल करने से त्वचा के पोर्स टाइट होते हैं, स्किन फ्रेश लगती है और ऑयल कंट्रोल रहता है।

मॉइश्चराइजर

सुबह की तरह रात को भी सोने से पहले मॉइश्चराइजर का इस्‍तेमाल करें। कई लोग गर्मी में मॉइश्चराइजर लगाना जरूरी नहीं समझते क्योंकि इससे पसीना आता है। पर सच यह है कि त्वचा को हाइड्रेशन हर मौसम में चाहिए। बस लाइट और नान-ग्रीसी वाला मॉइश्चराइजर इस्तेमाल करें।

घरेलू तरीकों से करें बेड टाइम स्किन केयर

स्किनकेयर का मतलब केवल ब्यूटी प्रोडक्‍ट्स का इस्तेमाल करना नहीं है। नियमित त्वचा की देखभाल करना, हाइड्रेट रहना, सही डाइट लेना और स्किन केयर के लिए वक्त निकालना ही स्किन केयर का मूल मंत्र है। ऐसे में कोशिश करें कि चेहरे पर घरेलू प्रोडक्‍ट्स का अधिक से अधिक प्रयोग करें, जिससे चेहरे को ठंडक मिलेगी और प्राकृतिक निखार भी।

ड्राई और गर्म मौसम में ऐसे करें स्किन केयर

अगर मौसम ड्राई और गर्म है, तो आप स्किन केयर के लिए ये टिप्‍स आजमा सकती हैं। इससे त्‍वचा खिली-खिली नजर आएगी।

  • पके केले या तरबूज में दूध पाउडर और शहद मिलाकर फेस पैक बनाएं और चेहरे पर लगाएं। इससे स्किन पर नमी आएगी और बेजान चेहरे फिर से चमक उठेगा।
  • ओटमील और टमाटर का रस मिलाकर पैक लगाएं। इससे त्वचा के पोर्स टाइट होते हैं और डेड स्किन हटाने में मदद मिलती है।
  • चेहरे के एक्‍स्‍ट्रा ऑयल को कम करने के लिए नमक के पानी से हल्का सा स्प्रे कर सकती हैं।
  • चेहरे पर खीरे या आलू के स्लाइस रगड़ने से ठंडक मिलती है और चमक लौट आती है।

उमस या नमी वाले मौसम में स्किन केयर

अगर मौसम उमस या नमी वाला है तो इस मौसम में त्‍वचा की देखभाल के लिए आप कुछ होममेड चीजों को आजमा सकती हैं।

  • मुल्तानी मिट्टी, चने का आटा और चंदन को एक साथ मिलाकर पैक बनाएं और फिर चेहरे को इससे साफ करें। इससे एक्‍स्‍ट्रा ऑयल कंट्रोल रहता है।
  • चेहरे के ब्लैकहेड्स हटाने और शाइनी बनाने के लिए पपीता का इस्‍तेमाल कर सकती हैं।

सनबर्न और टैन के लिए स्किन केयर

अगर सनबर्न और टैन से त्‍वचा खराब हो गई है, तो आप इन टिप्‍स को आजमा सकती हैं।

  • लैवेंडर आयल को ठंडे पानी या दूध में मिलाकर लगाने से सनबर्न में राहत मिलती है।
  • दही और ओटमील का पैक चेहरे पर लगाने से टैन हटता है और चेहरे पर थोड़ी चमक आती है।

ब्यूटी एक्सपर्ट डा.ब्लासम कोचर बताती हैं कि गर्मी में किसी एक्सपर्ट रूटीन को फालो करने से ज्यादा अपनी स्किन को समझना जरूरी है। आपकी त्वचा कैसी है, आप जहां रहती हैं वहां गर्मी कैसी है। दिनभर आपकी स्किन किस तरह की प्रतिक्रियाएं देती हैं। ये सारी बातें एक हेल्दी त्वचा के लिए बहुत जरूरी है। हां, इसके साथ सही बेड टाइम रूटीन फालो करना और घरेलू उपायों को अपनाने से चेहरे की प्राकृतिक चमक बनी रहती है।

यह भी पढ़ें- Deep Cleaning Tips: बिना केमि‍कल वाले प्रोडक्‍ट्स के कैसे करें चेहरे की डीप क्‍लीन‍िंग? रसोई में छ‍िपा है राज

सनस्क्रीन युक्त मॉइश्चराइजर लगाना न भूलें

गर्मी में सूरज से बचना बहुत जरूरी है। इसलिए घर से बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन को मॉइश्चराइजर के ऊपर लगाना न भूलें। अगर आपकी स्किन संवेदनशील है तो अल्कोहल-फ्री, जिंक ऑक्साइड या टाइटेनियम डाइऑक्साइड वाली सनस्क्रीन युक्त माइश्चराइजर चुन सकती हैं, इससे यूवी किरणों से बेहतर बचाव होता है।

यह भी पढ़ें- चेहरा धोते ही फिर से ऑयली हो जाता है? कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां, एक्सपर्ट से जानें

आप भी इस नाइट स्किन केयर रूटीन को आजमाकर सुबह ग्‍लोइंग त्‍वचा पा सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल 

Image Credit: Shutterstock & magnific.com