हम सभी ने बचपन से दादी-नानी के बताए घरेलू नुस्खों के बारे में तो सुना ही है। पुराने समय में महिलाएं बाजार के महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स के स्थान पर दही, बेसन और हल्दी जैसी प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल चेहरे पर करती थीं। वहीं बात करें प्राचीन काल की रानी-महारानियों की, तो उनकी बेदाग और खूबसूरत त्वचा का राज भी पूरी तरह से कुदरती चीजों में ही छुपा होता था। उस समय बिना किसी केमिकल प्रोडक्ट के भी उनकी त्वचा हमेशा चमकती रहती थी। अगर आप भी केमिकल युक्त महंगे प्रोडक्ट्स से थक चुकी हैं और अपनी स्किन को गॉर्जियस बनाना चाहती हैं, तो रानी-महारानियों वाले कुछ देसी नुस्खों को आजमा सकती हैं। आइए जानते हैं, इन खास नुस्खों के बारे में -
राजपूताना दौर के 4 खास 'ब्यूटी सीक्रेट्स'
ऐतिहासिक लोककथाओं के अनुसार, पुराने समय में राजघरानों की महिलाएं अपनी त्वचा की देखभाल के लिए मुख्य रूप से चंदन, मोरिंगा, गुलाब और केसर का इस्तेमाल करती थीं। अगर आप भी उन्हीं की तरह नेचुरल ब्यूटी पाना चाहती हैं, तो इन्हें अपने ब्यूटी रूटीन में शामिल कर सकती हैं।
1. केसर
केसर को प्राचीन काल से ही त्वचा की रंगत सुधारने और निखार पाने के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है। आप इसके कुछ धागों को एक छोटे चम्मच कच्चे दूध में 10-15 मिनट के लिए भिगोकर रख दें। फिर इसे कॉटन की मदद से चेहरे पर लगाएं। यह एक असरदार नुस्खा है, जो दाग-धब्बों को कम करके चेहरे की रंगत निखारता है।
2. मोरिंगा पाउडर
मोरिंगा पोषक तत्वों और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है, जो त्वचा को जवां बनाए रखने में मदद करता है। पहले के समय में रानी-महारानियां इस खास चीज का भी इस्तेमाल किया करती थीं। इसे इस्तेमाल करने के लिए आप एक चम्मच मोरिंगा पाउडर में थोड़ा सा गुलाब जल और ग्लिसरीन मिलाकर स्मूथ पेस्ट बना लें। इसे चेहरे पर 15 मिनट लगाएं और फिर धो लें। यह ढीली त्वचा में कसाव लाता है।
यह भी पढ़ें- मानसून में चिपचिपी स्किन से हैं परेशान? घर पर बनाएं कोको बटर लोशन
3. चंदन
चंदन प्राचीन काल से ही सौंदर्य निखारने के लिए वरदान माना जाता है। इसकी तासीर ठंडी होती है, जो मुहांसों और जलन को शांत करती है। इसका इस्तेमाल करने के लिए आप चंदन पाउडर में कच्चा दूध या गुलाब जल मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे चेहरे पर लगाने से टैनिंग दूर होती है और स्किन फ्रेश दिखती है।
4. गुलाब जल
रानियों के स्नान के पानी और फेस पैक में गुलाब की पंखुड़ियों और गुलाब जल का इस्तेमाल किया जाता था। यह त्वचा का पीएच लेवल बनाए रखता है और प्राकृतिक गुलाबी निखार देता है। इसे आप रोजाना रात में सोने से पहले चेहरे पर लगाकार सो सकती हैं।
ध्यान रखने योग्य बातें
इन सभी चीजों का इस्तेमाल करते समय कुछ बातें ध्यान रखना जरूरी है। आइए जानते हैं -
हर किसी की स्किन टाइप अलग होती है। इसलिए किसी भी नुस्खे को आजमाने से पहले हाथ या कोहनी पर पैच टेस्ट जरूर करें।
किसी भी चीज से अगर आपको जलन, खुजली या रेडनेस हो, तो तुरंत चेहरा धो लें और डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह लें।
प्राचीन काल की रानी-महारानियों के ये 4 प्राकृतिक नुस्खे आज भी उतने ही असरदार हो सकते हैं। अगर आप भी केमिकल-फ्री और नेचुरल ग्लो चाहती हैं, तो इस हफ्ते से ही इन देसी उपायों को अपने स्किन केयर रूटीन का हिस्सा जरूर बनाएं।
यह भी पढ़ें- चेहरा धोने के बाद अपनाएं ये 2 मिनट का सीक्रेट, स्किन कर सकती है नेचुरली ग्लो
खूबसूरत और बेदाग त्वचा पाने के लिए आप भी ऊपर बताई गई कुछ नेचुरल चीजों का इस्तेमाल कर सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : magnific
