Sat Sep 12, 2026 | Updated 05:23 AM IST

'रेड लिपस्टिक लगाने वाली लड़की तो....', आखिर कब तक समाज में रहेगी ऐसी सोच

रेड लिपस्टिक के बारे में हमारे समाज में लोगों की तरह-तरह की राय है लेकिन आखिर क्यों सिर्फ रेड लिपस्टिक पर महिला के कैरेक्टर को जज कर लिया जाता है। 
Updated:- 2023-01-13, 18:13 IST
image

मुझे याद है जब मैं छोटी थी तब से मुझे लिपस्टिक लगाने का मन करता था। मैं चुपके से अपनी मम्मी के बैग से लिपस्टिक निकालकर ले जाती थी और उसे लगा लिया करती थी। मेरी मम्मी को जब यह बात पता चलती थी तो वह मुझे बहुत डांटती थी। खैर वह तो नादान बचपन था लेकिन आज भी मुझे नए-नए लिपस्टिक शेड्स खरीदना और उसमें अपना खूबसूरत लुक फ्लॉन्ट करना बेहद पसंद है। पर एक बात आपको यह माननी पड़ेगी कि आपके पास कितने भी लिप कलर क्यों न हों, रेड लिपस्टिक की बात ही अलग होती है। 

मैं जब भी रेड कलर की लिपस्टिक को लगाती हूं तो मुझे अपनी खूबसूरती कई गुना तक अधिक लगती है। सिर्फ मैं ही नहीं बल्कि ऐसी कई लड़कियां हैं जो रेड लिपस्टिक लगाना पसंद करती हैं पर फिर भी वह समाज में रेड लिपस्टिक से जुड़ी हुई कुछ बातों को सोचकर इस कलर से परहेज करती हैं। 

आप भी शायद मेरी इस बात से सहमत होंगी कि होठों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली रेड लिपस्टिक को कई लोग भद्दा भी मानते हैं लेकिन क्या सिर्फ रेड लिपस्टिक लगाने वाली महिला के कैरेक्टर को जज करना सही है? मेरे हिसाब से तो यह बिल्कुल गलत है क्योंकि सिर्फ किसी एक रंग की लिपस्टिक को लगाने से आप किसी के बारे में कोई धारणा अगर बनाते हैं तो वह आपकी खुद की सोच को भी दर्शाता है। 

रेड लिपस्टिक के बारे में समाज की सोच

red lipstick misconseptions

आपने लोगों को अक्सर यह कहते सुना होगा कि जो महिलाएं रेड लिपस्टिक लगाती हैं वह पुरुषों को अट्रैक्ट करने की कोशिश करती हैं पर क्या वाकई ऐसा है? मैं तो ऐसा बिल्कुल नहीं मानती हूं पर हां मुझे यह जरूर लगता है कि जब भी मैं रेड लिपस्टिक लगाती हूं तो मेरा कॉन्फिडेंस लेवल अधिक होता है और रेड लिपस्टिक साधारण से लुक में भी जान डाल देती है।(आलस दिखाने के 5 फायदे जो बना सकते हैं आपकी जिंदगी आसान)

मैं तो यह सोचती हूं कि अगर कोई पुरुष किसी भी महिला की तरफ उसके व्यवहार की जगह उसकी रेड लिपस्टिक को देखकर आकर्षित होता है तो इसमें रेड लिपस्टिक लगाने वाली महिला की गलती नहीं है बल्कि इससे यह निष्कर्ष निकलता है कि कमी उस व्यक्ति के चरित्र में है।

कई लोग रेड लिपस्टिक लगाने वाली महिलाओं को विलेन के समान तक मानते हैं क्योंकि ज्यादातर सीरियल में भी रेड लिपस्टिक लगाने वाली महिलाओं को नेगेटिव किरदार में ही दिखाया जाता है। इससे यह बात भी सामने निकलकर आती है कि समाज में लोगों की ऐसी सोच उनके सामने हो रही चीजों से भी जुड़ी हुई होती हैं। 

इसे जरूर पढ़ें- विज्ञान भले ही मंगल पर जीवन की खोज कर रहा हो, लेकिन घर का काम तो आज भी है सिर्फ महिलाओं की जिम्मेदारी 

लिपस्टिक के रंग से क्यों डरना? 

मेरा यह विचार है कि कोई भी रंग की लिपस्टिक महिला के कैरेक्टर को व्यक्त नहीं कर सकती है। हर महिला का अपना खुद का अस्तित्व होता है और वह उसे ही समाज में अलग-अलग रूप से निखार कर सबके सामने दिखाती है। आपको बता दें कि आपके आसपास रहने वाले कुछ लोग यह भी कहते हैं कि जो महिलाएं रेड लिपस्टिक लगाती हैं वह खुद यह सीधा-साधा इशारा करती हैं कि वह लोअर क्लास की हैं।

क्या महिला का स्टैंडर्ड उसकी लिपस्टिक से जज किया जा सकता है? सीधे तौर पर इस सवाल का अर्थ सिर्फ एक लाइन में आपको मैं दे सकती हूं 'एक रंग से अगर लोगों का स्टैंडर्ड को जज किया जाने लगा तो किसी भी देश के लोग आज तरक्की की राह पर नहीं चल पाते।'(ऑफिस में इस तरह रखें अपनी बात, नहीं लगेगा किसी को बुरा)

मुझे लगता है कि किसी भी महिला को रेड लिपस्टिक लगाने से पहले यह विचार नहीं करना चाहिए कि समाज में अपनी रूढ़िवादी सोच को लेकर बैठे हुए लोग क्या कहेंगे बल्कि उन्हें निडर होकर रेड लिपस्टिक को कैरी करना चाहिए क्योंकि लिपस्टिक के रंग से अधिक मुंह से निकलने वाले शब्द शक्तिशाली होते हैं।

इन सभी सवालों के बाद बारी आती है कि जनाब कहीं ये लड़की लाल लिपस्टिक लगाकर बोल्ड दिखाने की कोशिश तो नहीं कर रही है? या फिर लड़की दिखावटी और ओवर मेकअप की दुकान होगी। ये सब बातें करके समाज के तमाम लोग रेड लिपस्टिक से कैरेक्टर के बारे में तो सोच ही लेते हैं पर आपको इन बातों को सोच कर अपना समय नहीं व्यर्थ करना चाहिए।

इसे जरूर पढ़ें- सोशल मीडिया पर No Shame Campaign तो ठीक, लेकिन महिलाओं को असल में कब मिलेगा शर्मिंदगी से छुटकारा? 

न जाने कब वह दौर आएगा जब वाकई लोग इन सब चीजों से ऊपर उठेंगे और यह समझेंगे कि एक रेड लिपस्टिक लगाने वाली महिला सिर्फ पुरूषों को अट्रैक्ट करने के लिए लिपस्टिक नहीं लगाती है बल्कि वह इस रंग की लिपस्टिक में अजय महसूस करती है। जाने कब महिलाओं को उनके रंग की लिपस्टिक पर जज करने वाले लोग यह समझेंगे कि रेड लिपस्टिक लगाने से यह बिलकुल साबित नहीं होता है कि वह लड़की कैसी इंसान है। 

रेड लिपस्टिक के बारे में आपकी क्या राय है हमें कमेंट करके बताएं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर जरूर शेयर करें और इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ। इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।

 

 

image credit- freepik 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।