Astro Tips: घर में कब लगाएं तुलसी का पौधा?

घर के आंगन में तुलसी का पौधा लगाना चाहते हैं, तो पहले उसे लगाने के इन नियमों, शुभ दिन और शुभ मुहूर्त जान लें। 
Updated:- 2022-04-06, 11:11 IST
image

तुलसी के पौधे को हिंदू धर्म में बहुत ही महत्वपूर्ण माना गया है। ऐसी मान्‍यता है कि तुलसी देवी लक्ष्मी का ही स्वरूप हैं। इसलिए घर की सुख-शांति और आर्थिक लाभ के लिए लोग नियमित तुलसी के पौधे की पूजा करते हैं। आमतौर पर सभी के घर में तुलसी का पौधा होता है। मगर कभी तुलसी का पौधा सूख जाए या फिर नया तुलसी का पौधा लगाना हो तो सभी के मन में यह प्रश्‍न जरूर उठता है कि तुलसी का पौधा लगाने का सबसे अच्छा दिन क्या हो सकता है? 

इस विषय में हमने ज्योतिषाचार्य एवं पंडित विनोद सोनी जी से बात की। वह कहते हैं, 'हर दिन ईश्वर के बनाए हुए हैं, इसलिए हर दिन हर काम के लिए शुभ होता है। मगर शास्त्रों में कुछ विशेष दिन बताए गए हैं, जब तुलसी के पौधे को लगाने पर शुभ फल प्राप्त हो सकते हैं।' 

इसे जरूर पढ़ें: शास्त्रों में बताए गए तुलसी के सूखे पत्तों के उपाय

tulsi  chamatkari  totke

तुलसी का पौधा कब लगाएं? 

धार्मिक शास्त्रों में तुलसी का पौधा लगाने के लिए सबसे अच्छा दिन 'कार्तिक मास' बताया गया है। यह महीना आमतौर पर हर वर्ष अक्टूबर से नवंबर के बीच पड़ता है। अगर आपको तुलसी का नया पौधा अपने घर में लगाना है, तो इससे शुभ दिन और कोई नहीं हो सकता है। 

पंडित जी बताते हैं, 'कार्तिक मास में भी गुरुवार का दिन तुलसी का पौधा लगाने के लिए सबसे अच्‍छा माना गया है। दरअसल, गुरुवार का दिन भगवान श्री हरि विष्णु को अर्पित किया गया है। भगवान श्री कृष्ण को तुलसी अति प्रिय है और वे भगवान विष्णु (भगवान विष्णु से जुड़े तथ्‍य) के ही अवतार हैं। ऐसे में गुरुवार के दिन यदि आप घर में तुलसी का पौधा लगाते हैं, तो आपको श्री विष्णु भगवान की भी कृपा प्राप्त होगी। '

कार्तिक मास के अलावा आप चैत्र मास में पड़ने वाली नवरात्रि पर भी तुलसी का पौधा अपने घर में लगा सकते हैं। आप गुरुवार और शुक्रवार के दिन तुलसी के पौधे को घर लाएं और उसका रोपण करें। आपको बता दें कि शुक्रवार का दिन देवी लक्ष्मी को अर्पित किया गया है और तुलसी को देवी लक्ष्मी का ही स्वरूप माना गया है। इसके अलावा वैज्ञानिक लिहाज से भी अप्रैल से जून तक के महीने में तुलसी के पौधे को लगाया जा सकता है, इस दौरान उसकी अच्‍छी ग्रोथ भी होती है।  

इसके अलावा आप शनिवार के दिन भी तुलसी का पौधा अपने घर में लगा सकते हैं। ज्‍योतिष शास्‍त्र के मुताबिक शनिवार के दिन यदि आप तुलसी का पौधा घर लाते हैं या उसे अपने घर के आंगन में लगाते हैं, तो लंबे वक्त से चली आ रही आर्थिक तंगी दूर हो जाती है। 

इसे जरूर पढ़ें: बृहस्पतिवार के दिन तुलसी के उपाय से जीवन में आएगी आर्थिक संपन्नता

best  day  to  plant  tulsi

तुलसी का पौधा कब न लगाएं? 

तुलसी का पौधा सोमवार, बुधवार, रविवार,एकादशी तिथि और सूर्य एवं चंद्र ग्रहण के दिन बिल्कुल भी न लगाएं। आपको इस दिन तुलसी के पौधे को हाथ भी नहीं लगाना चाहिए, यहां तक की आपको तुलसी के पौधे में रविवार के दिन जल भी नहीं चढ़ाना चाहिए। आप बाकी हर दिन तुलसी के पौधे में जल चढ़ा सकते हैं। वैसे तो तुलसी की पत्ती को सूर्यास्त के बाद नहीं तोड़ना चाहिए, मगर इन विशेष दिनों में भी तुलसी की पत्तियों को तोड़ने से बचें। इन सभी के साथ-साथ आपको इस बात पर भी ध्यान देना होगा कि तुलसी का पौधा आप यदि घर में लगा रहे हैं, तो उसे हमेशा अभिजीत मुहूर्त में ही लगाएं। आपको बता दें कि सुबह 11:21 से दोपहर 12:04 तक अभिजीत मुहूर्त रहता है। 

vastu  tips  to  plant  tulsi  in  hindi

तुलसी के पौधे से जुड़ी महत्‍वपूर्ण वास्‍तु टिप्‍स- 

  1. आप अपने घर में तुलसी को ईशान कोण, उत्तर या पूर्व दिशा में लगा सकते हैं। वैसे उत्तर दिशा को सबसे शुभ माना गया है। 
  2. वास्तु अनुसार तुलसी का पौधा आपने घर पर जहां भी लगाया है, वहां की दीवार और जमीन को गाय के गोबर से पाट दें। ऐसा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है। 
  3. पंडित जी बताते हैं, 'अगर आप तुलसी के पौधे को पूर्व दिशा में लगाते हैं, तो घर में सूर्य के समान ऊर्जा आती है, वहीं उत्तर दिशा में तुलसी का पौधा लगाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है।'
  4. रिश्तों में प्रेम और घर में सुख-शांति बनी रहे, इसके लिए नियमित रूप से तुलसी के पौधे में जल चढ़ाना चाहिए और घी का दीपक जलाना चाहिए। 
  5. तुलसी के सूखे पौधे को घर में न रखें, इससे आपके जीवन में परेशानियां आ सकती हैं। 
  6. तुलसी के पौधे के आस-पास सफाई रखें और भूल से भी जूते-चप्पल न उतारें। 
  7. तुलसी के पौधे को कभी भी साउथ या साउथ वेस्ट दिशा में न रखें।  

 

उम्मीद है कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर और लाइक करें, साथ ही ऐसे और भी टिप्‍स जानने के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।  

Image Credit: Shutterstock

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।