शास्त्रों में बताए गए तुलसी के सूखे पत्तों के उपाय

तुलसी के पौधे को हिंदू धर्म में बहुत अधिक महत्व दिया गया है। इस पौधे के औषधीय गुण होने के साथ-साथ धार्मिक महत्व भी हैं। पुराणों में इस पौधे को देवी लक्ष्मी का स्वरूप बताया गया है। द्वापर युग में भगवान श्री कृष्ण ने तुलसी के पौधे से विवाह किया था और उन्हें अपनी रानी का दर्जा दिया था।
इतना ही नहीं, तुलसी के पौधे का एक-एक कण सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। फिर चाहे तुलसी की पत्ती हो, टहनी हो या फिर जड़ हो। इन सभी का इस्तेमाल अलग-अलग चीजों के लिए किया जा सकता है। वास्तु शास्त्र में तुलसी के पौधे को घर में लगाने के कई नियम कायदे भी बताए गए है। ऐसी मान्यता है कि, जिस घर में तुलसी का पौधा होता है, उस घर का वातावरण अच्छा रहता है।
कई बार मौसम में आए बदलाव या फिर उचित देखभाल न होने पर तुलसी का पौधा सूख जाता है। हालांकि, धार्मिक शास्त्रों में यही बताया गया है कि तुलसी के पौधे को हमेशा हरा-भरा ही होना चाहिए, मगर ऐसा हर वक्त संभव नहीं है। इसलिए जब तुलसी का पौधा सूख जाए तो क्या करना चाहिए? इस बारे में अक्सर लोग सवाल करते हैं। आमतौर पर सूखे हुए तुलसी के पौधे को लोग फेंक देते हैं मगर धार्मिक नजरिए से ऐसा नहीं करना चाहिए। खासतौर पर यदि आपके पास तुलसी की सूखी हुई पत्तियां हैं, तो आप उनका तरह-तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसे जरूर पढ़ें: बृहस्पतिवार के दिन तुलसी के उपाय से जीवन में आएगी आर्थिक संपन्नता
हमने भोपाल के ज्योतिषाचार्य एवं पंडित विनोद सोनी से जाना कि सूखी तुलसी की पत्तियों का क्या करना चाहिए? पंडित जी ने हमें कुछ सरल उपाय भी बताए हैं।
श्रीकृष्ण के भोग में करें इस्तेमाल
पंडित जी बताते हैं, 'एक ही तुलसी की पत्ती को लगातार 15 दिन तक श्री कृष्ण के भोग में नियमित इस्तेमाल कर सकते हैं। जब यह पत्ती पूरी तरह से सूख जाए तो आप इसे खुद ग्रहण कर सकते हैं।' यह बात सभी को ज्ञात है कि भगवान श्री कृष्ण का भोग बिना तुलसी के नहीं लगाया जाता है, ऐसे में तुलसी की पत्ती ताजी हो या पुरानी श्री कृष्ण (श्रीकृष्ण की प्रेम कथा) को तुलसी हर रूप में प्रिय होती है।
जल में डालें तुलसी की पत्ती
श्री कृष्ण के बाल गोपाल स्वरूप की यदि आप सेवा करती हैं, तो जाहिर है आप नियमित उन्हें स्नान कराती होंगी। ऐसे में तुलसी की सूखी पत्तियों को आप लड्डूगोपल के स्नान के पानी में डाल सकती हैं। फिर पानी से आपको उन्हें स्नान करना चाहिए और बाद में इस पानी को खुद ग्रहण कर लेना चाहिए।
खाने में करें इस्तेमाल
अगर आपके पास तुलसी की ढेर सारी सूखी हुई पत्ती इकट्ठा हो गई हैं, तो आपको उसका पाउडर बनाकर खाने में इस्तेमाल करना चाहिए। इससे खाने का स्वाद तो अच्छा होगा ही, साथ ही सेहत के लिहाज से भी यह बहुत अच्छा होगा।
इसे जरूर पढ़ें: एस्ट्रो एक्सपर्ट: तुलसी के इन मंत्रों का करें उच्चारण, जीवन में आएगी खुशहाली
सूखी तुलसी की पत्ती से आप यह काम भी कर सकती हैं-
- अगर तुलसी की ढेर सारी पत्तियां आपके पास इकट्ठा हो गई हैं और आप इनका इस्तेमाल नहीं करना चाह रही हैं तो आप तुलसी के गमले में ही इन पत्तियों को गाड़ सकती हैं। यह गल कर खाद बन जाएंगी।
- तुलसी की पत्तियों को स्नान करने वाले पानी में डाल लें। मगर इस पानी से जब आप स्नान करने जाएं तो पहले ही उन पत्तियों को निकाल लें। तुलसी की पत्ती को पानी में डाल कर नहाने से सकारात्मक ऊर्जा शरीर में प्रवेश करती है।
- आप तुलसी की सूखी पत्तियों को अपनी कॉपी किताबों के मध्य भी रख सकते हैं, इससे भी आपके कार्य सकारात्मक रूप से पूरे होते हैं।
- तुलसी के सूखे पत्तों को एक लाल कपड़े में बांध कर आप तिजोरी या फिर अपने पर्स में रखें। ऐसा करने से आपको आर्थिक लाभ होगा।
- तुलसी की पत्तियों को गंगाजल में डाल कर उस पानी को छिड़काव पूरे घर में करें। ऐसा करने से घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा (नकारात्मक ऊर्जा दूर करने के उपाय) नष्ट होती है।
- तुलसी की 7 सूखी पत्तियों को नियमित आप पानी से निगल सकते हैं। यह आपकी सेहत के लिए भी अच्छा होता है। मगर इस बात का ध्यान रखें कि आपको इन्हें चबाना नहीं है।
उम्मीद है कि आपको तुलसी की पत्तियों के ये ज्योतिषीय उपाय पसंद आए होंगे। आप भी उन्हें अपना कर देखें, साथ ही इस आर्टिकल को शेयर और लाइक करें। ऐसे और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image credit: Shutterstock
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।