Fri Sep 11, 2026 | Updated 10:42 PM IST

Vastu Tips: सुख समृद्धि के लिए घर में जरूर लगाएं शमी का पौधा, जानें इसके फायदे

घर में पौधे लगाने का भी अलग वास्तु होता है और कुछ पौधे घर की सुख समृद्धि के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं। ऐसे ही पौधों में से एक पौधा है शमी का पौधा। 
Updated:- 2021-08-22, 09:00 IST
image

वास्तुशास्त्र के हिसाब से हर एक वास्तु की घर में एक निश्चित दिशा निर्धारित की गयी है। यही नहीं चीज़ों को वास्तु के हिसाब से रखना घर के सदस्यों के लिए लाभकारी भी होता है और उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। जैसे चीज़ों के लिए एक निश्चित वास्तु है वैसे ही पौधों की भी घर में रखने के लिए एक निर्धारित दिशा है और कुछ पौधों को वास्तु और दोनों ही कारणों से घर में रखना शुभ माना जाता है। ऐसे ही पौधों में से एक है शमी का पौधा। 

वास्तु शास्त्र को घर में फूल और पेड़ लगाने के लिए भी लागू किया जाता है। जब आप अपने घर में एक पेड़ या पौधा लगा रहे हैं तो आपको इसके बारे में वास्तु की पूरी जानकारी होनी भी जरूरी है। आइए जानी मानी एस्ट्रोलॉजी और वास्तु स्पेशलिस्ट डॉ आरती दहिया जी से जानें घर में शमी का पौधा लगाना क्यों लाभदायक माना जाता है और इसे लगाने के लिए वास्तु का ध्यान रखना क्यों जरूरी है। 

घर में शमी का पौधा होता है शुभ 

shami plant benefits for shani dev

शमी का पौधा मुख्य  रूप से शनि देव का पौधा माना जाता है और इसे घर में लगाने से शनि देव की कृपा तो प्राप्त होती ही है। ये पौधा भगवान् शिव को भी अत्यंत प्रिय है और कहा जाता है कि जिस घर में शमी का पौधा होता है वहां भगवान् शिव का वास होता है और शनि की बुरी दृष्टि नहीं पड़ती है। मान्यता ये है कि इस पौधे को घर में सही दिशा में लगाने से सुख समृद्धि और धन धान्य आता है और इस पौधे में नियमित रूप से जल देने से सभी मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। 

इसे जरूर पढ़ें:क्या आप जानते हैं शिवलिंग की पूरी परिक्रमा क्यों नहीं करनी चाहिए

शमी के पौधे का वास्तु के हिसाब से महत्त्व 

वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार यदि आपकी कुंडली में शनि या शनि का प्रभाव है तो आपको अपने घर में शमी का पौधा जरूर लगाना चाहिए। वास्तविकता यह है कि वास्तु शास्त्र से  शनि के मुद्दों को हल किया जा सकता है। शमी के पौधे के लिए उपयुक्त वास्तु स्थान घर की पश्चिम दिशा में होता है। लेकिन अगर आप वास्तु शास्त्र के बारे में नहीं जानते हैं और घर की किसी अन्य दिशा में शमी का पौधा लगा रहे हैं, तो शनि के परिणाम अधिक होंगे, और इससे जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए शमी का पौधा शनि दोष को दूर करने के  जरूर लगाना चाहिए लेकिन इसकी सही दिशा के बारे में जानकारी लेकर ही इस पौधे को लगाना ठीक होता है। 

शमी वृक्ष की कहानी 

shami plant benefits

शमी का वृक्ष दुनिया के सबसे पवित्र वृक्षों में से एक माना जाता है और जिसकी प्राचीन काल से पूजा की जाती है। ऐसा माना जाता है कि यदि आप किसी शमी के पेड़ की पूजा कर रहे हैं, तो यह आपके सभी पापों को कुशलता से साफ और दूर कर देगा। एक  पौराणिक कथा के अनुसार महाभारत युद्ध से पहले, पांडवों ने अपने हथियार शमी के पेड़ को सौंप दिए और जीत के लिए उस पेड़ से पूजा की। तभी से शमी के वृक्ष की पूजा किसी भी जगह विजय प्राप्त करने के लिए की जाने लगी। दरअसल, ज्योतिष और वास्तु शास्त्र दोनों में ही शमी के पेड़ की अहम भूमिका है। इसलिए लोग घर के अंदर शमी के पौधे को लगाना शुभ मानते हैं। कहा जाता है कि शमी का पौधा जल्दी सूखता नहीं है इसलिए इसे ज्यादा देखभाल की जरूरत भी नहीं होती है। लेकिन यदि ये बेवजह सूखने लगे तो ये किसी अनहोनी का संकेत भी हो सकता है। 

ज्योतिषीय राय 

वास्तु विशेषज्ञ और ज्योतिषाचार्य आरती दहिया जी बताती हैं कि यदि शनि की साढ़ेसाती या ढइया चल रही हो तो शमी के पेड़ के आगे हर शनिवार सूर्यास्त के समय सरसों के तेल का दीया जलाना विशेष लाभकारी साबित होता है। 

इसे जरूर पढ़ें:जन्माष्टमी के त्योहार में सुखी दाम्पत्य जीवन के लिए ऐसे करें पूजन

 

शमी वृक्ष के लिए सही दिशा 

shami plant benefits for home

चूंकि शमी का पेड़ शनि देव का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए घर में शमी का पौधा अत्यंत शुभ होता है। वास्तु के हिसाब से इस पौधे को घर की पश्चिम दिशा में लगाने से सकारात्मक ऊर्जा आती है। इस पौधे को घर की पूर्व दिशा और ईशान कोण की तरफ भी लगाया जा सकता है। लेकिन भूलकर भी इस पौधे को दक्षिण दिशा में न लगाएं ऐसा करना नकारात्मक ऊर्जा का संचार कर सकता है। 

अगर आप भी घर में पौधे लगाने के शौक़ीन हैं तो शमी का पौधा घर की सही दिशा में जरूर लगाएं। ऐसा करना घर की सुख समृद्धि के साथ आर्थिक स्थिति में भी सुधार लाता है। 

 

अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य रोचक लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ। 

Image Credit: shutterstock  and freepik 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।