जब भी हम कोई अच्छा काम करते हैं तो यह अपेक्षा करती हैं कि हमारे आसपास के लोग उसे नोटिस करें और अच्छे काम करने पर हमें तारीफ मिले। यह मनुष्य का आम स्वभाव है और अधिकतर लोगों में यही रवैया पाया जाता है। इसमें कोई बुराई भी नहीं है। अच्छे काम पर कॉम्पलीमेंट मिलने पर व्यक्ति का उत्साह दोगुना हो जाता है और उसकी कार्यक्षमता में भी इजाफा होता है। लेकिन अगर आप उन लोगों में से हैं, जो हमेशा ही दूसरों की अंटेशन पाने की चाह रखती हैं। यहां तक कि दूसरों का ध्यान आकर्षित करने या फिर सेंटर ऑफ अट्रैक्शन बनने के लिए झूठ बोलने से भी परहेज नहीं करते तो आपको थोड़ा सतर्क हो जाने की आवश्यकता है।
एक अंटेशन सीकर व्यक्ति सिर्फ अच्छे कामों पर ही तारीफ पाने की इच्छा नहीं रखता, बल्कि वह हर हद को पार करके खुद को सबसे बेस्ट दिखाना चाहता है। ऐसे व्यक्तियों के व्यवहार में कुछ आम लक्षण देखे जाते हैं, जिनके आधार पर इनकी पहचान की जा सकती है। तो चलिए आज हम आपको बता रहे हैं कि एक अंटेशन सीकर व्यक्ति में कौन से लक्षण नजर आते हैं-
हमेशा चापलूसी की इच्छा होना
एक अंटेशन सीकर व्यक्ति की खास बात यह होती है कि वे जानते हैं कि वे अच्छे दिखने वाले, बुद्धिमान और सक्षम हैं लेकिन उनके लिए यह पर्याप्त नहीं है। वे न केवल अपने आसपास के लोगों को उनकी योग्यता के बारे में हमेशा शो ऑफ करना चाहते हैं, बल्कि वे तारीफ और प्रशंसा भी सुनना चाहते हैं। वे ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि उनके अंदर छिपी असुरक्षाएं होती हैं और जब कोई उनकी प्रशंसा करता है तो इससे उनका ईगो बूस्ट अप होता है।
इसे जरूर पढ़ें:ऐसे निभाएंगी अपना रिश्ता तो रिलेशनशिप हमेशा रहेगी मजबूत
विक्टिम कार्ड प्ले करना
यह भी अक्सर अंटेशन सीकर व्यक्ति के व्यवहार में देखा जाता है। अमूमन ऐसे लोग किसी भी हाल में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचना चाहते हैं और इसलिए वह विक्टिम कार्ड प्ले करने से भी नहीं चूकते। वह ऑनलाइन दुनिया में या फिर रियल लाइफ में अपने दोस्तों व आसपास के लोगों के साथ कई तरह के झूठ बोलकर खुद को विक्टिम दिखाने की कोशिश करते हैं। वे ऐसा इसलिए करते हैं ताकि अन्य लोगों की सहानुभूति उन्हें मिल सके। वास्तव में यह उनका तरीका होता है दूसरों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने का।
Recommended Video
बड़ी-बड़ी डींगे मारना
आपकी उपलब्धियों और प्रतिभा के बारे में डींग मारने और अपने दोस्तों को अपनी उपलब्धियों के बारे में बताने में अंतर होता है। आमतौर पर जो लोग अंटेशन सीकर होते हैं, वह अपनी उपलब्धियों को हमेशा बढ़ा-चढ़ाकर पेश करते हैं। उनका उद्देश्य यह होता है कि वह दूसरों के सामने यह प्रदर्शित कर सकें कि कैसे उन्होंने किसी स्थिति में बेहद समझदारी का परिचय दिया। इतना ही नहीं, वह यह जताने की कोशिश भी करते हैं कि उनसे बेहतर तरीके से उस स्थिति को कोई हैंडल नहीं कर सकता था।
इसे जरूर पढ़ें:रिलेशनशिप को रखना है मजबूत तो अपने पार्टनर को इन स्थितियों में बिल्कुल मैसेज ना करें
सोशल मीडिया पर सबसे अधिक एक्टिव होना
एक अंटेशन सीकर व्यक्ति अक्सर सोशल मीडिया की बुराई करते नजर आते हैं, लेकिन वह ही ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सुपर एक्टिव होते हैं। वे एक फैंसी कैप्शन के साथ तस्वीरें पोस्ट करते रहेंगे ताकि उन्हें अधिक से अधिक लाइक मिले और लोग उन्हें नोटिस करें। सोशल मीडिया पर हाइपर एक्टिविटी से वह लोगों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास करते रहते हैं। वह ऐसे लोगों का अंटेशन पाकर भी खुश होते हैं, जिनमें से आधे से अधिक व्यक्तियों को वह जानते भी नहीं हैं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।