Sat Sep 12, 2026 | Updated 01:03 AM IST

Sawan 2020: 6 जुलाई से शुरू हो रहा है सावन का महीना, जानें शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

पंडित जी से जानें वर्ष 2020 में पड़ रहे सावन के महीने में कब और कैसे करनी चाहिए भगवान शिव की पूजा। 
Updated:- 2020-07-03, 12:44 IST
image

हिंदू धर्म में सावन के महीने का विशेष महत्‍व है। ऐसी मान्‍यता है कि सावन के महीने में भगवान शिव पृथ्‍वी पर वास करते हैं और जगतपिता नारायण का स्‍थान ले लेते हैं। सावन के महीने में महादेव ही सृष्टि का संचालन करते है। ऐसे में सावन का महीना शिव भक्‍तों के लिए विशेष होता है।  इस बार वर्ष 2020 में सावन का महीना 6 जुलाई से शुरू हो रहा है। भोपाल के ज्योतिषाचार्य एवं हस्तरेखार्विंद विनोद सोनी पोद्दार बताते हैं, 'इस बार सावन का आरंभ सोमवार के दिन से और समापन भी सोमवार को ही हो रहा है। इतना ही नहीं, इस बार सावन की शुरुआत उत्तराषाढ़ा नक्षत्र वैधृति योग तथा कौलव करण प्रतिपदा तिथि से हो रही है। साथ ही इस दिन सोमवार होने से इस वर्ष सावन का महीना विशेष रूप से फलदायक रहेगा।'

शुभ मुहूर्त और विशेष योग 

अगर हिंदी पंचांग को आधार माना जाए तो इस वर्ष 5 जुलाई सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर से ही सावन का महीना शुरू हो जाएगा। मगर इस दिन पूर्णिमा है और चंद्र ग्रहण भी पड़ रहा है, इसलिए सोमवार 6 जुलाई से ही सावन के महीने की शुरुआत मानी जाएगी। इस बार सावन का महीना 3 अगस्‍त, रक्षाबंधन के दिन तक रहेगा। ज्योतिषाचार्य विनोद सोनी पोद्दार बताते हैं, 'इस वर्ष सावन में 36 शुभ योग पड़ रहे हैं। यह सभी के लिए अच्‍छे हैं और इससे खूब बारिश हो सकती है।'

इसे जरूर पढ़ें: शिवलिंग का 7 अलग-अलग धाराओं से करेंगी अभिषेक तो मिलेंगे ये 7 फल

Sawan ka Mahina    puja

सावन के व्रत 

भगवान शिव को सावन का महीने अति प्रिय है। इस माह में जो भी भगवान शिव की पूजा करता है या उनके व्रत रखता है, उससे प्रसन्‍न होकर भगवान शिव विशेष फल देते हैं। चलिए आपको बताते हैं कि सावन के महीने में आप भगवान शिव के कितने प्रकार के व्रत रख सकते हैं। 

सावन सोमवार व्रत - सावन के महीने में पड़ने वाला हर सोमवार शुभ होता है। इस दिन आप भगवान शिव की पूजा करें और उनका व्रत भी रखें।  

सोलह सोमवार व्रत - सावन को हिंदू धर्म में एक पवित्र महीना माना गया है। अगर आप मनचाहा जीवनसाथी चाहते हैं तो आप सावन के महीने से सोलह सोमवार व्रत शुरू कर सकते हैं। 

प्रदोष व्रत - भगवान शिव और मां पार्वती का यह व्रत बहुत ही फलदायक होता है। अगर आप इसे शुरू करना चाहते हैं तो सावन का महीना इसके लिए सबसे शुभ होता है। 

इसे जरूर पढ़ें: आखिर क्यों होती है सावन में इन कामों को करने की मनाही, जानिए

सावन 2020 के सोमवार

6 जुलाई- पहला सोमवार

13 जुलाई- दूसरा सोमवार

20 जुलाई- तीसरा सोमवार

27 जुलाई 2020- चौथा सोमवार

3 अगस्त- पांचवा सोमवार

Sawan ka Mahina    pooja

सावन 2020 के तीज त्यौहार 

10 जुलाई - मोनी पंचमी

14 जुलाई-मंगला गौरी व्रत 

16 जुलाई- एकादशी

18 जुलाई- प्रदोष

20 जुलाई- सोमवती अमावस्या

23 जुलाई - हरियाली तीज 

25 जुलाई- नागपंचमी 

3 अगस्त- रक्षाबंधन 

 

व्रत और पूजा विधि

  • सूर्योदय से पहले सो कर उठ जाएं और ब्रह्म मुहूर्त में स्‍नान कर लें।
  • फिर मंदिर जाएं और भगवान शिव को दूध अर्पित करें। 
  • इसके साथ ही भगवान शिव के व्रत का संकल्‍प लें। याद रखें कि जैसा संकल्‍प ले रहे हैं वैसा ही शिव जी के सारे व्रत में करें। 
  • अब शिव जी की पूजा करें और उनका पाठ करें। 
  • भगवान शिव की आरती तिल के तेल के दिए को जला कर करें। 
  • भगवान शिव के प्रिय पुष्प मंदार को उन्‍हें अर्पित करें। साथ ही बेल की पत्तियां और धतूरा आदि चढ़ाएं। 
  • सावन सोमवार व्रत सूर्योदय से प्रारंभ हो कर तीसरे पहर तक किया जाता है। इसके बाद आप भगवान शिव की पूजा करके व्रत खोलें और सामान्य भोजन करें।

 

पूरे विधि-विधान के साथ अगर आप सावन में भगवान शिव की पूजा और व्रत करते हैं तो आपको इसका शुभ फल अवश्‍य ही मिलता है। सावन के महीने में आप चाहें तो महामृत्युंजय मंत्र का जाप और रुद्राभिषेक भी कर सकते हैं। इससे हर प्रकार की बाधा और रोग दूर होते हैं। धर्म से जुड़ी और भी रोचक बातें जानने के लिए जुड़े रहें HerZindagi से। 

 Image credit: freepik

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।