Fri Sep 18, 2026 | Updated 05:06 PM IST

क्या हर इमरजेंसी में ट्रेन की चेन खींचना सही है? जानें भारतीय रेलवे के कड़े नियम

भारतीय ट्रेनों में अलार्म चेन सेफ्टी का महत्वपूर्ण जरिया है, लेकिन इसके दुरुपयोग से कानूनी परेशानी का सामना कर पड़ सकता है। जानते हैं इसके बारे में...
Updated:- 2026-09-18, 15:57 IST
indian railway emergency chain rules

भारतीय ट्रेनों में सफर के दौरान डिब्बों में लगी लाल रंग की अलार्म चैन सुरक्षा का एक बेहद अहम जरिया है। हालांकि, सही जानकारी न होने की वजह से यह सुविधा अक्सर दुरुपयोग का शिकार हो जाती है। कई बार लोग अपनों को छोड़ने स्टेशन आते हैं और ट्रेन चलने पर उतर नहीं पाते, तो कुछ लोग अपनी जल्दबाजी में चैन खींच देते हैं। ऐसी एक छोटी सी लापरवाही न केवल आपके लिए कानूनी मुसीबत खड़ी कर सकती है, बल्कि सैकड़ों यात्रियों की यात्रा को भी प्रभावित करती है। ऐसे में जानते हैं कि रेलवे में अलार्म चैन खींचने के कड़े नियम क्या हैं और इसका सही इस्तेमाल कब करना चाहिए? पढ़ते हैं आगे...

चैन खींचने पर कैसे रुकती है ट्रेन?

ट्रेन के डिब्बों में मौजूद अलार्म चैन सीधे ब्रेक पाइप के वेंट वाल्व से जुड़ी होती है। सामान्य परिस्थितियों में इस ब्रेक पाइप में लगभग 5 किलोग्राम प्रति वर्ग सेंटीमीटर का हवा का दबाव (एयर प्रेशर) बना रहता है। जैसे ही कोई यात्री चैन खींचता है, पाइप से हवा तेजी से बाहर निकलती है। प्रेशर कम होते ही ट्रेन के ब्रेक अपने आप काम करने लगते हैं और ट्रेन धीरे-धीरे रुक जाती है।

2 - 2026-09-18T152659.505

(photo credit - Magnific)

कब चैन खींचना सही माना जाता है?

रेलवे अधिनियम के अनुसार, इमरजेंसी अलार्म चैन का प्रयोग केवल जान-माल की सुरक्षा और गंभीर आपात स्थिति में ही किया जा सकता है। निम्नलिखित परिस्थितियों में चैन खींचना पूरी तरह जायज है-

  • मेडिकल इमरजेंसी: जब सफर के दौरान किसी यात्री की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ जाए या दिल का दौरा पड़े।
  • सुरक्षा का खतरा: ट्रेन के डिब्बे में आग लग जाना, चोरी या डकैती जैसी कोई गंभीर सुरक्षा समस्या होना।
  • दुर्घटना का अंदेशा: किसी यात्री का ट्रेन से नीचे गिर जाना या डिब्बों के बीच में फंस जाना।
  • असहाय यात्री का छूटना: यदि कोई बुजुर्ग, बच्चा या दिव्यांग व्यक्ति ट्रेन पकड़ते समय छूट जाए या गलत कोच में चढ़ जाए।

यह भी पढ़ें- रेलवे स्टेशन का नाम हमेशा पीले बोर्ड पर ही क्यों लिखा जाता है? जानें

गलत इस्तेमाल पर जुर्माना और सख्त कानून

सुप्रीम कोर्ट के सीनियर वकील गोपेश जिंदल के मुताबिक, बिना किसी ठोस वजह के चैन खींचना भारतीय रेलवे अधिनियम (1989) की धारा 141 के तहत एक दंडनीय अपराध है।

  • आर्थिक जुर्माना: बिना वजह चैन खींचने पर 1,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
  • जेल की सजा: मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी यात्री को 1 साल तक की कैद की सजा भी हो सकती है।
  • कानूनी कार्रवाई: सही कारण न बता पाने पर रेलवे पुलिस यात्री को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश कर सकती है।

1 - 2026-09-18T152701.423

(photo credit - Magnific)

बिना किसी कारण के चैन पुलिंग का अन्य यात्रियों पर असर

एक बार बेवजह चैन खींचने से सिर्फ एक ट्रेन ही लेट नहीं होती, बल्कि उसके पीछे आ रही कई अन्य ट्रेनों का टाइमटेबल भी बिगड़ जाता है। इससे हजारों यात्रियों का कीमती समय बर्बाद होता है और कनेक्टिंग ट्रेन छूटने का खतरा बन जाता है। खाने-पीने का सामान लेने या किसी देरी से आ रहे साथी का इंतजार करने के लिए चैन खींचना पूरी तरह से गैर-कानूनी है।

निष्कर्ष

ध्यान रखें कि अलार्म चैन आपकी सुरक्षा के लिए दिया गया एक अधिकार है, न कि निजी सहूलियत का साधन। रेलवे के नियमों का पालन करना और जिम्मेदारी से सफर करना हर यात्री का कर्तव्य है।

यह भी पढ़ें- भारत का ऐसा रेलवे स्टेशन जिसका नाम सबसे लंबा, पढ़ने में भी अटक जाती है जुबान

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: AI

FAQ
चैन खींचने के तुरंत बाद किसको जानकारी देनी चाहिए?
चैन खींचने के तुरंत बाद डिब्बे में मौजूद टीटीई, ट्रेन गार्ड या आरपीएफ जवान को स्थिति और सही वजह की जानकारी देनी चाहिए।
क्या ट्रेन के सभी डिब्बों में अलार्म चैन मौजूद होती है?
हां, सभी पैसेंजर डिब्बों में अलार्म चैन या इमरजेंसी ब्रेक बटन की सुविधा उपलब्ध होती है।
बिना वजह चैन खींचने पर कितनी सजा हो सकती है?
बिना कारण के चैन खींचने पर 1,000 रुपये तक का जुर्माना या 1 साल तक की जेल (या दोनों) हो सकती है।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।