नींबू ही नहीं, किचन में मौजूद इस सब्जी से भी कर सकती हैं रजाई की सफाई...दाग और बदबू होगी दूर

सर्दियों के मौसम में रोजाना इस्तेमाल की वजह से रजाई गंदी और बदबूदार हो जाती है। गर्म और ऊनी कपड़ों की सफाई तो वॉशिंग मशीन में कर ली जाती है। लेकिन, रजाई की सफाई करना किसी चुनौती से कम नहीं होता है। वहीं अगर समय-समय पर रजाई की सफाई नहीं की जाए तो गंदगी और बदबू की समस्या बढ़ जाती है। कुछ लोग रजाई और कंबल ड्राई क्लीन कराते हैं। ड्राई क्लीनिंग से रजाई साफ तो हो जाती है, पर यह जेब पर बहुत महंगी पड़ती है। ऐसे में कुछ लोगों का सवाल होता है कि रजाई की सफाई बिना ड्राई क्लीन के घर पर कैसे की जा सकती है।
अगर आप भी घर पर रजाई की सफाई करने के बारे में सोच रही हैं, तो यहां हम आलू की ऐसी ट्रिक्स लेकर आए हैं जो क्लीनिंग में आपकी मदद कर सकती हैं। जी हां, वही आलू जो हर किचन में मौजूद होता है और जिसका इस्तेमाल अलग-अलग खाने की डिश बनाने के लिए किया जाता है। दरअसल, आलू में ऐसे तत्व मौजूद होते हैं, जो दाग-धब्बे और गंदगी को दूर करने में मदद कर सकते हैं। आइए, यहां जानते हैं कि आलू की मदद से किस तरह से रजाई की सफाई की जा सकती है।
रजाई की सफाई में आलू इस तरह कर सकता है मदद

आलू का पानी
फोम वाली रजाई यानी क्विलट की सफाई करने में आलू ही नहीं, उसका पानी भी मदद कर सकता है। इसके लिए सबसे पहले 3 से 4 आलू लें और उन्हें कुकर में डालकर उबाल लें। जब आलू उबल जाएं, तो उन्हें निकालकर अलग रख लें और पानी ठंडा होने दें। आलू का पानी जब ठंडा हो जाए, तो उसमें 2 से 3 चम्मच बेकिंग सोडा और 2 से 3 चम्मच ही डिटर्जेंट डाल दें। बेकिंग सोडा और डिटर्जेंट को अच्छी तरह से मिक्स कर दें। एक सूती कपड़ा लें और इस मिक्सचर में भिगोएं। अब कपड़े को रजाई पर अच्छी तरह से रगड़ें। आलू के पानी वाले क्लीनिंग लिक्विड से रजाई की गंदगी और बदबू की समस्या दूर हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: सफेद रजाई पर लग गया है चाय-कॉफी का दाग? नींबू की इस ट्रिक से हो सकता है साफ
आलू का पेस्ट
अगर रजाई पर चाय-कॉफी का दाग लग गया है, तो उसे साफ करने में आलू का पेस्ट भी मदद कर सकता है। इसके लिए सबसे पहले एक या दो आलू लें और उन्हें कद्दूकस करके पेस्ट बना लें। आलू की इस पेस्ट को रजाई के दाग पर कुछ देर के लिए लगाकर छोड़ दें। फिर हल्के गीले कपड़े की मदद से आलू का पेस्ट साफ कर दें।
आलू और बेकिंग पाउडर
रजाई की सफाई में कच्चा आलू और बेकिंग सोडा भी मदद कर सकता है। इसके लिए सबसे पहले एक आलू लें और उसे बीच से आधा काट लें। अब आधे कटे आलू पर बेकिंग पाउडर लगाएं और उसे रजाई पर अच्छी तरह से रगड़ें। आप जरूरत के अनुसार बेकिंग पाउडर ले सकती हैं। आलू के रस और बेकिंग पाउडर को कम से कम आधे घंटे के लिए रजाई पर लगा रहने दें। फिर एक गीले कपड़े की मदद से रजाई की सफाई कर लें।
इन टिप्स से भी क्लीन कर सकती हैं रजाई

नींबू और टूथपेस्ट
अगर आप फोम वाली रजाई की सफाई कर रही हैं, तो इसे वॉशिंग मशीन में भी क्लीन कर सकती हैं। लेकिन, इसकी सफाई के समय एक नींबू लें और उसे बीच से आधा काट लें। अब कटे नींबू के दोनों हिस्सों पर टूथपेस्ट लगा दें और उसे वॉशिंग मशीन में डिटर्जेंट के साथ डाल दें। नींबू और टूथपेस्ट की यह ट्रिक फोम वाली रजाई की क्लीनिंग में मदद कर सकती है।
इसे भी पढ़ें: रजाई और कंबल के पुराने कवर के किनारे को चमकाएंगे ये तरीके, बस ध्यान रखें कुछ बातें
कपूर
रजाई की सफाई में कपूर की मदद लेना थोड़ा मुश्किल है। लेकिन, यह रजाई की बदबू को दूर करने में जरूर मदद कर सकता है। स्मेल की परेशानी और गंदगी को दूर रखने के लिए सबसे पहले एक खोल लें और उसे रजाई पर चढ़ा दें। अब 2 से 3 कपूर की टिक्की लें और उसे किसी कपड़े में अलग-अलग बांधकर रजाई के खोल में डाल दें। कपूर की तेज गंध से रजाई की बदबू की समस्या दूर हो सकती है, वहीं खोल की मदद से रजाई बार-बार गंदी होने से बच सकती है।
हमारी स्टोरी से रिलेटेड अगर कोई सवाल है, तो आप हमें कमेंट बॉक्स में बता सकते हैं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।
अगर आपको स्टोरी अच्छी लगी है, इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।