आमतौर पर चीनी का इस्तेमाल खाने की सामग्रियों की मिठास बढ़ाने के लिए किया जाता है। चीनी किचन की मुख्य सामग्रियों में से एक है जो हर एक घर के किचन का अहम् हिस्सा है। चाहे गाजर का हलवा बनाना हो या फिर कॉफ़ी में थोड़ी मिठास जोड़नी हो हमें सबसे पहले चीनी ही याद आती है। यही नहीं चीनी का उपयोग कई सौंदर्य उत्पादों और घरेलू नुस्खों के रूप में चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने के लिए भी किया जाता है।
अगर हम आपसे कहें कि मिठास और सौंदर्य बढ़ाने वाली ये चीनी आपके घर की सफाई में भी काम आ सकती है, तो आप क्या कहेंगे ? जी हां ये सच है कि चीनी का इस्तेमाल कई तरह से किचन के अलावा घर की सफाई में भी किया जा सकता है। आइए जानें कैसे -
बर्तनों की सफाई
आपने कई बार नमक से बर्तनों की सफाई (ऐसे करें ताम्बे के बर्तनों की सफाई) के बारे में जरूर सुना होगा लेकिन चीनी का इस्तेमाल भी आपके बर्तनों में चमक ला सकता है। इसके लिए आपको चीनी और बेकिंग सोडा का घोल बनाकर बर्तनों में इस्तेमाल करना है। 4 बड़े चम्मच चीनी और एक बड़ा चम्मच बेकिंग सोडा लें। दोनों सामग्रियों को लगभग आधे कप पानी में मिलाएं और घोल तैयार करें। इस घोल से आप बर्तनों की सफाई करें। बर्तन चमक जाएंगे।
चांदी को चमकाए
आप सभी कभी न कभी चांदी के आभूषण या फिर चांदी के बर्तनों को चमकाने के बारे में जरूर सोचते होंगे। चंडी बहुत जल्द ही हवा के संपर्क में आकर काली पड़ने लगती है। ऐसे में इसे चमकाने के लिए चीनी और गुलाबजल का मिश्रण तैयार करें। इसके लिए आप लगभग 3 चम्मच चीनी में 1 चम्मच गुलाबजल मिलाएं। इस मिश्रण को तब तक फेंटें जब तक ये दोनों सामग्रियां अच्छी तरह से मिक्स न हो जाएं। इस घोल को चांदी के आभूषण या फिर बर्तनों में लगाएं और स्क्रबर से साफ़ करें। बर्तनों और आभूषणों में चमक आ जाएगी।
इसे जरूर पढ़ें:Easy Hacks: एक नहीं बल्कि कई कामों के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं विक्स वेपोरब का
जंग साफ़ करें
कई बार कपड़ों या फिर अन्य जगहों पर लोहे के जंग या रस्ट का निशान पड़ जाता है। ये निशान जल्दी साफ़ नहीं होता है। इसे साफ़ करने के लिए आप चीनी का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए 2 चम्मच चीनी में 1 नींबू का रस निचोड़ें। इन दोनों सामग्रियों का मिश्रण बनाएं और इसे जंग वाले स्थान पर लगाएं। थोड़ी देर इस मिश्रण को लगा रहने दें और फिर पानी से धो लें। बहुत जल्द ही ये निशान हल्का होकर हट जाएगा।
Recommended Video
फर्श की सफाई
चीनी से आप अपने घर की फर्श को भी चमका सकती हैं। इसके लिए आप आधा कप चीनी में 2 चम्मच सिरका मिलाएं और इस मिश्रण को पानी में घोलकर पोछा लगाएं। आपकी फर्श चमक जाएगी। ये किचन के गंदे टाइल्स को साफ़ करने में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर फर्श पर कोई जिद्दी दाग है तो इस मिश्रण को पानी में मिलाए बिना ही दाग वाले स्थान पर रगड़ें और कुछ देर के लिए छोड़ दें। कुछ देर बाद कपड़े से साफ़ कर दें। जिद्दी दाग साफ़ हो जाएगा।
कपड़ों से जिद्दी दाग हटाए
कई बार कपड़ों पर जिद्दी दाग लग जाते हैं जो जल्दी साफ़ नहीं होते हैं उन्हें साफ़ करने के लिए आप चीनी का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए 2 चम्मच चीनी में 1 चम्मच टमाटर का रस मिलाएं या प्यूरी मिलाएं और इसमें 1 /2 चम्मच नमक जोड़ें। सभी सामग्रियों को अच्छी तरह से मिलाएं और दाग वाली जगह पर अप्लाई करें। कुछ देर बाद कपड़े को धो लें दाग साफ़ हो जाएगा। ध्यान रखें कि सफ़ेद और रंगीन कपड़ों में इसके इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
इसे जरूर पढ़ें:Easy Hacks: बड़े काम का है विनेगर, इन मज़ेदार कामों में करें इसका इस्तेमाल
इन सभी युक्तियों को आजमाकर आप चीनी को एक सफाई एजेंट के रूप में इस्तेमाल कर सकती हैं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: freepik