Astro Tips: दिवाली पर राशि अनुसार देवी लक्ष्मी को यूं करें प्रसन्न

हिंदू धर्म में कई तीज-त्योहार मनाए जाते हैं, मगर बात जब सबसे बड़े पर्व की होती है तो दिवाली के त्योहार को सबसे बड़ा माना गया है। दिवाली के पर्व से जुड़ी कई धार्मिक कथाएं हैं, मगर इस त्योहार पर हर हिंदू परिवार में लक्ष्मी पूजन जरूर किया जाता है।
इस बारे में भोपाल के पंडित एवं ज्योतिषाचार्य विनोद सोनी जी कहते हैं, 'समुद्र मंथन की कहानी तो सभी ने सुनी है। यह मंथन सैकड़ों वर्ष चला था। समुद्र मंथन से ही एक दिन महालक्ष्मी अवतरित हुई थीं, उस दिन कृष्ण पक्ष कार्तिक माह की अमावस्या थी। तब से इस दिन महालक्ष्मी जी का पूजन हर घर पर होने लगा। भगवान श्री राम भी 14 वर्ष के वनवास के बाद अपनी अयोध्या नगरी इसी दिन वापस लौट कर आए थे, इसलिए इस पर्व को दिवाली कहा जाने लगा। इस दिन और भी कई शुभ कार्य हुए थे, इसलिए दिवाली का पर्व सबसे बड़ा पर्व कहा जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन देवी लक्ष्मी को प्रसन्न करके आप अपनी आर्थिक दिक्कतों को कम करने का मार्ग पा सकते हैं।'
पंडित जी राशि अनुसार बताते हैं कि दिवाली के दिन देवी लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए क्या करना चाहिए-
इसे जरूर पढ़ें: Diwali Special: दिवाली पर बेडशीट से घर सजाने के 3 बेहतरीन आइडिया

मेष राशि
मेष राशि के जातकों को दिवाली के दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठ कर देवी लक्ष्मी जी की पूजा करनी चाहिए। इतना ही नहीं, देवी लक्ष्मी को गुलाब का फूल, इत्र, कमल का फूल और लाल या गुलाबी रंग के वस्त्र आदि भी अर्पित करने चाहिए। इसके साथ ही खीर का भोग भी देवी लक्ष्मी को चढ़ाना चाहिए। ऐसा करने से साल भर देवी की कृपा आप पर बनी रहेगी।
वृषभ राशि
वृषभ राशि के जातकों को दिवाली के दिन देवी लक्ष्मी को गन्ने, कमल का फूल, कमल गट्टा, नागकेसर, आंवला आदि अर्पित करना चाहिए। यदि आपको धन की कमी सता रही है तो ऐसा करने से आपको लाभ मिलेगा।
इसे जरूर पढ़ें: Diwali Special: मेन डोर के लिए रंगोली डिजाइंस

मिथुन राशि
इस राशि के जातकों को दिवाली के दिन लक्ष्मी पूजन के दौरान एक लाल वस्त्र में पैसों को बांध कर रखना चाहिए, साथ ही विधि-विधान से देवी लक्ष्मी का पूजन करना चाहिए। ऐसा करने से धन कमाने के नए अवसर प्राप्त होते हैं।
कर्क राशि
कर्क राशि की महिलाओं को दिवाली के दिन सुहागिन महिलाओं को आमंत्रित करके, उन्हें भोजन करना चाहिए और लाल रंग के कपड़े भेंट करने चाहिए। यदि आप अधिक महिलाओं को न बुला सकें तो केवल एक सुहागिन महिला को ही भोजन कराएं और वस्त्र भेंट करें, ऐसा करने से माता लक्ष्मी आप से प्रसन्न हो जाएंगी।

सिंह राशि
सिंह राशि के जातक यदि बहुत समय से परेशान हैं और उनका कोई भी काम नहीं बन रहा है, तो अपने भाग्य को मजबूत बनाने के लिए दिवाली वाले दिन पहले देवी लक्ष्मी को चने की गली हुई दाल अर्पित करें और फिर वही दाल पीपल की वृक्ष पर चढ़ा दें। ऐसा करने से आपको लाभ अवश्य मिलेगा।
कन्या राशि
कन्या राशि के जातक अगर अपनी नौकरी से परेशान (अच्छी नौकरी पाने के लिए करें ये उपाय) हैं, तो दिवाली वाले दिन फिटकरी का उपाय जरूर करें। आप दिवाली वाले दिन या फिर दिवाली से एक दिन पूर्व अपने कार्यस्थल पर, जहां आपकी सीट हो वहां एक फिटकरी का टुकड़ा रख दें। इसे दिवाली के दूसरे दिन या तीसरे दिन पानी में डालकर और गला कर बहा दें। ऐसा करने से नौकरी में आ रही परेशानियां दूर हो जाएंगी।

तुला राशि
दिवाली के दिन तुला राशि के जातकों को लक्ष्मी जी के श्री यंत्र की पूजा करनी चाहिए। साथ ही देवी लक्ष्मी को कमल गट्टे की माला अर्पित करनी चाहिए। इससे वर्ष भर आपको धन की कमी महसूस नहीं होगी।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों को दिवाली के दिन देवी लक्ष्मी को शहद या गन्ने का रस अर्पित करना चाहिए। ऐसा करने से उन्हें अटका धन प्राप्त होगा और धन कमाने के नए अवसर भी मिलेंगे।

धनु राशि
धनु राशि के जातकों को दिवाली वाले दिन गरीब और अनाथ व्यक्तियों को भोजन कराना चाहिए और वस्त्र दान करने चाहिए, ऐसा करने से देवी लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।
मकर राशि
मकर राशि के जातकों को दिवाली वाले दिन वट वृक्ष की पूजा करनी चाहिए। इससे धन की वृद्धि होगी।

कुम्भ राशि
कुम्भ राशि के जातकों को धन प्राप्ति के लिए दिवाली वाले दिन ताजे पान के पत्ते पर रोली से श्री लिख कर देवी लक्ष्मी के समीप रख देना चाहिए और नियमित पूजा करनी चाहिए। ऐसा करने से सम्मान और धन की प्राप्ति होती है।
मीन राशि
मीन राशि के जातकों को दिवाली वाले दिन रात में ईशान कोण में दीपक जलाना चाहिए। इस दीपक को रात भर जलने दें। ऐसा करने से धन की कमी नहीं होती है और अटका धन भी प्राप्त होता है।
यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।