'टॉयलेट ब्रश' को साफ करने के आसान तरीके जानें

टॉयलेट का क्लीन होना सेहत के लिए कितना जरूरी है यह बात तो सभी समझते हैं, मगर टॉयलेट तब ही क्लीन हो सकता है जब टॉयलेट को क्लीन करने वाला ब्रश भी साफ हो। आमतौर पर लोग इस बात को नजरअंदाज कर देते हैं और टॉयलेट सीट तो साफ करते हैं, मगर टॉयलेट ब्रश को साफ नहीं करते हैं।
यदि आपकी भी यही आदत है, तो जान लें कि इससे आपके बाथरूम से हमेशा दुर्गंध आएगी, साथ ही कीटाणु भी कभी नष्ट नहीं हो पाएं। जाहिर है, आप टॉयलेट ब्रश को टॉयलेट सीट के नजदीक ही रखते होंगे। ऐसे में आपकी टॉयलेट सीट साफ नजर आने के बाद भी हाइजीन के पैरामीटर पर पीछे रह जाएगी।
इसलिए बहुत जरूरी है कि आप जब भी टॉयलेट सीट को साफ करें, तब आप तुरंत बाद ही टॉयलेट ब्रश को भी साफ कर दें। टॉयलेट ब्रश को साफ करना कोई कठिन काम नहीं है। आप कुछ आसान टिप्स को फॉलो करके टॉयलेट ब्रश को साफ कर सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें: किचन सिंक में कभी नहीं फेंकनी चाहिए ये चीजें, ब्लॉक हो सकता है पाइप
सिरके और बेकिंग सोडा से करें साफ
सामग्री
- 1 टब साफ पानी
- 2 बड़े चम्मच सिरका
- 1 बड़ा चम्मच बेकिंग सोडा
विधि
- एक टब में साफ पानी लें। इस पानी में सिरका और बेकिंग सोडा डालें।
- फिर इस मिश्रण में लगभग 1 घंटे के लिए टॉयलेट ब्रश को डिप करके रख दें।
- ऐसा करने से टॉयलेट ब्रश में फंसी सारी गंदगी अपने आप ही बाहर निकल आएगी।
- अब आप एक बार साफ पानी से ब्रश को साफ करें। इसके बाद आप ब्रश को सुखाने के लिए किसी स्थान पर टांग दें।
इसे जरूर पढ़ें: पुराने स्टील के बर्तनों में लगी जंग से ऐसे पाएं छुटकारा, आजमाएं ये आसान तरीके
इस तरह करें टॉयलेट ब्रश को डिसइंफेक्टेड
सामग्री
- 1/2 कप डिटॉल
- 1/2 बाल्टी गर्म पानी
विधि
- जब आप टॉयलेट ब्रश को अच्छी तरह से क्लीन कर लें, उसके बाद ब्रश को डिसइंफेक्टेड भी जरूर करें।
- एक बाल्टी में गर्म पानी लें और उसमें डिटॉल डालें।
- अब 15 से 20 मिनट तक के लिए टॉयलेट ब्रश (टॉयलेट सीट साफ करने के हैक्स) को इस पानी में डिप करके रख दें।
- इसके बाद आप टॉयलेट ब्रश को अच्छी तरह से सुखा लें।
कैसे करें टॉयलेट ब्रश का हैंडल साफ?
सामग्री
- 1 बड़ा चम्मच ब्लीचिंग पाउडर
- 2 बड़े चम्मच बेकिंग सोडा
- 1 कप पानी
विधि
- 1 कप पानी में ब्लीचिंग पाउडर और बेकिंग सोडा को मिक्स कर लें।
- अब इस मिश्रण को टॉयलेट ब्रश के हैंडल पर लगा कर कुछ देर के लिए छोड़ दें।
- इसके बाद आप गर्म पानी से हैंडल को साफ करें। ऐसा करने पर सारी गंदगी निकल जाएगी।
इन बातों का रखें ध्यान
- टॉयलेट ब्रश को कभी भी गीली फर्श पर न रखें। हमेशा साफ करने और सुखाने के बाद उसे टांग दें। यदि आप गीली फर्श पर टॉयलेट क्लीनर को रखेंगी, तो गीलेपन के कारण उसमें बैक्टीरिया पनपने लगेंगे, जो बाथरूम से बदबू आने का कारण भी हो सकते हैं।
- टॉयलेट ब्रश को हर 3 महीने में बदल लेना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि नियमित टॉयलेट सीट साफ करने पर उसके ब्रश घिस जाते हैं और फैल जाते हैं, जिससे सीट अच्छे से साफ नहीं होती है। ऐसे में ब्रश को बदल लेना ही बेहतर विकल्प है।
- गंदे टॉयलेट ब्रश से टॉयलेट सीट को कभी साफ न करें। ऐसा करने पर बेशक टॉयलेट सीट पर लगे दाग-धब्बे छूट जाएं, मगर गंदा टॉयलेट ब्रश सीट के कीटाणु नष्ट नहीं कर पाता है।
अगली बार आप जब भी टॉयलेट सीट को साफ करें, तो उसके तुरंत बाद टॉयलेट ब्रश को साफ करना न भूलें। यह जानकारी आपको पसंद आई हो, तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।