फादर्स डे पर पापा को स्पेशल फील कराने के लिए करें ये 5 काम, रिश्ते में बढ़ेगी मिठास

हर बार फादर्स दे पर आप पापा के लिए एक तोहफा लाती हैं और ये दिन उनके लिए खास हो जाता है। अगर आप इस बार उनके लिए कुछ अलग करना चाहती हैं और पापा को स्पेशल फील कराना चाहती हैं, तो हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बताने जा रहे हैं जो आपके पापा के साथ रिश्ते को और ज्यादा मजबूत बनाएंगे। 
Updated:- 2026-06-17, 19:01 IST
image

आप जब भी किसी परेशानी में थीं ढाल बनकर जो खड़ा था वो थे पापा। रिजल्ट चाहे जैसा भी हो अपना काम ठीक से करो, ये सिखाने वाले थे पापा। जीवन में कभी हार मत मानो सब कुछ समय पर छोड़ दो, जब अच्छा समय आएगा सब खुद ही ठीक हो जाएगा, ये सिखाने वाले थे पापा। पहली बार जब चलना सीखा और गिरी तो मेरा हाथ थामकर पापा ने ही उठाया। स्कूल का पहला दिन ही या फिर जॉब का इंटरव्यू पापा ने ही सफलता का ढांढस बढ़ाया। मां तो घर को संभाल रही थी, लेकिन दिन-रात जो घर को छांव देने में लगा हुआ था, वो थे पापा। जब इतना खास रिश्ता है पापा और बच्चों का तो इस बार फादर्स डे को और भी ज्यादा खास क्यों न बनाया जाए। सच बताऊं तो पापा को कोई अच्छा तोहफा देने से ज्यादा बड़ा है उनकी भावनाओं को समझना। पापा वो हैं जो शायद खुद को जिम्मेदारियों के बीच भूल गए हैं, तो आइए इस बार कुछ ऐसा करें जिससे पापा को स्पेशल फील हो और फादर्स दे उनके लिए भी यादगार हो जाए।

पापा को सुबह की सैर पर ले जाएं

इस बार फादर्स डे पर पापा के लिए कुछ अलग सोचें और सुबह की सैर पर एक साथ जाएं। यकीन मानिए ये एक अच्छा आईडिया हो सकता है और उनका ख्याल रखने का एक नया तरीका भी है। उन्होंने हमेशा आपका ख्याल रखा है। अब समय आ गया है कि आप भी उनके हेल्थ गोल्स को पूरा करने में उनकी मदद करें। सुबह जल्दी उठें। उन्हें मॉर्निंग वॉक पर ले जाएं। मॉर्निंग वॉक पर जाना आपके और पापा के लिए एक अलग अनुभव हो सकता है।

spend time with papa

पापा के काम और ऑफिस के बारे में बात करें

कई बार हम अपनी लाइफ और वर्कप्लेस में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि पेरेंट्स के बारे में सोच ही नहीं पाते हैं। पापा न जाने कितनी परेशानियों को अपने भीतर छिपाए बैठे रहते हैं और हमारे सामने हमेशा स्माइल देते हैं। इस बार फादर्स डे पर पापा के साथ बैठकर कुछ पल उनके लिए निकालें। आप अपने पापा से उनके ऑफिस या बिजनेस से जुड़ी बातें करें। आप भी देखेंगी कि कैसे आपके पापा आपके सामने खुलकर बात करते हैं और आपको उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।

यह भी पढ़ें- हर साल इस दिन मनाया जाता फादर्स डे, क्यों और कैसे हुई थी इसकी शुरुआत? जानिए महत्व

पापा के शौक के बारे में जानें

हमेशा पापा ने आपकी सभी इच्छाएं पूरी की हैं और आपकी परवरिश में अपनी जिंदगी समर्पित कर दी है। ऐसे में न जाने कितनी बार उन्होंने अपनी इच्छाओं और शौक को छिपा लिया होगा और आपके हर शौक पूरे किए होंगे। क्या आपने कभी उनके शौक और सपनों के बारे में जानने की कोशिश की है? अगर नहीं की है, तो आज वो समय आ गया है जब आप पहल करें और उनके अंदर की भावनाओं को जानने की कोशिश करें। आज के दिन अपने पिता का एक बिल्कुल नया पहलू देखें जिसे आपने पहले कभी नहीं देखा होगा। यकीन मानिए ये वो पल होगा जब आपके पिता आपके सामने खुद का बचपन लौटते हुए देख पाएंगे।

plan a short trip with father

पापा के साथ शार्ट ट्रिप करें प्लान

बचपन से लेकर अभी तक किसी भी ट्रिप की प्लानिंग पापा ने की है। इस बार फादर्स डे पर क्यों न आप कोई ट्रिप प्लान करें। अगर आप इस बार पापा के साथ कोई शार्ट ट्रिप प्लान करें और उनके साथ जाएं तो ये एक अलग अनुभव होगा। इस ट्रिप का बजट भी आपको ही प्लान करना है और पापा को बस खुलकर कुछ पल बिताने का मौका दें। यकीनन ये समय आपके और पापा के लिए रिश्ते को मजबूत करने का एक अच्छा अवसर होगा।

यह भी पढ़ें- अब आपकी बारी है पापा को घुमाने की, इस फादर्स डे पर हैदराबाद की इन जगहों पर साथ में बिताएं खास पल

दूरियां मिटाएं और रिश्ता मजबूत बनाएं

अगर आपके पापा से कम बातचीत होती है तो फादर्स डे आपके लिए एक अच्छा दिन हो सकता है। इस दिन आप पापा की सबसे अच्छी दोस्त बनें। उनके मन की बातें शेयर करें। हो सकता है कुछ बातें पापा ने मां से भी शेयर न की हों, आज एक खास दिन है जो आपको पापा के और करीब ला सकता है। उनके पास आपके साथ बांटने के लिए जीवन भर के अनुभव, ज्ञान और समझ है, तो क्यों न इस दिन को पापा के साथ बातें करके आपसी दूरियों को कम करें।

आपको अंदाजा भी नहीं होगा कि यहां बताए टिप्स आपके पापा के लिए कितने अच्छे हो सकते हैं और इस बार फादर्स डे उनके लिए कितना स्पेशल हो सकता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Magnipik.com, Shutterstock.com

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।