क्या बारिश में मैले हो गए हैं White Shoe? बिना धुले और रगड़े इन 5 चीजों से करें साफ

White Shoe Cleaning Tips: बारिश के मौसम में सफेद जूते पहनकर बाहर निकलना किसी एडवेंचर से कम नहीं है। सड़क पर फैला कीचड़ और गंदा पानी चमचमाते जूतों को मैला कर देता है। अब ऐसे में पूरा मूड खराब हो जाता है। सफेद जूते दिखने में जितने कूल लगते हैं, गंदे होने पर उतने ही खराब भी दिखते हैं। सबसे बड़ी समस्या तब होती है जब इन्हें बार-बार पानी से धोने पर इनका रंग पीला पड़ने लगता है और सुखाने में भी कई दिन बीत जाते हैं, लेकिन आपको परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।
आप बिना पानी से धोए और बिना ज्यादा रगड़े भी अपने जूतों को दोबारा नए जैसा चमका सकती हैं। आइए जानते हैं, ऐसे 5 तरीके जो आपके मैले सफेद जूतों को मिनटों में साफ कर देंगे।
सफेद टूथपेस्ट का कमाल

आपके घर के वॉशरूम में रखा सफेद टूथपेस्ट जूतों को चमकाने के लिए सबसे असरदार और आसान तरीका है। इसके लिए आपको जूतों को पानी में भिगोने की कोई जरूरत नहीं है। बस एक पुराना टूथब्रश लें, उस पर थोड़ा सा टूथपेस्ट लगाएं और जूतों के गंदे हिस्सों पर हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाएं। पेस्ट लगाने के बाद इसे 10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें और फिर एक साफ गीले कपड़े से पोंछ लें।
इसे भी पढ़ें- Lint Roller Uses: रोएं हटाने में ही नहीं, घर के इन 7 कामों में कर सकती हैं लिंट रोलर का इस्तेमाल
माइसेलर वॉटर या मेकअप रिमूवर
अगर आपके पास लेदर या सिंथेटिक मटेरियल के सफेद जूते हैं, तो उन्हें साफ करने का यह सबसे सुरक्षित तरीका है। माइसेलर वॉटर, जिसे लड़कियां चेहरा साफ करने या मेकअप हटाने के लिए इस्तेमाल करती हैं, जूतों पर जमी कीचड़ और तेल के दागों को बहुत आसानी से सोख लेता है।
आपको बस एक कॉटन पैड या साफ कपड़े पर थोड़ा सा माइसेलर वॉटर लेना है और उससे जूतों को धीरे-धीरे पोंछना है। बिना किसी मेहनत और रगड़ के आपके जूते बिना गीले हुए एकदम साफ हो जाएंगे।
नेल पॉलिश रिमूवर या थिनर

सफेद जूतों के निचले हिस्से यानी रबर के सोल पर कीचड़ और काले जिद्दी स्क्रैच के निशान सबसे ज्यादा बैठते हैं, जो आसानी से नहीं छूटते। इन निशानों को हटाने के लिए नेल पॉलिश रिमूवर यानी एसीटोन बहुत काम आता है।
एक रुई के टुकड़े पर थोड़ा सा रिमूवर लें और उसे जूतों के रबर वाले हिस्से और दागों पर थपथपाते हुए साफ करें। यह रबर पर लगे काले दागों और कीचड़ को तुरंत पिघला देता है। ध्यान रहे कि इसे कपड़े वाले हिस्से पर ज्यादा न लगाएं, सिर्फ रबर और लेदर पर ही इस्तेमाल करें।
हैंड सैनिटाइजर और टिशू पेपर
अगर आप घर से बाहर हैं या ऑफिस में हैं और बारिश के पानी से आपके जूते गंदे हो गए हैं, तो आपकी जेब या बैग में रखा हैंड सैनिटाइजर आपकी मदद कर सकता है। सैनिटाइजर में अल्कोहल होता है जो गंदगी को तुरंत काटने का काम करता है।
जूतों के गंदे हिस्से पर थोड़ा सा सैनिटाइजर छिड़कें या सीधे टिशू पेपर पर सैनिटाइजर लें और जूतों को पोंछ दें। यह कीचड़ के दाग को तुरंत साफ कर देगा और आपके जूतों से बारिश की सीलन वाली बदबू को भी दूर भगा देगा।
बेकिंग सोडा और विनेगर का सूखा पेस्ट

अगर दाग गहरे हैं और आसानी से नहीं छूट रहे, तो बेकिंग सोडा और सफेद सिरके का इस्तेमाल कर सकती हैं। एक छोटी कटोरी में एक चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा सा विनेगर मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट बना लें।
इस पेस्ट को जूतों के दाग वाले हिस्से पर ब्रश की मदद से लगा दें। जब यह पेस्ट पूरी तरह सूख जाए, तो इसे एक सूखे कपड़े या ब्रश से झाड़कर साफ कर लें। बिना पानी के इस्तेमाल के भी यह जूतों का पीलापन और मैले दाग पूरी तरह खींच लेता है।
इसे भी पढ़ें- बच्चों के सफेद जूतों को धोने का सबसे आसान तरीका पढ़ें यहां, बिना रगड़े चमकने लगेंगे नए जैसे
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।