सिलाई करते समय होती है परेशानी, अपनाएं ये टिप्स

कोरोना महामारी के दौरान कई महिलाओं ने घर पर ही कपड़े सिलाई करना शुरू कर दिया है। जब भी समय मिलता है वह कपड़े सिलाई करने बैठ जाती हैं । नई मशीन कुछ दिनों तक तो ठीक से काम करती हैं, लेकिन कुछ समय बाद छोटी-छोटी समस्या आने लगती हैं। जिसकी वजह से कई महिलाएं मशीन को वैसे ही छोड़ देती हैं और बाहर से कपड़े सिलवाना शुरू कर देती हैं।
तो लेडिज, आज हम आपको बताते हैं कुछ बुनियादी समस्या और उसके समाधान जिनको आप आसानी से फॉलो कर सकती हैं।
समस्या- बार-बार धागा टूटना
समाधान- क्या आप जब भी कपड़े की सिलाई करने बैठती हैं तो बार-बार मशीन का धागा टूट जाता है? इसकी कई वजह हो सकती है। पहला ये कि लंबे समय से मशीन ना इस्तेमाल करना जिसकी वजह से उसमें धूल जम जाती है और धागा फ्लो में नहीं चल पाता। इसलिए मशीन को निश्चित अंतराल के बाद साफ करती रहें। साथ ही ये भी चेक करें कि आप जो धागा इस्तेमाल कर रही हैं वे कच्चा तो नहीं है क्योंकि कई बार ऐसा होता है कि धागा तनाव में आकर टूट जाता है।
समस्या- सुई का टूट जाना
समाधान- सिलाई मशीन इस्तेमाल करते वक्त ये जानना ज़रूरी है कि क्या आप सही सुई का इस्तेमाल कर रही हैं? क्योंकि सिलाई मशीन में सुई की सेटिंग कपड़े के हिसाब से बदलनी पड़ती है। सुई का नंबर उपयोग के आधार पर 8 से 18 तक हो सकता है। शिफॉन, रेशम, नाजुक और हल्के कपड़े के लिए लगभग 9 से 11 नंबर की सुई बेहतर काम करती है और वजनदार कपड़े जैसे लिनन, सिंथेटिक साबर के लिए 14 नंबर की सुई अच्छा काम करती है। अगर आप इस बात का ध्यान रखेंगी तो सुई बार-बार नहीं टूटेगी।
इसे ज़रूर पढ़ें-शीशे साफ़ करने से टाइल्स चमकाने तक, सफ़ेद सिरके का घर की सफाई में ऐसे करें इस्तेमाल
समस्या- मशीन भारी चलना
समाधान-कभी-कभी मशीन चलाने के लिए हमें बहुत जोर लगाना पड़ता है क्योंकि वह बहुत भारी चल रही होती है। ऐसे में आप मशीन के शटल केस के दोनों पेच ढीले कर दें और उसे बाहर निकालें । इसकी अच्छे से सफाई कीजिए और फिर कोई पुराने कपड़े पर चलाकर देखें कि मशीन सही चल रही है कि नहीं। इसी बीच सुई को भी देख लें कि सुई ठीक से लगी है, टेढ़ी-मेढ़ी तो नहीं लगी।
समस्या- सिलाई नहीं आना
समाधान- कई बार आपके साथ ऐसा होता होगा कि कपड़े सिलाई के दौरान सिलाई आना बंद हो जाती है। तो ये देखें कि आपने नीचे रील को ठीक से लगाया है या नहीं। कई बार जल्दबाज़ी में नीचे की रील ठीक से नहीं लग पाती जिसकी वजह से ये परेशानी होती है।
इसे ज़रूर पढ़ें-'मनी प्लांट' की इस तरह करेंगी देखभाल तो हमेशा रहेगा हरा-भरा
इन बातों का रखें खास ख्याल
1- सिलाई मशीन में निश्चित अंतराल पर तेल डालें लेकिन सुई, शटल प्वाइंट, बॉबिन, धागे कसने के डिस्क तथा रबर रिंग पर कभी तेल न डालें।
2-सिलाई करते समय कपड़े को न खींचें।
3- अगर धागा खिच रहा है तो यूडेटेन्शन पेंच को घुमाकर धागे को ढीला या टाइट करें।
4- सुई को ठीक से फिट करें। सुई का चपटा हिस्सा पीछे की तरफ और गोलाकार हिस्सा सामने की तरफ फिट करें।
तो आप इन टिप्स को अपना सकती हैं। लेख पसंद आया हो तो इसे शेयर और लाइक ज़रूर करें, साथ ही ऐसी अन्य जानकारी पाने के लिए जुड़े रहें हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit-Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।