घर पर कैफे जैसा माहौल बनाने के लिए कौन-सी चीजों पर खर्च करना जरूरी नहीं है? इन आसान तरीकों से बदलें लुक

घर पर कैफे जैसा माहौल बनाने के लिए महंगे सामान खरीदने की जरूरत नहीं है। पुरानी चीजों और थोड़ी क्रिएटिविटी से आप अपने घर के किसी भी कोने को सुकून भरा कैफे बना सकती हैं। इसके लिए आपको ज्यादा खर्च करने की जरूरत नहीं है।
Updated:- 2026-10-21, 20:39 IST
cafe style decor at home budget tips hindi

कैफे में बैठकर कॉफी पीना, धीमा म्यूजिक सुनना और खूबसूरत इंटीरियर के बीच कुछ वक्त बिताना किसे पसंद नहीं होता? क्या ऐसा माहौल बनाने के लिए हर बार बाहर जाना या घर को सजाने पर हजारों रुपये खर्च करना जरूरी है? बिल्कुल नहीं। थोड़ी-सी क्रिएटिविटी और घर में पहले से मौजूद चीजों की मदद से आप अपने कमरे के किसी छोटे से कोने को भी कैफे जैसा बना सकते हैं। इसके लिए महंगे फर्नीचर, डिजाइनर लाइट्स या नए डेकोरेशन आइटम खरीदने की जरूरत नहीं है। बस यह समझना जरूरी है कि किन चीजों पर खर्च करना बेकार है और किन छोटी-छोटी बातों से माहौल बदल सकता है।

कम बजट में घर में कैफे जैसा माहौल कैसे बनाएं?

हम सभी जब भी अपने घर को डेकोर करनें या फिर कोई सुकून भरा कॉर्नर या फिर कैफे वाली फीलिंग जैसे माहौल करने की सोचते हैं, तो हमें लगता है कि इसके लिए हजारों रूपये खर्च करने पड़ेगे। अमूमन ऐसा होता भी है। इसके पीछे मुख्य कारण यह है कि हम कई बार बेवजह की चीजों को खरीदकर इकट्ठा कर लेते हैं।

अगर आप भी घर के किसी कॉर्नर को कैफे जैसी वाइब देना चाहती हैं, तो इसके लिए यह जानना जरूरी है कि हमें किन चीजों पर पैसे खर्च करने चाहिए और किन चीजों पर नहीं।

room ko cafe jaisa mauhal kaise de

1. पुरानी कुर्सी और टेबल से चलाएं काम

अक्सर लोग कैफे जैसा लुक पाने के लिए सबसे पहले नई टेबल, कुर्सियां या छोटा सोफा खरीदने के बारे में सोचते हैं। जबकि कैफे जैसा माहौल बनाने में फर्नीचर की कीमत से ज्यादा उसकी व्यवस्था मायने रखती है। अगर आपके घर में पहले से कोई छोटी टेबल, स्टडी टेबल या आरामदायक कुर्सी है, तो आप उसी का इस्तेमाल कर सकती हैं।

टेबल को खिड़की के पास या कमरे के किसी कोने में रखें। उसके ऊपर एक साफ कपड़ा बिछाएं और पास में कुर्सी लगाएं। अगर कुर्सी साधारण है, तो उस पर घर में मौजूद कुशन रख सकती हैं।

2. महंगी डिजाइनर लाइट्स के बजाय टेबल लैंप से चलाएं

कैफे में रोशनी का खास ध्यान रखा जाता है, लेकिन इसके लिए महंगी डिजाइनर लाइट्स या ऑनलाइन मिलने वाले डेकोरेटिव लैंप खरीदना जरूरी नहीं है। पहले से मौजूद टेबल लैंप का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके अलावा अगर आपके पास पहले से फेयरी लाइट्स हैं, तो उन्हें किसी शेल्फ या शीशे के आसपास सजा सकती हैं।

table-lamp-for-bedroom-1-603696

3. स्केच और ट्रेवेल फोटो से बनाएं वॉल फ्रेम

कैफे में दीवारों पर महंगे फ्रेम या डिजाइनर पोस्टर खरीदकर लगाने की जगह घर में मौजूद पुराने फ्रेम में लगा सकती हैं। अगर फ्रेम नहीं हैं, तो अपनी बनाई हुई छोटी पेंटिंग, कोई खूबसूरत स्केच या अपनी ट्रेवेल की तस्वीरों का इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि दीवार पर बहुत सारी चीजें एक साथ लगाने से जगह भरी हुई लग सकती है। ऐसे में कुछ ही चीजों का इस्तेमाल करें।

इसे भी पढ़ें- Simple Room के कोने को देना चाहती हैं सुकून भरा लुक? यहां से लें बजट-फ्रेंडली डेकोरेशन आइडियाज

4. हर बार नए कॉफी मग और कप खरीदना जरूरी नहीं

सोशल मीडिया पर कैफे की तस्वीरें देखकर कई लोग सुंदर डिजाइन वाले कॉफी मग खरीदने लगते हैं। कुछ समय बाद घर में ऐसे कई कप जमा हो जाते हैं, जिनका इस्तेमाल बहुत कम होता है। अगर आपका उद्देश्य घर पर कैफे जैसा माहौल बनाना है, तो नए मग खरीदना जरूरी नहीं है।

coffee-mug

Image Credit-herzindagi

पहले से मौजूद सिरेमिक कप, कांच के गिलास या साधारण कॉफी मग भी अच्छे लग सकते हैं। उन्हें साफ करके एक छोटी ट्रे में रखें। साथ में कॉफी, चाय या हॉट चॉकलेट बनाने की जरूरी चीजें सलीके से रख दें। अगर घर में एक ही तरह के कप नहीं हैं, तो अलग-अलग डिजाइन के कपों को एक साथ व्यवस्थित करके रख सकती हैं। 

5. नकली पौधों और महंगे प्लांटर्स पर पैसे खर्च न करें

कैफे में पौधों का इस्तेमाल जगह को ताजा और सुकून भरा दिखाने के लिए किया जाता है। लेकिन इसके लिए महंगे आर्टिफिशियल प्लांट्स या डिजाइनर प्लांटर्स खरीदना जरूरी नहीं है। अगर आपके घर में पहले से मनी प्लांट, स्नेक प्लांट या कोई दूसरा इनडोर पौधा है, तो उसे अपनी टेबल के पास रख सकती हैं।

पौधे को ऐसी जगह रखें जहां उसकी रोशनी और पानी की जरूरत पूरी हो सके। प्लांटर खरीदने के बजाय घर में मौजूद गमले का इस्तेमाल करें। आप किसी पुराने गमले को पेंट करके नया लुक भी दे सकते हैं।

6. कैफे जैसा म्यूजिक सुनने के लिए स्पीकर पर न खर्च करें पैसे

कैफे में धीमा म्यूजिक सुनाई देना उसके माहौल को खास बनाता है। इससे वहां बैठने और बातचीत करने का अनुभव बेहतर हो सकता है। लेकिन घर में ऐसा माहौल बनाने के लिए महंगे ब्लूटूथ स्पीकर खरीदना जरूरी नहीं है। अगर आपके पास पहले से मोबाइल या कोई सामान्य स्पीकर है, तो उसी पर धीमी आवाज में अपनी पसंद का म्यूजिक चला सकते हैं। आप इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक, हल्की जैज धुनें या सॉफ्ट एकॉस्टिक गाने चुन सकते हैं।

image - 2026-10-21T144558.110

ध्यान रखें कि म्यूजिक की आवाज इतनी तेज न हो कि बातचीत करने या पढ़ने में परेशानी हो। अगर घर में दूसरे लोग काम कर रहे हैं या आराम कर रहे हैं, तो हेडफोन का इस्तेमाल करना बेहतर हो सकता है। 

7. कॉफी कॉर्नर के लिए अलग कैबिनेट या ट्रॉली खरीदना जरूरी नहीं

आजकल घर में कॉफी कॉर्नर बनाने का चलन बढ़ रहा है। इसमें कॉफी मशीन, मग, चीनी, कॉफी पाउडर और दूसरी चीजों को एक जगह रखा जाता है। मगर इसके लिए अलग से महंगी ट्रॉली या कैबिनेट खरीदना जरूरी नहीं है। आप घर की किसी छोटी शेल्फ, किचन काउंटर के खाली हिस्से या स्टडी टेबल के एक कोने का इस्तेमाल कर सकती हैं।

इसे भी पढ़ें- फेस्टिव डेकोर में लाएं पुरानी यादों का रंग, थ्रोबैक थीम से सजाएं अपना आशियाना

ऊपर बताई गई बातों का ध्यान रखकर आप कम बजट में अपने कमरे के कॉर्नर को कैफे वाइब दे सकती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Herzindagi and main image (ai)


Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।