कौन हैं नागपुर की बेटी रूश सिंधू, जिन्होंने 12 साल बाद Miss International 2025 में लूटी लाइमलाइट?

दुनिया के सबसे खूबसूरत कंपटीशन में से एक Miss International 2025 का ग्रैंड फिनाले 27 नवंबर को जापान के टोक्यो में हुआ। इस बार 80 देशों की सुंदरियों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। आखिर में कोलंबिया की कैटालिना ड्यूक ने ताज अपने नाम किया, लेकिन भारत के लिए असली खुशी की वजह थीं नागपुर की बेटी रूश सिंधू, जिन्होंने इस मंच पर 12 साल बाद देश को फिर से टॉप 20 में जगह दिलाई।
भले ही वो ताज न जीत सकीं, लेकिन उन्होंने अपने सेल्फ कॉन्फिडेंस, खूबसूरती और पर्सनैलिटी से हर किसी का ध्यान खींच लिया। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें जमकर प्यार दे रहे थे। लंबे इंतजार के बाद किसी इंडियन का इस प्रतियोगिता में आगे बढ़ना भारत के लिए बहुत बड़ी बात थी। रूश ने एक बार फिर दिखा दिया कि मेहनत, तैयारी और धैर्य हो तो कोई भी दुनिया के सबसे मुश्किल मंच पर भी चमक सकता है।
रूश सिंधू ने कैसे रचा इतिहास?
इस बार मिस इंटरनेशनल में टॉप 20 कंटेस्टेंट्स ने स्विमसूट और इवनिंग गाउन राउंड में हिस्सा लिया। वहीं टॉप 10 ने पब्लिक स्पीकिंग राउंड में अपनी सोच (विचार) को रखा। रूश सिंधू भले ही टॉप 10 तक नहीं पहुंच सकीं, लेकिन टॉप 20 में जगह बनाकर उन्होंने 12 साल बाद भारत का नाम रोशन किया। उनकी एंट्री से ही फैन्स में एक उम्मीद जाग गई थी, क्योंकि रूश लंबे समय से इंडियन ब्यूटी पेजेंट सर्किट में अपनी मेहनत से चर्चा में रही हैं।
कौन हैं नागपुर की रूश सिंधू?
रूश सिंधू का जन्म 1999 में नागपुर में हुआ था। वो एक पंजाबी सिख परिवार से ताल्लुक रखती हैं। रूश बचपन से ही मॉडलिंग और फैशन में दिलचस्पी रखती थीं। उन्होंने जर्नलिज्म की डिग्री और INIFD से फैशन डिजाइन सर्टिफिकेशन कोर्स किया हुआ है। वहीं 2019 में न्यूयॉर्क फैशन वीक में स्टूडेंट डिजाइनर के रूप में उनका सेलेक्शन हुआ। आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर 62.1K फॉलोअर्स हैं।
मॉडलिंग की दुनिया में रूश का सफर बहुत जल्दी शुरू हो गया था। रूश सिर्फ 4 साल की उम्र में विज्ञापनों में काम करने लगी थीं। इसके अलावा उन्होंने 6 साल तक साइकोलॉजी की ट्रेनिंग ली और मेंटल हेल्थ और साइकोथेरपी में यूके सर्टिफिकेशन हासिल किया।
कैसी रही उनकी ब्यूटी पेजेंट जर्नी?
रूश का ब्यूटी पेजेंट सफर काफी दिलचस्प रहा है। 2015 में क्लीन एंड क्लियर मिस फ्रेश फेस का खिताब अपने नाम किया था। वहीं, 2024 में वो मिस यूनिवर्स गुजरात बनी थीं। इसके बाद उन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 में राज्य की तरफ से हिस्सा लिया था। इसके अलावा रूश ने मिस ब्यूटीफुल स्किन और बेस्ट पर्सनल इंटरव्यू जैसे टाइटल भी अपने नाम किए हैं।
इसके बाद 2025 में उन्होंने फिर से ऑडिशन दिया और मिस इंटरनेशनल इंडिया 2025 का ताज अपने नाम किया। इसी साल उन्होंने बेस्ट ड्रेसर, मिस फोटोजेनिक और मिस ग्लोइंग स्किन जैसे टाइटल भी जीते।
मिस इंटरनेशनल 2025 में रूश का लुक क्यों छा गया?
पेजेंट के दौरान रूश के कई लुक्स वायरल हुए। खासकर उनका पिंक और सिल्वर गाउन, जो डिज्नी प्रिंसेस जैसा लग रहा था। ऊपर की ओर पेटल स्टाइल डिजाइन, जो मोर के पंख जैसा एहसास देता है। वहीं फ्लेयर्स वाली स्कर्ट और फ्लोरल हेम उनके लुक में चार चांद लगा रही थी।
लुक को पूरा करने के लिए रूश ने डायमंड नेकलेस, मैचिंग ईयररिंग्स और वैवी हेयरस्टाइल फाॅलो किए थे। ग्लॉसी लिप्स और शिमरी आई मेकअप ने उन्हें और भी फ्रेश और खूबसूरत लुक दिया।
इसे भी पढ़ें: मेक्सिको की फातिमा बनीं मिस यूनिवर्स 2025, जानें टॉप 5 में भारत की मनिका कहां तक पहुंचीं
क्यों बनीं रूश सिंधू देश की नई उम्मीद?
हालांकि, मिस इंटरनेशनल का ताज वो नहीं जीत सकीं, लेकिन 12 साल बाद भारत को टॉप 20 में जगह मिलना अपने आप में बड़ा कदम है। रूश की मेहनत, आत्मविश्वास और विनम्रता ने उन्हें सिर्फ एक कंटेस्टेंट नहीं, बल्कि लाखों लड़कियों की प्रेरणा बना दिया है। उन्होंने दिखाया कि छोटे शहर से आने वाली लड़की भी इंटरनेशनल स्टेज पर खुद को साबित कर सकती है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Instagram
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।